प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 12 मार्च को अहमदाबाद के साबरमती आश्रम से फ्रीडम मार्च पदयात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे और आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रमों का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी यहां आजादी के अमृत महोत्सव से संबंधित कई सांस्कृतिक और डिजिटल कार्यक्रमों का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री साबरमती आश्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे। इस अवसर पर गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, केंद्रीय राज्यमंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी उपस्थित रहेंगे।
आजादी का अमृत महोत्सव भारत के स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ मनाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से आयोजित कार्यक्रमों की एक श्रृंखला है। यह महोत्सव जन भागीदारी की भावना के साथ जन उत्सव के रूप में मनाया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी 12 मार्च को साबरमती आश्रम से दांडी तक जाने वाले 81 पदयात्रियों को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। 241 मील की यह यात्रा 25 दिन में 5 अप्रैल को समाप्त होगी। केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल 75 किलोमीटर की पदयात्रा के पहले चरण का नेतृत्व करेंगे।
इसके साथ ही India@75 विषय पर कई कार्यक्रमों का उद्घाटन होगा। इनमें फिल्म, वेबसाइट, गायन, आत्मनिर्भर चरखा और आत्मनिर्भर इन्क्यूबेटर शामिल हैं। इन कार्यक्रमों के साथ-साथ देश की अदम्य भावना के उत्सव दिखाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इनमें संगीत, नृत्य, प्रवचन, प्रस्तावना पठन शामिल हैं। युवाशक्ति को भारत के भविष्य के रूप में दिखाते हुए गायकों में 75 स्वर के साथ-साथ 75 नर्तक होंगे।
पर्यटन राज्यमंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने गुरुवार, 11 मार्च को कहा कि महात्मा गांधी ने 81 व्यक्तियों के साथ 12 मार्च से 6 अप्रैल, 1930 तक प्रसिद्ध दांडी पदयात्रा की थी। प्रधानमंत्री पदयात्रा को अहमदाबाद के साबरमती आश्रम से नवसारी में दांडी के लिए झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त, 2022 तक आने वाले 75 सप्ताहों के दौरान साप्ताहिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सप्ताह एक कार्यक्रम होगा। महोत्सव में सभी नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लोगों की रुचि के मुताबिक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और संस्कृति मंत्रालय सहायता करेगा।
Hon’ble Union MoS (IC) Ministry of Culture and Tourism Shri @prahladspatel briefed the press about Azadi ka #AmritMahotsav and discussed the modalities relating to the celebration which start from march 12th 2021. pic.twitter.com/9wvoMEnWmy
— Ministry of Culture (@MinOfCultureGoI) March 11, 2021