Home चुनावी हलचल TOP-10: पश्चिम बंगाल में पीएम मोदी के विजन से बीजेपी को ऐसे...

TOP-10: पश्चिम बंगाल में पीएम मोदी के विजन से बीजेपी को ऐसे मिली ऐतिहासिक जीत

SHARE

पश्चिम बंगाल की जनता ने ममता बनर्जी के भय के राज को दुत्कार करके बीजेपी के भरोसे को ऐतिहासिक जीत दिला दी। यह चुनाव परिणाम केवल एक राजनीतिक जीत नहीं, बल्कि अस्मिता, अधिकार और विश्वास का अभूतपूर्व संगम है। भाजपा की इस बंपर सफलता का आधार वह रणनीतिक ध्रुवीकरण और सत्ता विरोधी लहर बनी, जिसने राज्य के पारंपरिक राजनीतिक ढांचे को ध्वस्त कर दिया। एक ओर जनता-जनार्दन ने पीएम मोदी की सुशासन की गारंटी पर जीत की मुहर लगाई, वहीं संदेशखाली जैसी घटनाओं ने ममता बनर्जी के महिला सुरक्षा के दुर्ग में सेंध लगा दी। ममता राज के भ्रष्टाचार और ‘सिंडिकेट राज’ के खिलाफ पनपे आक्रोश ने लोगों को बीजेपी के पाले में खड़ा कर दिया। मतुआ और राजबंशी जैसे समुदायों की सांस्कृतिक आकांक्षाओं को सीएए के माध्यम से पहचान देना और ‘जय श्री राम’ के नारे को तुष्टीकरण के विरुद्ध प्रतिरोध का प्रतीक बनाना, पार्टी के लिए मास्टरस्ट्रोक साबित हुआ। यह जीत दर्शाती है कि बंगाल का मतदाता अब केवल ‘आंदोलन की राजनीति’ से संतुष्ट नहीं है, बल्कि वह सुशासन और विकास के साथ-साथ एक ऐसी व्यवस्था चाहता है जहां कानून का शासन सर्वोपरि हो।बीजेपी के ‘भरोसा पत्र’ के जबरदस्त वादों ने पलटी बाजी
दरअसल, विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी का ‘भरोसा पत्र’ केवल वादों का दस्तावेजनहीं, बल्कि एक वैकल्पिक आर्थिक मॉडल का ब्लूप्रिंट बनकर उभरा। 3,000 रुपये की मासिक महिला सहायता और 7वें वेतन आयोग जैसे वादों ने सीधे तौर पर उन वर्गों को छुआ, जो वर्षों से आर्थिक ठहराव महसूस कर रहे थे। ‘मोदी की गारंटी’ ने जहां गरीब तबके को आयुष्मान भारत और पक्के घर जैसी योजनाओं से जोड़ा, वहीं समान नागरिक संहिता (UCC) और घुसपैठ पर कड़े रुख ने एक बड़े वर्ग को सुरक्षा का अहसास कराया। युवाओं के लिए बेरोजगारी भत्ता और किसानों के लिए धान का बढ़ा हुआ समर्थन मूल्य (MSP) दरअसल बंगाल के उस ‘सोनार बांग्ला’ के सपने को पुनर्जीवित करने की कोशिश थी, जो दशकों के औद्योगिक सूखे के बाद धुंधला गया था। यह जीत बंगाल की ‘माटी’ के उस संकल्प की है, जिसने विकास की मुख्यधारा में शामिल होने के लिए एक वैचारिक क्रांति का मार्ग चुना है।आइए, जानते हैं कि पश्चिम बंगाल की जनता-जनार्दन ने डेढ़ दशक से राज कर रही तृणमूल कांग्रेस को क्यों नकारा और बीजेपी को आजादी के बाद पहली बार प्रचंड बहुमत से सत्ता क्यों सोंपी…

