Home समाचार कोरोना के खिलाफ जंग में एक अहम उपलब्धि, एक दिन में 43...

कोरोना के खिलाफ जंग में एक अहम उपलब्धि, एक दिन में 43 लाख से ज्यादा लोगों को लगी वैक्सीन

SHARE

कोरोना के खिलाफ लड़ाई में भारत ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में 43 लाख से अधिक लोगों को टीके की खुराक दी गई। यह टीकाकरण अभियान शुरू होने के बाद से अब तक के समय में सर्वाधिक है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे के अंदर भारत में कुल 43,00,966 लोगों को कोरोना टीका लगाया गया है।

इसके बाद अब देशभर में कोरोना टीका लेने वालों की संख्या बढ़कर 8 करोड़ 31 लाख 10 हजार 926 पर पहुंच गई है। पिछले 24 घंटे में जिन 43 लाख से ज्यादा लोगों को टीका दिया गया है उनमें से 39 लाख लोगों ने पहली खुराक ली है तो वहीं 4 लाख लोगों ने टीके की दूसरी खुराक लगवाई है। इसके साथ ही देश में कोविड 19 के परीक्षण की संख्या ने 25 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। पॉजिटिव मामलों की दर मामूली रूप से बढ़कर 5.07 प्रतिशत हो गई है।

पिछले 24 घंटों में 96,982 नए मामले दर्ज किए गए हैं। महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, दिल्ली, मध्य प्रदेश और गुजरात सहित आठ राज्यों में कोविड के दैनिक नए मामलों में वृद्धि दर्ज की गई है। इन 8 राज्यों से 80.04 प्रतिशत नए मामले सामने आए हैं। महाराष्ट्र में सबसे अधिक दैनिक नए मामले 47,288 दर्ज किए गए हैं। इसके बाद छत्तीसगढ़ में 7,302 और कर्नाटक में 5,279 नए मामले सामने आए हैं।

भारत में कुल सक्रिय मामले 7,88,223 तक पहुंच गए हैं। इन मामलों में अब देश में कुल पॉजिटिव मामलों का 6.21 प्रतिशत शामिल है। पिछले 24 घंटों में कुल सक्रिय मामलों में से 46,393 मामलों की कमी दर्ज की गई। देश के कुल सक्रिय मामलो में महाराष्ट्र का योगदान 57.42 प्रतिशत है। भारत की कुल ठीक होने वाले मामलों की संख्या 1,17,32,279 हो गई है। राष्ट्रीय रिकवरी दर 92.48 प्रतिशत है।

पिछले 24 घंटों में 446 मौतें हुई हैं। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 155 लोगों की मौत हुई है। पंजाब में 72 मौतें दर्ज की गई हैं। पिछले 24 घंटों में तेरह राज्यों से कोई भी मौत की सूचना नहीं मिली है। इनमें ओडिशा, असम, पुदुचेरी, लद्दाख (केन्द्र शासित प्रदेश), दमन और दीव तथा दादरा और नागर हवेली, नागालैंड, मेघालय, मणिपुर, त्रिपुरा, लक्षद्वीप, मिजोरम, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और अरुणाचल प्रदेश शामिल हैं।

Leave a Reply