Home समाचार देश में अब तक लगाए गए कोरोना के 16.25 करोड़ से अधिक...

देश में अब तक लगाए गए कोरोना के 16.25 करोड़ से अधिक टीके, पिछले 24 घंटे में 3.29 लाख से ज्यादा लोग हुए स्वस्थ

SHARE

देश में अब तक कोरोना टीके की कुल 16.25 करोड़ खुराक दी जा चुकी है। 6 मई को सुबह सात बजे तक कोविड वैक्सीन की कुल 15,25,13,339 खुराक दी जा चुकी हैं। टीकाकरण अभियान के 110 वें दिन पांच मई, को कोविड-19 के 19,55,733 टीके की खुराक दी गई। इसके साथ ही अब तक कुल मिलाकर 1,72,80,844 लोग ठीक हुए है। राष्ट्रीय रिकवरी दर 81.99 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों के दौरान 3,29,113 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं।

पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 4,12,262 नये मामले दर्ज किए गए। महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, उत्तर प्रदेश, दिल्ली,पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु,आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान सहित 10 राज्यों में नये संक्रमण के 72.19 प्रतिशत मामले दर्ज किए जा रहे हैं। महाराष्ट्र में सबसे अधिक 57,640 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसके बाद 50,112 मामलों के साथ कर्नाटक दूसरे स्थान पर है, जबकि केरल में 41,953 नए मामले सामने आए हैं।

भारत में कुल सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 35,66,398 हो गई है। यह संख्या देश के कुल संक्रमित मामलों का 16.92 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों के दौरान कुल सक्रिय मामलों की संख्या में 79,169 मामलों की बढ़ोतरी हुई है। भारत के कुल सक्रिय मामलों में 12 राज्यों- महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, राजस्थान, तमिलनाडु, गुजरात, पश्चिम बंगाल, बिहार, हरियाणा, आंध्र प्रदेश और केरल का कुल मिलाकर 81.05 प्रतिशत योगदान है। इनमें से हर राज्य में एक लाख से ज्यादा सक्रिय मामले हैं।

राष्ट्रीय मृत्यु दर लगातार गिर रही है और इस समय 1.09 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में कोविड से 3,980 लोगों की मौत हुई। 10 राज्यों का मौत के नए मामलों में 75.55 प्रतिशत योगदान है। महाराष्ट्र में सबसे अधिक 920 लोगों की जान गई, इसके बाद उत्तर प्रदेश में 353 लोगों की मौत हुई।

केंद्र सरकार ने अब तक राज्यों को 17.15 करोड़ वैक्सीन की खुराक मुफ्त प्रदान की हैं। इनमें से कुछ वैक्सीनों की खपत हुई और कुछ नष्ट हो गईं। ऐसी वैक्सीनों की कुल संख्या 16,26,10,905 खुराक हैं। राज्यों के पास अब भी 89 लाख से अधिक कोविड वैक्सीन की खुराक मौजूद हैं, जिन्हें लगाया जाना है। इसके अलावा 28 लाख से अधिक की अतिरिक्त खुराक अगले तीन दिनों में राज्यों को जारी कर दी जाएंगी।

Leave a Reply