1.ममता बनर्जी के कुशासन के खिलाफ तीव्र सत्ता विरोधी लहर
तृणमूल कांग्रेस के लगातार 15 वर्षों के शासन के बाद, जनता के भीतर असंतोष चरम पर था। लंबे समय तक एक ही दल के सत्ता में उत्पन्न भ्रष्टाचार, कटमनी और प्रशासनिक अक्षमता ने लोगों को बदलाव के लिए प्रेरित किया। आम नागरिक बुनियादी सुविधाओं, सड़क, बिजली और पानी के मुद्दों पर सरकार की घेराबंदी कर रहे थे। ममता बनर्जी के ‘मां, माटी, मानुष’ के नारा एकदम खोखला हो गया तो और जनता ने ‘परिवर्तन’ के विकल्प के रूप में भाजपा को एक मजबूत और सक्षम विकल्प माना।

2. ममता राज में संस्थागत भ्रष्टाचार और घोटाले
ममता राज में शिक्षक भर्ती घोटाला, राशन वितरण घोटाला और मवेशी तस्करी जैसे मामलों ने टीएमसी की छवि को गहरा आघात पहुंचाया। पूर्व मंत्रियों के करीबियों के घर से नकदी के अंबार मिलने के दृश्यों ने मध्यम वर्ग और बेरोजगार युवाओं के बीच भारी नाराजगी पैदा की। दरअसल, ये घोटाले तृणमूल कांग्रेस सरकार की पहचान बन गए। जिससे यह संदेश गया कि जनता का पैसा लूटा जा रहा है। ईमानदारी और पारदर्शी शासन का भाजपा का वादा इस माहौल में बेहद असरदार साबित हुआ।

3. स्थानीय स्तर पर ‘सिंडिकेट राज’ और महिला हिंसा
बंगाल की राजनीति में ‘सिंडिकेट राज’ और जबरन वसूली एक गंभीर समस्या बन गई थी। स्थानीय टीएमसी नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा आम लोगों और व्यापारियों को परेशान करने की खबरों ने भय का माहौल बना दिया था। संदेशखाली जैसी घटनाओं ने, जहाँ स्थानीय दबंगों पर महिलाओं के उत्पीड़न के आरोप लगे, आग में घी का काम किया। पीएम मोदी ने अपने भाषणों में कानून-व्यवस्था की बहाली और राजनीतिक हिंसा को समाप्त करने का जो भरोसा दिलाया, उसने डरे हुए मतदाताओं को साहस दिया।

4. जयश्रीराम नारा और हिंदू मतों का अभूतपूर्व ध्रुवीकरण
भाजपा ने ‘तुष्टीकरण की राजनीति’ के नैरेटिव को बहुत प्रभावी ढंग से पेश किया। दुर्गा पूजा विसर्जन पर पाबंदी और इमामों को भत्ते जैसे मुद्दों को उठाकर भाजपा ने बहुसंख्यक समाज के भीतर इस भावना को जोरदार आवाज दी कि उनके अधिकारों की अनदेखी की जा रही है। बीजेपी उनके अधिकारों की रक्षा करेगी। ‘जय श्री राम’ का नारा एक धार्मिक आह्वान के साथ-साथ टीएमसी के खिलाफ एक राजनीतिक प्रतिरोध का प्रतीक बन गया। इससे बिखरा हुआ हिंदू वोट बैंक एकमुश्त भाजपा के पक्ष में लामबंद हो गया।

5. केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाएं और मोदी की गारंटी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने प्रचार सभाओं में जनता को दिलों में यह बात बैठाने में कामयाब रहे कि ममता सरकार जानबूझकर केंद्र की योजनाओं को रोक रही है और लोगों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। बीजेपी सत्ता में आने पर हर योजना लागू करेगी। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और आयुष्मान भारत (जिसे राज्य में अलग नाम से चलाया गया) जैसी योजनाओं के लाभार्थियों ने भाजपा के पक्ष में मौन मतदान किया। ग्रामीण इलाकों में, जहाँ टीएमसी के नेताओं पर इन योजनाओं के पैसे डकारने के आरोप लगे, वहां लोगों ने सीधे केंद्र से मिलने वाली सहायता पर भरोसा जताया। ‘मोदी की गारंटी’ को बंगाल के गरीब तबके ने अपनी आर्थिक सुरक्षा और विकास के ठोस वादे के रूप में स्वीकार किया।

