Home नरेंद्र मोदी विशेष इंडिया टुडे- मूड ऑफ द नेशन सर्वे: अबतक के सबसे बेहतर प्रधानमंत्री...

इंडिया टुडे- मूड ऑफ द नेशन सर्वे: अबतक के सबसे बेहतर प्रधानमंत्री हैं नरेन्द्र मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के अब तक के सबसे लोकप्रिय प्रधानमंत्री हैं। लोकप्रियता के मामले में प्रधानमंत्री मोदी देश के अन्य दिग्गज नेताओं से काफी आगे हैं। न्‍यूज चैनल इंडिया टुडे-कार्वी के मूड ऑफ द नेशन के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी भारतीय इतिहास में सबसे लोकप्रिय नेता बन गए हैं। उन्होंने इस रेस में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को भी पीछे छोड़ दिया है। प्रधानमंत्री मोदी 36 प्रतिशत वोट के साथ काफी आगे हैं, जबकि 16 प्रतिशत वोट के साथ आयरन लेडी के नाम से मशहूर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी दूसरे स्थान पर हैं। तीसरे स्थान पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी हैं जिनको 13 प्रतिशत वोट मिला। 8 प्रतिशत वोट के साथ देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू चौथे पायदान पर हैं, जबकि 5 प्रतिशत वोट के साथ राजीव गांधी पांचवें सबसे लोकप्रिय प्रधानमंत्री हैं।

इंडिया टुडे और कार्वी इनसाइट्स ने इस सर्वे के लिए 12,141 लोगों से साक्षात्कार किया, जिसमें 67 प्रतिशत ग्रामीण और 33 प्रतिशत शहरी लोग शामिल थे। इस सर्वे में देश के 19 राज्यों के 97 संसदीय क्षेत्रों और 194 विधानसभा क्षेत्रों को शामिल किया गया।

लोकप्रियता के मामले में अव्वल हैं प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लोकप्रियता के मामले में अव्वल बने हुए हैं। सर्च इंजन याहू के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी इस साल भी याहू इंडिया पर सबसे अधिक बार सर्च किए गए राजनेता हैं। लोकसभा चुनावों में प्रचंड जीत हासिल करने वाले नरेन्द्र मोदी 2018 की तरह ही 2019 में भी ‘सर्वाधिक सर्च किए गए शख्सियत’ हैं। भारत के लिए की अपनी 2019 की समीक्षा रिपोर्ट में याहू ने कहा कि इस वर्ष भारत में याहू सर्च इंजन पर सबसे ज्यादा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को खोजा गया है। याहू हर वर्ष ऐसी हस्तियों सूची जारी करता है जिन्हें सबसे ज्यादा सर्च किया गया हो। याहू इंडिया की वार्षिक सूची साल के शीर्ष रुझानों, कार्यक्रमों और घटनाओं के बारे में बताती है और यह दैनिक सर्च पैटर्न के साथ ही इस संपादकीय चयन भी आधारित होती है कि उन्होंने याहू पर क्या पढ़ा और शेयर किया। सर्वाधिक सर्च किए गए नेताओं में प्रधानमंत्री मोदी के बाद बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का स्थान है, जबकि कांग्रेस नेता राहुल गांधी तीसरे स्थान पर हैं।

दुनिया में सबसे लोकप्रिय भारतीय हैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
प्रधानमंत्री मोदी दुनिया में सबसे ज्यादा अडमायर किए जाने वाले भारतीय हैं। ब्रिटेन की एक इंटरनेट मार्केट रिसर्च और डाटा एनलिटिक्स फर्म YouGov ने ताजा सर्वे में बताया है कि प्रधानमंत्री मोदी दुनिया में सबसे सम्मानित, आदर योग्य और प्रशंसा पाने वाले भारतीय हैं। बिल गेट्स को दुनिया के सबसे ज्यादा लोकप्रिय नेता के तौर पर चुना गया है। ग्लोबल लिस्ट में प्रधानमंत्री मोदी छठे स्थान पर है, जबकि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 10 वें और अमेरिका का राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 14 वें पायदान पर हैं।

भारत में लोकप्रियता के हिसाब से प्रधानमंत्री मोदी पहले पायदान पर और क्रिकेट खिलाड़ी महेन्द्र सिंह धोनी दूसरे स्थान पर हैं। रतन टाटा, अमिताभ बच्चन, शाहरूख खान, सचिन तेंदुलकर, सलमान खान, सभी लोग रैंकिंग में उनसे काफी पीछे हैं। इसके लिए सर्वे एजेंसी YouGov ने 41 देशों में ऑनलाइन सर्वे किया है। दुनियाभर के 41 देशों के करीब 42,000 लोगों को लेकर हुए एक सर्वे में सबसे ज्यादा चाही जानेवाली शख्सियत को लेकर  सर्वे किया गया है।

प्रधानमंत्री मोदी को भारत के सबसे सम्मानित नेता हैं और उन्हें कई अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं। आइए एक नजर डालते हैं प्रधानमंत्री मोदी को मिले सम्मान पर-

