Home समाचार देश में कोरोना से होने वाली मौतों में तेजी से गिरावट, रोजाना...

देश में कोरोना से होने वाली मौतों में तेजी से गिरावट, रोजाना सबसे ज्यादा मौतों वाली 15 देशों की सूची से बाहर हुआ भारत

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी सरकार के अथक प्रयासों का नतीजा है कि कोरोना वायरस के देश से विदा होने की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। पिछले कुछ दिनों से कोरोना संक्रमण और उससे होने वाली मौतों की संख्या में तेजी से गिरावट आई है। यही वजह है कि भारत अब दुनिया के उन टॉप-15 देशों की सूची से बाहर हो गया है, जहां कोरोना के चलते हर दिन सबसे ज्यादा मौतें हो रही हैं। 

पिछले 24 दिनों में देश में कोरोना से होने वाली मौतों में काफी गिरावट हुई है। पिछले 11 दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो देश में 200 से कम मौतें हो रही हैं। अब इस मामले में भारत का स्थान दुनिया में 16 से 20 नंबर के बीच में रहता है। वहीं, एक्टिव केस में दुनिया में भारत का 13वां स्थान है। कोरोना संक्रमितों की संख्या के हिसाब से भारत दुनिया का दूसरा सबसे प्रभावित देश है। रिकवरी दुनिया में अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा भारत में हुई है।

अमेरिका में हर रोज सबसे ज्यादा मौतें हो रहीं हैं। शनिवार को यहां 3,427 लोगों ने जान गंवाई। दूसरे नंबर पर मैक्सिको है। यहां शनिवार को 1,440 मौतें हुईं। ब्रिटेन में 1,348 और ब्राजील में 1,176 लोगों ने जान गंवाई। इन चारों देशों में हर दिन हजार से ज्यादा लोग जान गंवा रहे हैं।

भारत में कोरोना वायरस से अब तक 1 करोड़ 6 लाख 67 हजार 736 लोग संक्रमित हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 13 हजार 203 नए मरीज मिले। रविवार को 13 हजार 298 लोग रिकवर हुए, जबकि इस दौरान 131 मरीजों की मौत हो गई। कोरोना से अब तक 1 करोड़ 3 लाख 30 हजार 84 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, 1 लाख 53 हजार 470 मरीजों की मौत हो चुकी है। फिलहाल 1 लाख 84 हजार 182 मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है।

भारत में 19 करोड़ से ज्यादा लोगों का कोरोना टेस्ट हो चुका है। पॉजिटिविटी रेट 5.6 प्रतिशत पर बरकरार है। यानि 100 लोगों में 5 या 6 लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं। देश में मृत्यु दर और एक्टिव केस रेट में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। कोरोना से मृत्यु दर 1.44 प्रतिशत है जबकि रिकवरी रेट करीब 97 प्रतिशत है। एक्टिव केस दो प्रतिशत से भी कम है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देशभर में अब तक 16 लाख 15 हजार 504 लोगों को कोरोना वायरस के खिलाफ टीके लगाए गए हैं, जिनमें से कल एक लाख 91 हजार लोगों को टीके लगे। 16 जनवरी से देश भर में बड़े पैमाने पर टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है, जिसके 27,776 सत्र आयोजित किए जा चुके हैं। 

 

Leave a Reply