Home समाचार भारत में 90 प्रतिशत वयस्क आबादी का पूर्ण टीकाकरण, 198 करोड़ से...

भारत में 90 प्रतिशत वयस्क आबादी का पूर्ण टीकाकरण, 198 करोड़ से अधिक लोगों को लगे टीके

SHARE

भारत में महाटीकाकरण अभियान तेजी से चल रहा है। अब तक देश में 90 प्रतिशत वयस्क आबादी को कोरोना वैक्सीन के दोनों डोज लग गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ मनसुख मंडाविया ने इसकी जानकारी दी। देश में राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 198 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने 90 प्रतिशत आबादी के पूर्ण टीकाकरण को एक असाधारण उपलब्धि बताते हुए ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने लिखा, “क्या असाधारण उपलब्धि है! प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सबका साथ, सबका प्रयास के मंत्र के साथ, भारत ने अपनी 90 प्रतिशत वयस्क आबादी का पूर्ण टीकाकरण प्राप्त कर लिया है। हम एक साथ महामारी के खिलाफ लड़ाई जीतेंगे!”

मंगलवार (05 जुलाई, 2022) की सुबह सात बजे तक भारत का कोविड -19 टीकाकरण कवरेज 198.09 करोड़ (1,98,09,87,178) से अधिक हो गया। 18-44 वर्ष के आयु वर्ग में कुल 55,83,90,131 पहली खुराक और 50,25,28,809 दूसरी खुराक दी जा चुकी है। स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार, इस समूह में दी जाने वाली एहतियाती खुराक की संख्या 33,26,797 है। अब तक किशोरों को 3.69 करोड़ से अधिक पहली खुराक और 2.41 करोड़ से अधिक दूसरी खुराक दी जा चुकी है।

गौरतलब है कि भारत में कोरोना संक्रमण के सक्रिय मामलों का आंकड़ा 1,14,475 पहुंच चुका है। वहीं संक्रमण से ठीक होने वालों का मौजूदा दर 98.53 प्रतिशत है। बीते 24 घंटों में 12,456 लोग कोरोना संक्रमण से ठीक हुए हैं। इसके साथ ही अब तक देश में कोरोना संक्रमण के चंगुल से निकलने वालों का आंकड़ा 4,28,91,933 हो चुका है।

 

 

Leave a Reply