डिप्लोमेसी सिर्फ बंद कमरों की फाइलों और लंबी बैठकों तक सीमित नहीं होती। कभी-कभी यह कार की पिछली सीट पर भी रची जाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते कुछ वर्षों में अपनी इसी ‘कार डिप्लोमेसी’ के जरिए दुनिया को भारत के मजबूत रिश्तों की एक नई तस्वीर दिखाई है। खास बात यह है कि ये तस्वीरें न तो किसी भव्य मीटिंग हॉल की हैं और न ही औपचारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। ये तस्वीरें हैं — कार के भीतर, अनौपचारिक माहौल में, भरोसे की बातचीत की।
मोदी-मेलोनी की खास कार राइड ने फिर बटोरी सुर्खियां
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की हालिया मुलाकात एक बार फिर चर्चा में है। दोनों नेताओं की साथ की गई खास कार राइड ने सोशल मीडिया से लेकर अंतरराष्ट्रीय मीडिया तक खूब सुर्खियां बटोरीं। इस मुलाकात को भारत–इटली रिश्तों की बढ़ती नजदीकी, मजबूत व्यक्तिगत केमिस्ट्री और रणनीतिक साझेदारी का प्रतीक माना जा रहा है।

मोदी–नेतन्याहू की कार यात्रा ने बढ़ाया कूटनीतिक संदेश
25 फरवरी को इजराइली संसद नेसेट (Knesset) को संबोधित करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू एक ही कार में साथ बैठे और एक्जिबिशन सेंटर की ओर रवाना हुए। यह संक्षिप्त यात्रा भारत–इजराइल के बीच गहराते रणनीतिक संबंधों और दोनों नेताओं के बीच मजबूत व्यक्तिगत तालमेल का प्रतीक मानी गई।

मुंबई में साथ दिखे मोदी–मैक्रों
17 फरवरी 2026 को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की भारत यात्रा के दौरान मुंबई में प्रधानमंत्री मोदी और मैक्रों एक ही कार में साथ नजर आए। मुंबई के लोक भवन में बातचीत के बाद राष्ट्रपति मैक्रों और प्रधानमंत्री मोदी भारत-फ्रांस इनोवेशन फोरम के साथ अन्य कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए एक ही कार से रवाना हुए। दोनों नेताओं की यह खास तस्वीरें दुनियाभर में चर्चा का विषय बनीं। इस मुलाकात को भारत-फ्रांस की मजबूत रणनीतिक साझेदारी, आपसी भरोसे और बढ़ती वैश्विक दोस्ती के प्रतीक के तौर पर देखा गया।

यूएई राष्ट्रपति के साथ प्रोटोकॉल ब्रेक
19 जनवरी 2026 को जब यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान (MBZ) भारत पहुंचे, तो प्रधानमंत्री मोदी ने प्रोटोकॉल तोड़ते हुए खुद एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेता एक ही कार में बैठकर एयरपोर्ट से रवाना हुए। इन पलों की तस्वीरें खुद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर साझा कीं। तस्वीरें वायरल हुईं क्योंकि यह सिर्फ एक औपचारिक मुलाकात नहीं, बल्कि भारत-यूएई के बीच रणनीतिक और व्यक्तिगत भरोसे का प्रतीक बन गईं।

व्लादिमीर पुतिन: Aurus से Fortuner तक
प्रधानमंत्री मोदी की कार डिप्लोमेसी सबसे पहले वैश्विक चर्चा में तब आई, जब सितंबर 2025 में चीन में हुए SCO समिट के दौरान वह रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ एक ही कार में नजर आए। दोनों नेता रूस की लग्जरी कार Aurus में साथ बैठे बातचीत करते दिखे। ये तस्वीरें इतनी वायरल हुईं कि अमेरिका तक में इसका जिक्र हुआ।

इसके बाद दिसंबर 2025 में पुतिन के भारत दौरे के दौरान भी दोनों नेता Toyota Fortuner में साथ बैठकर प्रधानमंत्री आवास तक गए। यह दृश्य भी कूटनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना।

जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज: नई केमिस्ट्री
12 जनवरी 2026 को जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के साथ भी पीएम मोदी की कार सवारी की तस्वीर सामने आई। दोनों नेता एक ही गाड़ी में बैठे दिखाई दिए। बताया गया कि इस दौरान पीएम मोदी ने कार में ही भारतीय संस्कृति और भारत-जर्मनी सहयोग पर विस्तार से चर्चा की। इसे डिप्लोमेसी में ‘पर्सनल टच’ का नया उदाहरण माना गया।

जॉर्डन और इथियोपिया: जब नेताओं ने खुद संभाली स्टीयरिंग
प्रधानमंत्री मोदी की कार डिप्लोमेसी यूरोप या रूस तक सीमित नहीं रही। जॉर्डन में क्राउन प्रिंस अल-हुसैन बिन अब्दुल्ला द्वितीय ने खुद कार चलाकर पीएम मोदी को जॉर्डन म्यूजियम तक पहुंचाया। दोनों नेताओं की यह तस्वीर व्यक्तिगत मैत्री और आपसी भरोसे का प्रतीक बनी।


इथियोपिया में भी ऐसा ही दृश्य देखने को मिला, जब नोबेल पुरस्कार विजेता प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने प्रोटोकॉल से हटकर खुद कार ड्राइव की और पीएम मोदी को होटल तक ले गए। यह पल भी सोशल मीडिया पर खूब साझा किया गया।


ब्रिटेन के पीएम कीर स्टार्मर: अनौपचारिक बातचीत
इसके बाद ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के साथ भी पीएम मोदी की कार में बैठी तस्वीरें सामने आईं। अनौपचारिक माहौल में हुई यह बातचीत ब्रेक्ज़िट के बाद भारत-यूके संबंधों के बदलते समीकरणों की झलक देती है।

ओबामा खुद पीएम मोदी को लेकर निकले The Beast में
30 सितंबर 2014 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली अमेरिका यात्रा के दौरान एक ऐसा पल आया जिसने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने प्रोटोकॉल तोड़कर पीएम मोदी को अपनी लिमोजीन “The Beast” में बैठाया और मार्टिन लूथर किंग जूनियर मेमोरियल तक साथ लेकर गए। करीब 10–12 मिनट की यह खास ड्राइव भारत-अमेरिका रिश्तों में नई शुरुआत का प्रतीक मानी गई।

कार डिप्लोमेसी सिर्फ साथ बैठने की तस्वीर नहीं है। यह संदेश है कि दो देशों के नेताओं के बीच इतना भरोसा है कि वे बिना किसी औपचारिक तामझाम के एक-दूसरे के साथ सहज हैं। प्रधानमंत्री मोदी की ये तस्वीरें बताती हैं कि आज भारत सिर्फ एक रणनीतिक साझेदार नहीं, बल्कि दुनिया के कई देशों के लिए भरोसेमंद दोस्त बन चुका है।









