Home समाचार मुलायम सिंह यादव का जाना देश के लिए एक बहुत बड़ी क्षति...

मुलायम सिंह यादव का जाना देश के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है- प्रधानमंत्री मोदी

SHARE

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का आज (10 अक्तूबर) सुबह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। वे 82 वर्ष के थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात में एक जनसभा को संबोधि‍त करते हुए कहा क‍ि मुलायम सिंह यादव जी का जाना देश के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। इसकी कभी भरपाई नहीं की जा सकेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि श्री यादव ने पूरी लगन से लोगों की सेवा की और लोकनायक जेपी और डॉ लोहिया के आदर्शों को लोकप्रिय बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। श्री मोदी ने उस समय का भी स्मरण किया जब मुलायम यादव रक्षा मंत्री थे और उन्होंने भारत को और मजबूत बनाने की दिशा में कार्य किया। श्री यादव के साथ अपने घनिष्ठ संबंध को याद करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि वह हमेशा उनके विचार सुनने के लिए उत्सुक रहते थे और उनकी बैठकों की तस्वीरें भी साझा करते थे। प्रधानमंत्री ने मुलायम यादव के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक के बाद एक कई ट्वीट करते हुए लिखा, “श्री मुलायम सिंह यादव जी एक उल्लेखनीय व्यक्तित्व थे। उन्हें एक विनम्र और जमीन से जुड़े नेता के रूप में व्यापक रूप से सराहा गया, जो लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील थे। उन्होंने लगन से लोगों की सेवा की और लोकनायक जेपी और डॉ लोहिया के आदर्शों को लोकप्रिय बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।”

एक अन्य ट्वीट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “मुलायम सिंह यादव जी ने उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजनीति में स्वयं को स्थापित किया। वह आपातकाल के दौरान लोकतंत्र के लिए एक प्रमुख सिपाही थे। रक्षा मंत्री के रूप में, उन्होंने एक मजबूत भारत के लिए काम किया। उनकी संसदीय कार्यप्रणाली व्यावहारिक थी और वह राष्ट्रीय हित को आगे बढ़ाने पर जोर देते थे।”

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने अगले ट्वीट संदेश में कहा, “जब हमने अपने-अपने राज्यों के मुख्यमंत्रियों के रूप में कार्य किया, तो मुलायम सिंह यादव जी के साथ मेरी कई बार बातचीत हुई। घनिष्ठता जारी रही और मैं हमेशा उनके विचारों को सुनने के लिए उत्सुक रहता था। उनका निधन मेरे लिए पीड़ादायक है। उनके परिवार और लाखों समर्थकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूँ। ॐ शांति।”

Leave a Reply