24.09.2019
प्रधानमंत्री मोदी को मिला ‘ग्लोबल गोलकीपर अवॉर्ड’
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को 24 सितंबर 2019 को स्वच्छ भारत अभियान के लिए बिल और मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन की ओर से ‘ग्लोबल गोलकीपर अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार भारत में पचास करोड़ लोगों को स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार का प्रतीक है। प्रधानमंत्री मोदी ने पुरस्कार को 130 करोड़ भारतीयों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि ये सम्मान उन भारतीयों को समर्पित है जिन्होंने स्वच्छ भारत मिशन को एक जनआंदोलन में बदला।

24.08.2019
‘किंग हमाद ऑर्डर ऑफ द रेनेसां’ 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को 24 अगस्त, 2019 को बहरीन के शीर्ष पुरस्कार किंग हमाद ऑर्डर ऑफ द रेनेसां (The King Hamad Order of the Renaissance) पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान बहरीन के किंग हमद बिन इसा बिन सलमान अल खलीफा ने भारत के खाड़ी देशों के साथ मित्रता को मजबूत करने और द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाने की मान्यता के तौर पर दिया।

सम्मान मिलने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैं विनम्रतापूर्वक द किंग हमाद ऑर्डर ऑफ द रेनेसां सम्मान को स्वीकार करता हूं। यह बहरीन के साथ भारत की मजबूत दोस्ती को मान्यता देता है, जो सैकड़ों साल पहले से है और 21वीं सदी में तेजी से बढ़ रही है।

08.06.2019
मालदीव के सर्वोच्च सम्मान ‘निशान इज्जुद्दीन’ से नवाजा गया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को 8 जून, 2019 को मालदीव के सर्वोच्च सम्मान ‘निशान इज्जुद्दीन’से सम्मानित किया गया। दूसरी बार भारत का प्रधानमंत्री बनने के बाद अपनी पहली विदेश यात्रा पर मालदीव पहुंचने पर पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया गया। उसके बाद प्रधानमंत्री मोदी को विदेश मेहमानों को दिए जाने वाले सर्वोच्च सम्मान ‘निशान इज्जुद्दीन’ से नवाजा गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आज मुझे मालदीव के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित करके आपने मुझे ही नहीं बल्कि पूरे भारतवर्ष को एक नया गौरव दिया है। निशान इज्जुद्दीन का सम्मान मेरे लिए हर्ष और गर्व का विषय है। यह मेरा ही नहीं बल्कि दोनों देशों के बीच मित्रता और घनिष्ठ संबंधों का सम्मान है। मैं इसे बड़ी विनम्रता और आभार के साथ, सभी भारतीयों की ओर से स्वीकार करता हूं।”

12.04.2019
रूस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान- ‘ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल’
हाल ही में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को रूसी संघ के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार – ‘ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल’ से सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें दोनों देशों के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को बढ़ावा देने में असाधारण सेवाओं के लिए दिया गया।

रूसी दूतावास ने अपने एक बयान में कहा, ’12 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल यानी रूस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान देने का ऐलान किया गया है।’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ये सम्मान भारत और रूस के रिश्तों को मजबूत करने के लिए दिया गया है। पहली बार किसी भारतीय को यह सम्मान मिला है।

04.04.2019
यूएई का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ जायेद’
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को चार अप्रैल को यूएई के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ऑर्डर ऑफ जायेद देने की घोषणा की गई और उन्हें 24 अगस्त, 2019 को ऑर्डर ऑफ जायेद से सम्मानित किया गया। अबू धाबी में क्राउन प्रिंस शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने प्रधानमंत्री मोदी को ऑर्डर ऑफ जायेद से सम्मानित किया। जायेद मेडल किसी देश के राष्ट्राध्यक्ष को दिया जाने वाला यूएई का सबसे बड़ा सम्मान है। प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान दोनों देशों के बीच दोस्ती और कूटनीतिक संबंधों को मजबूत करने के लिए दिया गया है। यह सम्मान यूएई के संस्थापक शेख जायद बिन सुल्तान अल नाहयान के नाम पर है। यह सम्मान भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच विशेष संबंधों का परिचायक है। 

22.02.2019
प्रधानमंत्री मोदी को मिला सियोल शांति पुरस्‍कार
प्रधानमंत्री मोदी को 22 फरवरी, 2019 को दक्षिण कोरिया के सोल में 2018 के सियोल शांति पुरस्‍कार से सम्‍मानित किया गया। यह सम्‍मान उन्‍हें अंतरराष्‍ट्रीय सहयोग, ग्‍लोबल आर्थिक प्रगति और भारत के लोगों के मानव विकास को तेज करने के लिए प्रतिबद्धता दिखाने के लिए दिया गया है। दक्षिण कोरिया के सियोल पीस प्राइज कल्चरल फाउंडेशन ने अमीरों और गरीबों के बीच सामाजिक और आर्थिक खाई को कम करने के लिए मोदीनॉमिक्स की प्रशंसा भी की है। प्रधानमंत्री मोदी को सियोल शांति पुरस्कार के तहत एक प्रशस्त्रि पत्र और 2 लाख डॉलर (करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये) की सम्मान निधि दिया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस सम्मान के साथ जो राशि सम्मान निधि के रूप में मिली है, वो मैं नमामि गंगे को समर्पित करता हूं। प्रधानमंत्री मोदी यह पुरस्कार पानेवाले दुनिया के 14वें और भारत के पहले व्यक्ति हैं।

