Home समाचार कांग्रेस के शहजादे मोदी के आंसुओं में अपनी खुशी ढूंढ रहे हैं-...

कांग्रेस के शहजादे मोदी के आंसुओं में अपनी खुशी ढूंढ रहे हैं- पलामू में पीएम मोदी का राहुल पर जोरदार हमला

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज 4 मई को झारखंड के पलामू में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने पलामू की रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी करारा हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शहजादे मोदी के आंसुओं में अपनी खुशी ढूंढ रहे हैं। हताश और निराश कांग्रेस को मोदी के आंसू अच्छे लगते हैं।

कांग्रेस के शहजादे पर हमला करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘मेरे जीवन को आप भली-भांति जानते हैं। मैं गरीबी का जीवन जीकर आया हूं। मैंने गरीबी को जीया है। गरीब की जिंदगी कितनी तकलीफ वाली होती है, उससे मैं गुजरते-गुजरते यहां आया हूं। इसलिए 10 वर्षों में गरीब कल्याण की हर योजना की प्रेरणाओं ने मेरे अपने जीवन के अनुभव से जन्म लिया है। जब आज लाभार्थियों से मिलता हूं, तो खुशी के मारे आंसू आ ही जाते हैं। ये आंसू वही समझ सकता है जिसने गरीबी देखी हो। जिसने मां को धुंए में खासते देखा नहीं उसे ये आंसू कभी समझ नहीं आ सकते। जिसने अपना पेट बांधकर मां को सोते नहीं देखा, जिसने लोटा भर पानी पीकर मां को भूख मिटाते नहीं देखा, जिसने अपनी बीमारी को छिपाते नहीं देखा, शौचालय के अभाव में पीड़ा और अपमान सहते नहीं देखा वो मोदी के इन आंसुओं का मर्म नहीं समझेगा। लेकिन ये कांग्रेस के शहजादे मोदी के आंसुओं में अपनी खुशी ढूंढ रहे हैं। कहते हैं कि मोदी के आंसू अच्छे लगते हैं। ये निराश-हताश लोग अब इतने कुंठित हो गए हैं। एक कहावत है: जाके पांव न फटे बिवाई, सो क्या जाने पीर पराई। कांग्रेस के शहज़ादे की हालत वही है। वो तो गर्व से कहते हैं कि उनके घर में कई प्रधानमंत्री थे। वे चांदी के चम्मच से खाते रहे। गरीब की, दलित और आदिवासी झोपड़ी में फोटो खिंचवाते रहे लेकिन गरीब के लिए कुछ नहीं किया।”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आपके एक वोट ने कांग्रेस की महाभ्रष्ट सरकार को हटा दिया। बीजेपी-एनडीए की सरकार बनाई। इसके कारण आज भारत का पूरी दुनिया में डंका बज रहा है। अयोध्या में 500 साल बाद भव्य राम मंदिर बना है। जम्मू कश्मीर से आर्टिकल-370 की दीवार हमेशा के लिए हट गई है। देश में नक्सलवाद हो या आतंकवाद, अब अपनी आखिरी सांसे गिन रहा है।

पलामू की रैली में उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय आतंकी भेजने वाले पाकिस्तान को डोजियर देता था। आज नया भारत डोजियर नहीं देता, घर में घुसकर मारता है। सर्जिकल स्ट्राइक और एयरस्ट्राइक के तमाचे ने पाकिस्तान को हिलाकर रख दिया है। आतंकी भेजने वाला पाकिस्तान आज बचाओ-बचाओ चिल्ला रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस- जेएमएम के नेताओं ने भ्रष्ट्राचार से अपार धन संपदा खड़ी की है। संपत्ति हो, राजनीति हो, सब कुछ ये अपने-अपने बच्चों के लिए अर्जित कर रहे हैं। ये उनके लिए विरासत में ढेर सारी काली कमाई छोड़ कर जाएंगे। लेकिन मोदी को किसके लिए छोड़ना है। मेरे वारिस तो आप सभी हैं, आपके बच्चे हैं, आपके नाती-पोते हैं। मेरी इच्छा है, मैं विरासत में आपको विकसित भारत दूं।

पलामू की विशाल रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी आपके जीवन में खुशहाली लाना चाहता है, लेकिन कांग्रेस वालों की नजर आपकी जमीन-जायदाद पर पड़ गई है। कांग्रेस आपकी जमीन-जायदाद की जांच करना चाहती है। आपकी संपत्ति का एक हिस्सा ये अपने खास वोटबैंक को देना चाहते हैं। ये आपकी कमाई का, आपकी फसल का, आपके वन-धन का हिस्सा भी हड़प लेना चाहते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस-जेएमएम और आरजेडी सब मिलकर आदिवासियों, पिछड़ों, दलितों के आरक्षण में डाका डालकर उसे धर्म के आधार पर मुसलमानों को देना चाहते हैं। लेकिन मेरे आदिवासी, दलित और पिछड़े भाई-बहन लिख कर रख लें कि जब तक मोदी जिंदा है, तब तक दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों के आरक्षण में से रत्तीभर भी मैं धर्म के आधार पर उनके वोटबैंक को नहीं देने दूंगा। मैं संविधान से कोई भी छेड़छाड़ नहीं करने दूंगा।

Leave a Reply