Home विशेष देशवासियों का हौसला बढ़ाती है पीएम मोदी की दीपावली

देशवासियों का हौसला बढ़ाती है पीएम मोदी की दीपावली

SHARE

दीपावली में दीपकों के प्रकाश और मिठाइयों की मिठास के रूप में हमारी खुशियां अपनी आभा बिखेरती हैं, लेकिन इसे शांत और भयमुक्त वातावरण में मनाने का अवसर सीमा पर तैनात लाखों सैनिकों और उनके अतिरिक्त देश-भर में तैनात लाखों सुरक्षाकर्मियों के कारण ही मिल पाता है। देश जब दीपावली के उत्सव में उन्हें भी शामिल कर लेता है तो एक अद्भुत आनंद मिलता है। देशवासियों की तरफ से सैनिकों के संग दीपावली मनाने की एक नई परंपरा की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आरंभ की है।
2014- सियाचिन में सैनिकों संग दीपावली
अपने कार्यकाल के पहले ही वर्ष में प्रधानमंत्री मोदी ने इस परंपरा की शुरुआत करते हुए, देश के सबसे कठिन सैन्य क्षेत्र, सियाचिन में सैनिकों के संग दीपावली मनाई थी। सैनिकों के बीच पहुंचकर प्रधानमंत्री मोदी बहुत ही खुश थे। उन्होंने कहा था, ‘‘शायद पहली बार किसी प्रधानमंत्री को दीपावली के शुभ दिन अपने जवानों के साथ समय बिताने का अवसर मिला है।’’

2015-अमृतसर में डोगराई युद्ध स्मारक पहुंचे
दीपावली के दिन प्रधानमंत्री अमृतसर में खासा स्थित डोगराई युद्ध स्मारक गए और पुष्पांजलि अर्पित की। यह स्थान सबसे कठिन युद्धस्थल के रूप में जाना जाता है। भारतीय सैनिकों ने 22 सितंबर, 1965 के युद्ध में यहीं विजय प्राप्त की थी। उन्होंने पंजाब के अमृतसर में खेमकरण रोड पर वलतोहा के पास आसल उत्ताड़ स्मारक और परमवीर चक्र विजेता कंपनी क्वार्टरमास्टर हवलदार अब्दुल हमीद की समाधि पर भी पुष्पचक्र अर्पित किया और खासा में सैनिकों के संग दीपावली मनाई।

2016- हिमाचल प्रदेश में चीन की सीमा के निकट सुमोध पहुंचे
2016 में दीपावली मनाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हिमाचल प्रदेश में चीन की सीमा पर जा पहुंचे। प्रधानमंत्री बगैर किसी पूर्व कार्यक्रम के चांगो नाम के एक गांव में भी गए, जहां लोगों के आतिथ्य सत्कार और उनकी अपार प्रसन्नता ने उन्हें अभिभूत कर दिया था।
हरे रंग की पोशाक पहने प्रधानमंत्री ने सुमोध में इंडो-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), डोगरा स्काउट्स और सेना के जवानों के संग दीपावली मनाई।

दीपावली के पर्व पर सैनिकों के साथ प्रधानमंत्री मोदी का होना देशवासियों को एक सुखद अहसास कराता है और विश्वास पैदा करता है कि देश का नेतृत्व जन आकांक्षाओं के अनुरुप व्यवहार करता है।

Leave a Reply