6. मुस्लिम वोटों के बिखराव ने राह और आसान बनाई
पिछले चुनावों के विपरीत, इस बार टीएमसी का मुस्लिम वोट बैंक पूरी तरह एकजुट नहीं रहा। वामपंथी दलों, कांग्रेस और इंडियन सेकुलर फ्रंट (ISF), ओवैसी और हुमायूं कबीर आदि ने मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में टीएमसी के वोटों में बड़ी सेंध लगाई। वोटों के इस बिखराव ने भाजपा के लिए राह आसान कर दी। जब मुस्लिम वोट कई हिस्सों में बंटे, तो भाजपा का संगठित हिंदू वोट बैंक जीत के जादुई आंकड़े तक पहुँचने में निर्णायक साबित हुआ।

7. मतुआ और राजबंशी समुदायों का भरपूर साथ मिला
सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले मतुआ और राजबंशी जैसे समुदायों ने भाजपा को निर्णायक बढ़त दिलाई। नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) के लागू होने से इन शरणार्थी समुदायों को स्थायी नागरिकता और सम्मान की उम्मीद जगी। भाजपा ने उनकी पहचान और अधिकारों की रक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इन समुदायों ने सामूहिक रूप से भाजपा के पक्ष में मतदान किया, जिससे दक्षिण और उत्तर बंगाल की कई महत्वपूर्ण सीटों पर टीएमसी का सफाया हो गया।

8. नारीशक्ति और युवा शक्ति का पीएम मोदी को समर्थन
ममता बनर्जी का सबसे मजबूत आधार ‘महिलाएं’ रही हैं, लेकिन इस बार उनकी निष्ठा में दरार देखी गई। नारीशक्ति और युवा शक्ति एक साथ पीएम मोदी के समर्थन में आ गए। दरअसल, संदेशखाली कांड के बाद राज्य की महिलाओं के भीतर सुरक्षा को लेकर गहरी असुरक्षा की भावना पैदा हुई। भाजपा ने इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया और महिलाओं के सम्मान को चुनावी मुद्दा बनाया। प्रधानमंत्री मोदी की महिला-केंद्रित योजनाओं और महिला सुरक्षा के वादे ने उन महिला मतदाताओं को अपनी ओर खींचा जो टीएमसी के स्थानीय गुंडों से त्रस्त थीं।

9. केंद्रीय स्टार प्रचारक और स्थानीय चेहरों को तालमेल
बीजेपी ने इस बार केंद्रीय चेहरों को चुनाव मैदान में उतारने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर सुवेंदु अधिकारी और दिलीप घोष जैसे जमीनी नेताओं को भी आगे रखा। सुवेंदु अधिकारी, जो कभी ममता के सेनापति थे, ने टीएमसी की आंतरिक कार्यप्रणाली और बूथ प्रबंधन की कमियों का फायदा उठाया। भाजपा का सांगठनिक ढांचा (बूथ स्तर तक) इस बार टीएमसी के ‘कैडर राज’ का मुकाबला करने में सक्षम था, जिससे मतदान के दिन समर्थकों को सुरक्षित बूथ तक पहुँचाया जा सका।

10. ‘सोनार बांग्ला’ के साथ आर्थिक विकास का वादा
पश्चिम बंगाल में उद्योगों की कमी और बड़े पैमाने पर हो रहे पलायन ने युवाओं को हताश कर दिया था। भाजपा ने ‘सोनार बांग्ला’ (स्वर्ण बंगाल) का दृष्टिकोण प्रस्तुत किया, जिसमें आईटी हब, नए कारखाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन का खाका था। युवाओं को लगा कि केवल भाजपा की ‘डबल इंजन सरकार’ (केंद्र और राज्य में एक ही दल) ही बंगाल को औद्योगिक पिछड़ापन से निकालकर आधुनिक विकास की राह पर ले जा सकती है।

 

Leave a Reply