Home समाचार कोरोना बेकाबू होने पर पूरे महाराष्ट्र में नाइट कर्फ्यू: राज्य में 24...

कोरोना बेकाबू होने पर पूरे महाराष्ट्र में नाइट कर्फ्यू: राज्य में 24 घंटे में सामने आए 37 हजार नए मामले

SHARE

देश के कई राज्यों में कोरोना महामारीसे स्थिति बेकाबू है। देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 62,258 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही देश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,19,08,910 हो गई है। पिछले 24 घंटों में महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। राज्य में 36,902 नए मामले सामने आए हैं। जबकि पंजाब में 3,122, छत्तीसगढ़ में 2,655, कर्नाटक में 2,566 और गुजरात में 2190 नए मामले सामने आए हैं।

देश में इस दौरान 30,386 लोग कोरोना संक्रमण से मुक्त हुए हैं। अब तक इस संक्रमण से मुक्त हो चुके कुल लोगों की संख्या 1,12,95,023 हो गई है। इसके साथ ही कोरोना रिकवरी रेट 94.8 प्रतिशत हो गई है। देश में कोरोना के सक्रिय मामले 4.52 लाख है। पिछले 24 घंटों में कुल सक्रिय मामलों में 31,581 मामलों की बढ़ोत्‍तरी हुई है।

देश में दी गई कोरोना वैक्सीन की खुराकों की कुल संख्या 5.69 करोड़ से अधिक हो गई हैं। शुक्रवार, 27 मार्च शाम 7 बजे तक कुल 5,69,57,612 वैक्सीन खुराक दी जा चुकी हैं। देशभर में कोविड-19 टीकाकरण के 70वें दिन 27 मार्च को शाम 7 बजे तक कुल 14,53,172 वैक्सीन की खुराक दी गई।

कोरोना से देशभर में पिछले 24 घंटों में 291 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर 1,61,240 हो गई है। पिछले 24 घंटों में महाराष्ट्र में 112, पंजाब में 59, छत्तीसगढ़ में 22, केरल में 14 और कर्नाटक में 13 लोगों की मौत हुई है।

इस दौरान चौदह राज्यों में कोरोना से किसी भी व्यक्ति की मौत की सूचना नहीं मिली है। इन राज्यों में राजस्‍थान, जम्मू और कश्मीर (केंद्र शासित), झारखंड, ओडिशा, पुद्दुचेरी, लक्षद्वीप, सिक्किम, दमण और दीव, दादरा और नागर हवेली, लद्दाख (केंद्र शासित), मणिपुर, त्रिपुरा, मिजोरम, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा अरुणाचल प्रदेश शामिल हैं।

Leave a Reply