Home समाचार गंगा एक्सप्रेसवे: यूपी के विकास की नई लाइफलाइन से बढ़ेगी कनेक्टिविटी और...

गंगा एक्सप्रेसवे: यूपी के विकास की नई लाइफलाइन से बढ़ेगी कनेक्टिविटी और मिलेगी रफ्तार – पीएम मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज, 29 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के हरदोई में 594 किलोमीटर लंबे ‘गंगा एक्सप्रेसवे’ का उद्घाटन किया। यह एक्सप्रेसवे न केवल यूपी का सबसे लंबा ग्रीनफील्ड कॉरिडोर है, बल्कि इसे राज्य की प्रगति की नई ‘लाइफ लाइन’ माना जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘जैसे मां गंगा हजारों वर्षों से यूपी की और इस देश की जीवन रेखा रही है, वैसे ही आधुनिक प्रगति के इस दौर में, उनके समीप से गुजरता ये एक्सप्रेसवे, ये यूपी के विकास की नई लाइफ लाइन बनेगा।’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ‘ये एक्सप्रेसवे केवल एक हाइस्पीड सड़क नहीं है। ये नई संभावनाओं का, नए सपनों का, नए अवसरों का गेटवे है।’ उन्होंने कहा कि उपजाऊ मिट्टी वाले इन क्षेत्रों के किसानों की फसल अब कम समय में बड़े बाजारों और कोल्ड स्टोरेज तक पहुंच सकेगी। इसके किनारे फार्मा और टेक्सटाइल जैसे औद्योगिक क्लस्टर और इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित किए जा रहे हैं, जिससे हरदोई, उन्नाव और शाहजहांपुर जैसे जिलों में स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार मिलेगा।

पिछली सरकारों पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि अब वह दौर बीत चुका है जब सड़कों के लिए दशकों तक इंतजार करना पड़ता था। उन्होंने याद दिलाया कि दिसंबर 2021 में उन्होंने ही शाहजहांपुर में इसका शिलान्यास किया था और आज 5 साल से भी कम समय में यह बनकर तैयार है। डबल इंजन की सरकार में सिर्फ पत्थर नहीं लगते, बल्कि तय समय में काम पूरा होकर लोकार्पण भी होता है।

करीब 600 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे पश्चिमी यूपी के मेरठ से शुरू होकर बुलंदशहर, हापुड़, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली और प्रतापगढ़ होते हुए पूर्वी यूपी के प्रयागराज तक जाएगा। पीएम मोदी ने घोषणा की कि भविष्य में इसे मेरठ से आगे बढ़ाकर हरिद्वार तक ले जाने की योजना है। इसके अलावा, फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे के जरिए इसे अन्य मार्गों से भी जोड़ा जाएगा।

वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से मेरठ की स्पोर्ट्स इंडस्ट्री, संभल का हैंडीक्राफ्ट और हरदोई के हैंडलूम को ग्लोबल मार्केट मिलेगा। उन्होंने कहा कि यूपी अब ‘बीमारू’ राज्य की छवि छोड़ चुका है और 1 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनने की दिशा में मजबूती से कदम बढ़ा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज दुनिया में बनने वाले हर दूसरे मोबाइल का निर्माण उत्तर प्रदेश में हो रहा है। उन्होंने नोएडा के सेमीकंडक्टर प्लांट और यूपी डिफेंस कॉरिडोर का जिक्र करते हुए कहा कि अब ब्रह्मोस जैसी मिसाइलें भी इसी धरती पर बन रही हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में अब 5 इंटरनेशनल एयरपोर्ट्स और बेहतरीन एक्सप्रेसवे नेटवर्क है, जो निवेशकों को आकर्षित कर रहा है।

‘नारीशक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सपा ने महिलाओं को आरक्षण देने वाले बिल के खिलाफ वोट किया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल तुष्टीकरण और परिवारवाद की राजनीति करते हैं और यूपी की प्रगति में बाधा डालने की कोशिश करते हैं।

अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे इस दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने भरोसा जताया कि यूपी के लोग अपनी मेहनत और प्रतिभा से इस परियोजना से मिलने वाले अवसरों को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।

Leave a Reply