14.01.2019
फिलिप कोटलर प्रेशिडेंशियल पुरस्कार
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इसी साल, 14 जनवरी, 2019 को देश को उत्कृष्ट नेतृत्व देने के लिए प्रथम फिलिप कोटलर प्रेशिडेंशियल पुरस्कार से सम्मानित गया। यह पुरस्कार तीन आधार रेखा पीपुल, प्रॉफिट और प्लानेट पर केन्द्रित है। प्रशस्ति पत्र में कहा गया है कि श्री मोदी के नेतृत्व में भारत की पहचान अब इनोवेशन और मेक इन इंडिया के साथ ही सूचना प्रौद्योगिकी, लेखांकन एवं वित्त जैसे पेशेवर सेवाओं के केन्द्र के रूप में हुई है। प्रशस्ति पत्र में यह भी कहा गया है कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व की वजह से सामाजिक लाभ और वित्तीय समावेशन के लिए विशिष्ट पहचान संख्या, आधार सहित डिजिटल इंडिया क्रांति हो सकी। इससे उद्यमिता, व्यापार सुगमता और देश के लिए 21वीं सदी का ढांचागत विकास करने में मदद मिली है। इसमें मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया और स्वच्छ भारत जैसी पहलों की चर्चा की गई है जिससे भारत पूरी दुनिया में सबसे अधिक आकर्षक उत्पादन और व्यापार केन्द्र के रूप में उभरा है।

प्रोफेसर फिलिप कोटलर नॉर्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी, केलॉग स्कूल ऑफ मैनेजमेंट में मार्केटिंग के विश्व प्रसिद्ध प्रोफेसर हैं। बीमारी की वजह से प्रोफेसर कोटलर ने अमेरिका के जॉर्जिया में इमोरी यूनीवर्सिटी के डॉ जगदीश सेठ को प्रधानमंत्री मोदी को पुरस्कार प्रदान करने के लिए भेजा था।

03.10.2018
प्रधानमंत्री को मिला UN का सर्वोच्च पर्यावरण पुरस्कार ‘चैंपियंस ऑफ अर्थ’
प्रधानमंत्री मोदी को 3 अक्तूबर, 2018 को नई दिल्ली में एक विशेष समारोह में संयुक्त राष्ट्र का सर्वोच्च पर्यावरण संबंधी पुरस्कार ‘UNEP चैम्पियंस ऑफ द अर्थ’ से सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटरेस ने दिया। प्रधानमंत्री मोदी को अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन के समर्थन में उनके पथप्रदर्शक कार्य और 2022 तक भारत में सभी एकल-उपयोग प्लास्टिक को समाप्त करने के उनके अभूतपूर्व संकल्प के लिए नेतृत्व वर्ग में यह सम्मान दिया गया। वार्षिक चैम्पियंस ऑफ द अर्थ पुरस्कार सरकारी, सिविल सोसायटी और निजी क्षेत्र के उन असाधारण नेताओं को प्रदान किया जाता है जिनके कार्यों का पर्यावरण पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा हो।

10.02.2018
पीएम मोदी को मिला फिलिस्तीन का सर्वोच्च ग्रैंड कॉलर सम्मान
फिलस्तीन के दौरे पर जाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को फिलिस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने ग्रैंड कॉलर सम्मान प्रदान किया। भारत और फिलिस्तीन के रिश्तों की बेहतरी के लिए श्री मोदी द्वारा उठाए गए कदमों के लिए यह सम्मान दिया गया। ग्रैंड कॉलर विदेशी मेहमान को दिया जाने वाला फिलस्तीन का सर्वोच्च सम्मान है।

04.06.2016
अफगानिस्तान के सर्वोच्च नागरिक सम्मान, आमिर अमानुल्लाह खान अवार्ड से सम्मानित
प्रधानमंत्री मोदी को अफगानिस्तान के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘अमीर अमानुल्लाह खान पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। जून, 2016 को हेरात में ऐतिहासिक अफगान-भारत मैत्री बांध के उद्घाटन के बाद राष्ट्रपति अशरफ गनी द्वारा उन्हें इस सम्मान से नवाजा गया। अफगानिस्तान के नागरिकों के साथ-साथ विदेशी नागरिकों को उनकी सेवाओं की प्रशंसा में अफगान सरकार द्वारा दिया जाने वाला यह सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। पदक के पीछे यह उल्लेख है – “निशान-ए दौलती गाजी अमीर अमानुल्लाह खान” अर्थात “राज्य आदेश गाजी अमीर अमानुल्लाह खान।”

03.04.2016
सऊदी अरब का सर्वोच्च सैश ऑफ किंग अब्दुल अजीज सम्मान
प्रधानमंत्री मोदी को 2016 में सऊदी अरब के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘सैश ऑफ किंग अब्दुल अजीज (स्पेशल क्लास) से सम्मानित किया गया।