Home समाचार सिद्धा’रुपैया’ सरकार ने कर्नाटक को कर्ज में डुबोया: प्रधानमंत्री मोदी

सिद्धा’रुपैया’ सरकार ने कर्नाटक को कर्ज में डुबोया: प्रधानमंत्री मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को कर्नाटक के कलबुर्गी, बेल्लारी और बेंगलुरु में तीन जनसभाओं को संबोधित किया। जनसभाओं में प्रधानमंत्री को सुनने के लिए भारी भीड़ उमड़ी थी। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बाद देश की जनता में देशव्यापी विकल्प के रूप में भाजपा के प्रति नई आस्था, उमंग और विश्वास पैदा हुआ है। यह चुनाव कर्नाटक के नौजवानों का भविष्य बदलने और किसानों का भाग्य बदलने के लिए हैं। पीएम मोदी ने कहा कि कर्नाटक में सिद्धारमैया की नहीं बल्कि सिद्धा’रुपैया’ की सरकार है। इस सरकार ने कर्नाटक को कर्ज में डुबो दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता इस सिद्धा’रुपैया’ सरकार से पाई-पाई का हिसाब मांग रही है। कांग्रेस सरकार के एक मंत्री पर खनन घोटाले का आरोप लगा, इस वजह से उन्हें इस्तीफा देना पड़ा, जेल जाना पड़ा, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें टिकट दिया है। कांग्रेस सरकार ने कर्नाटक में अवैध खनन रोकने की उम्मीदों को चूर-चूर कर दिया है। श्री मोदी ने कहा कि कर्नाटक में जो भी पैसा खर्च हो रहा है, उसका प्रभाव जमीन पर नजर नहीं आता है। राज्य सरकार ने जो खर्च किया है, उसका ज्यादा से ज्यादा फायदा बिचौलियों, दलालों, ठेकेदारों को मिल रहा है।

देशभर से हो रही है कांग्रेस की छुट्टी
प्रधानमंत्री ने जनसभाओं में उमड़ी भीड़ को देखकर कहा कि सरकार को बदलने का ऐसा संकल्प आमतौर पर दिखाई नहीं देता है। कर्नाटक की जनता का संकल्प है कि 5 साल तबाह हो गए, अब एक पल भी कर्नाटक को बर्बाद नहीं होने देना है। उन्होंने कहा कि पिछले 4 वर्षों में देश के हर कोने में कांग्रेस पार्टी को पराजय का मुंह देखना पड़ रहा है, हर जगह से कांग्रेस की छुट्टी हो रही है। उन्होंने कहा की आजादी के बाद पहली बाद देश की जनता को देशव्यापी विकल्प के रूप में भाजपा के प्रति नई आस्था, उमंग और विश्वास पैदा हुआ है। यह चुनाव कर्नाटक के नौजवानों का भविष्य बदलने और किसानों का भाग्य बदलने के लिए हैं। 12 मई को कर्नाटक के उज्ज्वल भविष्य के लिए कमल के निशान का बटन दाबाइए। राज्य में भाजपा की सरकार बनने पर केंद्र सरकार कर्नाटक के विकास के लिए कंधे से कंधा मिलाकर चलेगी।

कांग्रेस ने शहीदों का अपमान किया
श्री मोदी ने कलबुर्गी में गोरोटा गांव के शहीदों को याद करते हुए कहा कि सरदार पटेल की वजह से यह क्षेत्र लोकतांत्रिक भारत का हिस्सा बना। उन्होंने गोरोटा गांव में शहीद स्मारक का निर्माण करने के लिए स्थानीय भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को बधाई दी। श्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने कभी भी सरदार पटले का सम्मान किया। कांग्रेस पार्टी शहीदों और देशभक्तों को नीचा दिखाने, उनके योगदान को भुला देने में विश्वास रखती है। प्रधानमंत्री ने सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र करते हुए कहा कि जब देश के वीर जवानों ने यह कारनाम कर दिखाया तो कांग्रेस पार्टी ने इसके भी सुबूत मांगे और सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल खड़े किए, क्या सेना के जवान बंदूक की जगह कैमरा लेकर वहां जाते। श्री मोदी ने कर्नाटक की धरती के जनरल थिमैया और फील्ड मार्शल को याद करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकारों ने इन महान सेनानायकों को भी अपमानित किया। 1948 में पाक से युद्ध जिताने वाले जनरल थिमैया को तत्कालीन पीएम पंडित नेहरू और रक्षा मंत्री कृष्णा मेनन की वजह से इस्तीफा देने पर मजबूर होना पड़ा था। सर्जिकल स्ट्राइक के बाद देश के वर्तमान सेनानायक को भी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने गुंडा कहा था। कांग्रेस ने उस नेता पर कोई कार्रवाई नहीं की।

झूठे वादे करने में माहिर है कांग्रेस
श्री मोदी ने कहा कि जब श्रीमती सोनिया गांधी ने चुनाव लड़ा था तो उन्होंने बेल्लारी को 3 हजार करोड़ का पैकेज देने की बात कही थी, लेकिन चुनाव जीतने के बाद अपना वादा भूल गईं। भाजपा को जब कर्नाटक में सरकार बनाने का अवसर मिला था तो बेल्लारी में 2 हजार करोड़ का पैकेज लागू किया गया था और उसी समय यहां सबसे अधिक विकास की योजनाओं पर काम शुरू हुआ था।

