Home चुनावी हलचल मेहनत से जुटाई संपत्ति आपके बच्चों को नहीं मिलेगी, कांग्रेसी पंजा उसे...

मेहनत से जुटाई संपत्ति आपके बच्चों को नहीं मिलेगी, कांग्रेसी पंजा उसे भी आपसे छीन लेगा- विरासत टैक्स पर प्रधानमंत्री मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार, 24 अप्रैल को छत्तीसगढ़ के सरगुजा में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा के विरासत टैक्स वाले बयान पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ‘कांग्रेस के खतरनाक इरादे खुलकर सामने आ रहे हैं। शाही परिवार के शाहजादे के सलाहकार ने कुछ समय पहले कहा था कि मिडिल क्लास पर और ज्यादा टैक्स लगाना चाहिए और अब ये इससे भी एक कदम आगे बढ़ गए हैं। अब कांग्रेस Inheritance Tax लगाएगी, माता-पिता से मिलने वाली विरासत पर भी टैक्स लगाएगी। आप जो अपनी मेहनत से संपत्ति जुटाते हैं, वो आपके बच्चों को नहीं मिलेगी, बल्कि कांग्रेस सरकार का पंजा उसे भी आपसे छीन लेगा। यानि कांग्रेस का मंत्र है- कांग्रेस की लूट, जिंदगी के साथ भी और जिंदगी के बाद भी। जब तक आप जीवित रहेंगे, कांग्रेस आपको ज्यादा टैक्स से मारेगी।’

सरगुजा की रैली में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ‘कांग्रेस की नजर आपकी कमाई पर, आपके मकान-दुकान, खेत-खलिहान पर भी है। कांग्रेस के शाहजादे का कहना है कि ये देश के हर घर, हर अलमारी, हर परिवार की संपत्ति का एक्स-रे करेंगे। माताओं-बहनों के पास जो थोड़े बहुत स्त्रीधन होता है। गहने-जेवर होते हैं, कांग्रेस उनकी भी जांच कराएगी। कांग्रेस ये सब आपसे छीनकर बांट देंगे। आपको मालूम है ना वो किसको देंगे?’

उन्होंने कहा कि वर्षों पहले, कांग्रेस ने आंध्र प्रदेश में धर्म के आधार पर आरक्षण देने का प्रयास किया था। फिर कांग्रेस ने इसे पूरे देश में लागू करने की योजना बनाई। कांग्रेस ने कहा कि SC/ST और ओबीसी का जो कोटा है, उसमें से चुरा कर धर्म के आधार पर कुछ लोगों को आरक्षण दिया जाए। कांग्रेस सिर्फ आपके आरक्षण को ही लूटना नहीं चाहती है, इनके और भी कारनामें हैं। कांग्रेस के इरादे नेक नहीं हैं। इनके इरादे संविधान के अनुरूप नहीं हैं, सामाजिक न्याय के अनुरूप नहीं हैं। अगर आपके आरक्षण की कोई रक्षा कर सकता है, तो​ सिर्फ और सिर्फ भाजपा कर सकती है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘आज भाजपा सरकार आतंकवाद और नक्सलवाद के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई कर रही है। लेकिन कांग्रेस, हिंसा फैलाने वालों का समर्थन कर रही है, उन्हें शहीद बता रही है। इसी कांग्रेस की सबसे बड़ी नेता, आतंकवादियों के मारे जाने पर आंसू बहाती हैं। ऐसी ही करतूतों के कारण कांग्रेस देश का भरोसा खो चुकी है।’

छत्तीसगढ़ के सरगुजा में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ‘जब मैं विकसित भारत कहता हूं, तो कांग्रेस वालों का और दुनिया में बैठी कुछ ताकतों का माथा गरम हो जाता है। अगर भारत शक्तिशाली हो गया, तो कुछ ताकतों का खेल बिगड़ जाएगा। अगर भारत आत्मनिर्भर बन गया, तो कुछ ताकतों की दुकान बंद हो जाएगी। इसलिए वो भारत में कांग्रेस और इंडी गठबंधन की कमजोर सरकार चाहते हैं।’

Leave a Reply