Home समाचार सरकारी योजनाओं से एक भी व्यक्ति ना रहे वंचित, क्रियान्वयन पर जोर...

सरकारी योजनाओं से एक भी व्यक्ति ना रहे वंचित, क्रियान्वयन पर जोर दें बीजेपी शासित राज्य- प्रधानमंत्री मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सरकारी योजनाओं से एक भी व्यक्ति वंचित ना रहे। रविवार को बीजेपी शासित राज्यों के 12 मुख्यमंत्रियों और 8 उपमुख्यमंत्रियों के साथ बैठक में उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख योजनाओं का अधिकतम कवरेज सुनिश्चित किया जाए।

दिल्ली बीजेपी मुख्यालय में मुख्यमंत्री परिषद की इस बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने गतिशक्ति, हर घर जल, स्वामित्व, डीबीटी, सरकारी खरीद-बिक्री पोर्टल ई-मार्केट प्लेस जैसी सरकारी महत्वपूर्ण योजनाओं को विशेष रूप से बीजेपी शासित राज्यों में बेहतर तरीके से लागू करने पर जोर दिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने ग्रामीण क्षेत्रों में गोबरधन योजना के महत्व और इसके अधिक प्रचार-प्रसार की जरूरत पर जोर देते हुए फसल उत्पादकता पर नैनो-उर्वरकों के सकारात्मक प्रभाव का जिक्र किया। उन्होंने सभी प्रमुख योजनाओं को पूरी तरह से लागू करने पर बल दिया।

प्रधानमंत्री ने सभी मुख्यमंत्रियों से यह तय करने को कहा कि उनके राज्य खेलों को भी उचित महत्व दें और युवाओं की भागीदारी के लिए सुविधाएं बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि बीजेपी शासित राज्य खेल- संस्कृति को बढ़ावा देने वाले राज्य बनने का लक्ष्य तय करें। बैठक में अमृत सरोवर मिशन की प्रगति और हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

इस बैठक में बीजेपी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा, नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत मौजूद थे।

इसके साथ ही बैठक में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस और बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद भी उपस्थित थे।

 

Leave a Reply