कांग्रेस ने किया दलितों का अपमान
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी वोटबैंक की राजनीति करने वाली पार्टी है। कांग्रेस सिर्फ दलितों, आदिवासियों, ओबीसी का उपयोग करना जानती है। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने दलित समुदाय के मल्लिकार्जुन खड़गे को सीएम बनाने का वादा कर वोट मांगे थे, लेकिन चुनाव के बाद उन्हें भूल गई। श्री मोदी ने कहा कि अटल जी की सरकार के वक्त जब पर्याप्त वोट थे, देश के बेटे ए पी जे अब्दुल कलाम को राष्ट्रपति बनाया गया था, वहीं इस बार जब मौका मिला तो दलित के बेटे को राष्ट्रपति बनाया गया है।

भाजपा सरकार आने पर मिलेगा किसानों को हक
कलबुर्गी की जनसभा में प्रधानमंत्री मोदी ने तूर दाल की पैदावार करने वाले किसानों के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में जितनी तूर दाल का उत्पादन होता है, उसकी आधी यहीं पैदा होती है, कलबुर्गी को तूर ताल का खलिहान कहा जाता है। इस वर्ष भी यहां रिकॉर्ड तूर दाल पैदा हुई है और निश्चित तौर पर यहां के किसानों ने केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ उठाया है। श्री मोदी ने बताया कि केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के लक्ष्यों को उत्पादन के साथ जोड़ा है और उसके नतीजे भी मिल रहे हैं। ज्यादा से ज्यादा किसान दाल का उत्पादन करें, उन्हें दाल के सही दाम मिलें, खरीद केंद्रों की स्थापना हो, इस पर भारत सरकार लगातार ध्यान दे रही है। केंद्र सरकार दाल उत्पादन पर रोड मैप बनाकर आगे बढ़ रही है। कलबुर्गी के किसानों को दाल का एमएसपी नहीं मिलने की बात करते हुए उन्होंने कहा कि कर्नाटक में भाजपा की सरकार आने पर किसानों को उनका पूरा हक दिलाया जाएगा।

सिंचाई की बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने देशभर में करीब 100 ऐसी सिंचाई परियोजनाएं खोज निकाली हैं, जो दो-तीन दशकों से लटकी पड़ी थीं। इन परियोजनाओं पर काम चल रहा है, इनमें कर्नाटक की भी 5 परियोजनाएं हैं। कर्नाटक में 4,000 करोड़ की इन परियोजनाओं में से एक पूरी हो चुकी है और चार जल्द पूरी होने वाली हैं। इन सिंचाई परियोजनाओं से कर्नाटक के बड़े हिस्से को लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के बारे में बताते हुए श्री मोदी ने कहा कि कर्नाटक में 14 लाख किसानों को इस योजना का लाभ मिला है, राज्य में भाजपा की सरकार बनने पर किसानों को इसका भरपूर लाभ दिया जाएगा।

खनन की आय का एक हिस्सा आदिवासी कल्याण पर खर्च होगा
श्री मोदी ने बताया कि केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री खनिज कल्याण योजना के तहत यह तय किया है कि खनन से जो आय होगी उसका एक हिस्सा वहीं के आदिवासियों के विकास पर खर्च करना होगा। केंद्र के इस नए कानून से कर्नाटक सरकार को 900 करोड़ रुपये मिले हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार उज्ज्वला योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब परिवारों की महिलाओं की सुविधा के लिए मुफ्त गैस कनेक्शन दे रही है। केंद्र सरकार ने 8 करोड़ परिवारों तक मुफ्त गैस कनेक्शन का संकल्प लिया है और लगभग सवा तीन करोड़ परिवारों को गैस कनेक्शन दिया जा चुका है।

एससी-एसटी कानून को मजबूत किया
पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने एससी-एसटी कानून को मजबूत बनाया है। सरकार एससी-एसटी के लोगों को न्याय दिलाने के लिए देशभर में डेडीकेटेड कोर्ट बनाने की दिशा में काम कर रही है। केंद्र सरकार आदिवासियों के कल्याण का काम कर रही है। देश के आदिवासियों ने आजादी की जंग में बड़ा योगदान दिया। 1857 से 1947 तक जिन अदिवासियों ने देश के लिए बलिदान दिया है, केंद्र सरकार ने उनके योगदान को याद करने के लिए हर राज्य में म्यूजिम बनाने का फैसला किया है।

पानी की समस्या खत्म करेगी भाजपा सरकार
प्रधानमंत्री ने पानी की समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि छोटे डैम, कैनाल और नदियों की डिसिल्टिंग से इस समस्या को खत्म किया जा सकता है। उन्होंने महाराष्ट्र का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भाजपा की सरकार ने जनभागीदारी के माध्यम से डिसिल्टिंग का अभियान चलाया और तालाबो, झीलों, डैमों से 8 करोड़ क्यूबिक मीटर मिट्टी निकाल कर पानी एकत्र करने की ताकत बढ़ा दी गई। श्री मोदी ने कहा कि कर्नाटक में भाजपा की सरकार बनने पर इसी तरह डिसिल्टिंग का अभियान छेड़ा जाएगा। बेल्लारी की जनसभा में वहां की जींस इंडस्ट्री का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ऐसे सेक्टरों की समस्या के समाधान के लिए केंद्र सरकार ने नई नीति बनाई है, इससे कपड़ा सेक्टर में 6,000 करोड़ के निवेश की संभावना है।

भाजपा के पक्ष में वोट देने की अपील
जनसभा में उपस्थित लोगों से श्री मोदी ने 12 मई को कर्नाटक के उज्ज्वल भविष्य के लिए कमल के निशान का बटन दबाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने पर केंद्र सरकार कर्नाटक के विकास के लिए कंधे से कंधा मिलाकर चलेगी। स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित कर्नाटक के लिए भाजपा की सरकार आवश्यक है।

Leave a Reply