Home समाचार कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या नए मामलों से ज्यादा,...

कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या नए मामलों से ज्यादा, दैनिक मामलों की संख्या तीन लाख से कम

SHARE

देश में कोरोना टीकाकरण अभियान के तीसरे चरण के तहत 18-44 वर्ष उम्र के लोगों को एक करोड़ से ज्यादा खुराक दे दी गयीं। इसके साथ ही अब तक दिए गए कोविड-19 टीके की कुल खुराक की संख्या 19.60 करोड़ से ज्यादा हो गयी। 24 मई को सुबह सात बजे तक टीके की कुल 19,60,51,962 खुराक दी जा चुकी हैं।

इस बीच केन्द्र सरकार ने अब तक राज्यों को 21.80 करोड़ से अधिक 21,80,51,890 टीके की खुराक निशुल्क प्रदान की है। 23 मई तक 20,00,08,875 खुराक की कुल खपत हुई है। 1.80 करोड़ से अधिक कोविड वैक्सीन खुराक अभी भी राज्यों के पास उपलब्ध हैं जिन्हें अभी लगाया जाना बाकी है। इसके अलावा, 48 लाख से अधिक वैक्सीन खुराक पाइपलाइन में हैं और अगले 3 दिनों के भीतर राज्यों को प्राप्त होंगी।

देश में लगातार 11वें दिन कोरोना से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या संक्रमण के नए मामलों से ज्यादा रही। पिछले 24 घंटे में बीमारी से 3,02,544 लोग स्वस्थ हुए। बीमारी से स्वस्थ होने वाले लोगों की कुल संख्या 2,37,28,011 हो गयी। बीमारी से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 88.69 प्रतिशत हो गयी। स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या में 10 राज्यों की 72.23 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

साथ ही कोरोना के दैनिक नए मामले लगातार आठवें दिन तीन लाख से कम हैं। कोरोना के दैनिक नए मामलों और बीमारी से स्वस्थ होने के दैनिक मामलों के बीच का अंतर कम होकर 80,229 हो गया। पिछले 24 घंटे में 2,22,315 नए मामले दर्ज किए गए। पिछले 24 घंटे में सामने आए नए मामलों में 10 राज्यों की 81.08 प्रतिशत हिस्सेदारी है। तमिलनाडु में सबसे ज्यादा 35,483 और उसके बाद महाराष्ट्र में 26,672 नए मामले दर्ज किए गए।

भारत में पिछले 24 घंटे में कुल 19,28,127 जांच हुई जिसके साथ अब तक हुए जांच की कुल संख्या 33,05,36,064 है। पॉजिटिविटी रेट 8.09 प्रतिशत है। साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट भी गिरकर 12.66 प्रतिशत हो गया। राष्ट्रीय मृत्यु दर इस समय 1.14 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों में 4,454 मौतें हुई हैं। नई मौतों में दस राज्यों की हिस्सेदारी 79.52 प्रतिशत है। महाराष्ट्र में सबसे अधिक 1,320 लोगों की मृत्यु हुई। इसके बाद कर्नाटक में 624 मौतें हुईं।

इस बीच केंद्र सरकार ने 27 अप्रैल से 23 मई, 2021 तक कुल मिलाकर 17,755 ऑक्सीजन कंसट्रेटर, 15,961 ऑक्सीजन सिलेंडर, 19 ऑक्सीजन उत्पादन संयंत्र, 12,913 वेंटिलेटर, 6.9 लाख रेमडेसिविर शीशियों को राज्यों को भेजा है।

 

 

Leave a Reply