Home चुनावी हलचल तीसरे कार्यकाल में देश बड़े फैसलों का एक नया अध्याय लिखेगा- प्रधानमंत्री...

तीसरे कार्यकाल में देश बड़े फैसलों का एक नया अध्याय लिखेगा- प्रधानमंत्री मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि तीसरे कार्यकाल में देश बड़े फैसलों का एक नया अध्याय लिखेगा। लोकसभा चुनाव 2024 में एनडीए को मिली जीत के बाद 4 जून को दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ’10 साल के बाद, लगातार तीसरी बार जनता जनार्दन का प्यार हमारा हौसला बढ़ाता है। हमारे संकल्प को नई मजबूती देता है। हमारे विरोधी एकजुट होकर भी उतनी सीटें नहीं जीत पाए, जितनी इस लोकसभा चुनाव में अकेले बीजेपी ने जीती है। मैं देशवासियों को दुबारा दुहराना चाहता हूं। आप 10 घंटे काम करेंगे तो मोदी 18 घंटे काम करेगा। आप दो कदम चलेंगे तो मोदी चार कदम चलेगा। हम भारतीय मिलकर चलेंगे, देश को आगे बढ़ाएंगे। तीसरे कार्यकाल में देश बड़े फैसलों का एक नया अध्याय लिखेगा और ये मोदी की गारंटी है।’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ‘आज की ये विजय दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की जीत है। ये भारत के संविधान पर अटूट निष्ठा की जीत है। ये विकसित भारत के प्रण की जीत है। ये सबका साथ- सबका विकास के मंत्र की जीत है। ये 140 करोड़ भारतीयों की जीत है। 1962 के बाद पहली बार कोई सरकार अपने दो कार्यकाल पूरे करने के बाद तीसरी बार वापस आई है। राज्यों में जहां भी विधानसभा के चुनाव हुए, वहां पर एनडीए को भव्य विजय मिली है, चाहे वो अरुणाचल प्रदेश हो, आंध्र प्रदेश हो, ओडिशा हो या फिर सिक्किम। इन राज्यों में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। बीजेपी ओडिशा में सरकार बनाने जा रही है और लोकसभा चुनाव में भी उसने वहां बेहतरीन प्रदर्शन किया है। बीजेपी ने केरल में भी सीट जीती है। तेलंगाना में हमारी संख्या दो गुनी हुई है। मध्य प्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल जैसे कई राज्यों में हमारी पार्टी ने लगभग क्लीन स्वीप किया है।’

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ’10 वर्ष पहले देश ने बदलाव के लिए जनादेश दिया था। हम सभी ने पूरी ईमानदारी से प्रयास किया, काम किया। 2019 में इसी प्रयास पर विश्वास व्यक्त करते हुए देश ने दोबारा प्रचंड जनादेश दिया। इसके बाद एनडीए का दूसरा कार्यकाल विकास और विरासत की गारंटी बन गया। 2024 में इसी गारंटी के साथ हम जन-जन का आशीर्वाद लेने देश के कोने-कोने में गए। आज तीसरी बार जो आशीर्वाद एनडीए को मिला है, मैं इसके लिए जनता-जनार्दन के सामने विनय भाव से नतमस्तक हूं।’

प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘पिछले 10 साल में देश ने बहुत बड़े फैसले लिए हैं। हमने दुनिया की सबसे बड़ी जन कल्याणकारी योजनाएं चलाईं। आजादी के 70 साल बाद 12 करोड़ लोगों को नल से जल मिला। आजादी के 70 साल बाद 4 करोड़ गरीबों को पक्के घर मिले। देश के 80 करोड़ जरूरतमंदों को मुफ्त राशन की सुविधा मिली। करोड़ों गरीबों को 5 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिली। राष्ट्र प्रथम की इसी भावना की वजह से जम्मू कश्मीर से 370 हटी। जीएसटी और आईबीसी जैसे रीफॉर्म हुए। हमने राष्ट्रहित को हमेशा सबसे आगे रखा। कोरोना का इतना बड़ा संकट आया। हमने वही फैसला लिया, जो देशहित में था, जनहित में था। हमने हर दबाव से अलग हटकर कदम उठाया। और इसी का नतीजा है- आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से विकसित होती बड़ी इकॉनॉमी है। राष्ट्र प्रथम की यही भावना भारत को आत्मनिर्भर बनाएगी।’

उन्होंने कहा कि ‘एनडीए सरकार की प्रतिबद्धता हमेशा ही समाज के हर क्षेत्र और हर वर्ग के विकास की रही है। बीते 10 वर्षों में हमने 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है। इसमें एक बड़ी संख्या एससी-एसटी- ओबीसी की है। हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक गरीबी देश के अतीत का हिस्सा ना हो जाए। वूमन लेड डेवलपमेंट, हमारी सरकार के गवर्नेंस मॉडल के केंद्र में रहा है। स्पोर्ट्स से स्पेस और एंटरप्रेन्योरशिप तक हम हर क्षेत्र में माताओं-बहनों-बेटियों को नए अवसर देने के लिए काम करेंगे। बीते 10 वर्षों में हमने मेडिकल कॉलेज की संख्या दोगुनी की है। एम्स की संख्या तीन गुनी की है। स्वरोजगार और स्टार्टअप में ऐतिहासिक बढ़ोतरी हुई है। हमने भारत को दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल मैनुफैक्चरर बनाया है। अब इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर और ऐसे नए सेक्टर्स में और तेजी से काम किया जाएगा। हमने देश के डिफेंस प्रोडक्शन और एक्सपोर्ट को बढ़ाने के प्रयास किए हैं। हम अपने युवाओं को शिक्षा, रोजगार-स्वरोजगार हर क्षेत्र में सशक्त करते रहेंगे। किसानों के लिए बीज से बाजार तक आधुनिक नीतियों को बनाने का काम और प्राथमिकता पर होगा। दलहन से लेकर खाद्य तेल तक, हम हमारे किसानों को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम करते रहेंगे।’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ’21वीं सदी के भारत को आगे बढ़ना है तो उसे करप्शन पर भी लगातार तेज प्रहार करना ही होगा। डिजिटल इंडिया और टेक्नोलॉजी ने करप्शन के अनेक रास्ते बंद किए हैं। लेकिन ये भी सच है कि करप्शन के खिलाफ लड़ाई, दिनोंदिन कठिन हो रही है। राजनीतिक स्वार्थ के लिए जब करप्शन का महिमामंडन शुरु हो जाए, और इसमें निर्लज्जता की सारी हदें पार हो जाएं, तब करप्शन को बहुत ताकत मिल जाती है। इसलिए, तीसरे कार्यकाल में एनडीए सरकार का बहुत ज्यादा जोर, हर तरह के करप्शन को जड़ से उखाड़ फेंकने का होगा।’

Leave a Reply