Home समाचार कांग्रेस का एकमात्र एजेंडा मोदी को गाली देना- विकसित भारत विकसित राजस्थान...

कांग्रेस का एकमात्र एजेंडा मोदी को गाली देना- विकसित भारत विकसित राजस्थान कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज 16 फरवरी को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से ‘विकसित भारत विकसित राजस्थान’ कार्यक्रम में 17 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। ये परियोजनाएं रेलवे, सड़क, सौर ऊर्जा, पेयजल, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस सहित कई अहम क्षेत्रों से जुड़ी हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राजस्थान की डबल इंजन सरकार ने तेजी से काम शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि आज जिन परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है, उनसे हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘जब मोदी आपको दी गई ऐसी गारंटियां पूरी करता है, तो कुछ लोगों की नींद उड़ जाती है। आप कांग्रेस की स्थिति देख रहे हैं। आपने हाल में ही कांग्रेस को सबक सिखाया है। लेकिन ये मानते ही नहीं। आज भी इनका एक ही एजेंडा है- मोदी को गाली दो। जो भी मोदी को जितनी ज्यादा गाली दे सकता है, उसे कांग्रेस उतना ही जोर से गले लगाती है। ये विकसित भारत का नाम तक नहीं लेते- क्योंकि मोदी इसके लिए काम कर रहा है। ये मेड इन इंडिया से बचते हैं- क्योंकि मोदी इसे बढ़ावा देता है। ये वोकल फॉर लोकल नहीं बोलते- क्योंकि मोदी इसके लिए आग्रह करता है।’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘कांग्रेस के पास एक ही एजेंडा है- मोदी विरोध, घोर मोदी विरोध। मोदी के विरोध में ये ऐसी-ऐसी बातें फैलाते हैं, जिससे समाज बंट जाए। जब कोई पार्टी परिवारवाद के, वंशवाद के घोर कुचक्र में फंस जाती है, तो उसके साथ ऐसा ही होता है। आज हर कोई कांग्रेस का साथ छोड़ रहा है, सिर्फ एक परिवार ही वहां दिखता है। ऐसी राजनीति युवा भारत को बिल्कुल प्रेरित नहीं करती।’

उन्होंने कहा कि मोदी की कोशिश है कि हर लाभार्थी तक तेजी से उसका हक पहुंचे, कोई भी वंचित न रहे। इसलिए ही हमने विकसित भारत संकल्प यात्रा भी शुरू की थी। इस दौरान करीब पौने 3 करोड़ साथियों की मुफ्त स्वास्थ्य जांच हुई। सिर्फ एक महीने में ही राजस्थान में 1 करोड़ नए आयुष्मान कार्ड बने हैं। 15 लाख किसान लाभार्थियों ने किसान क्रेडिट कार्ड के लिए रजिस्ट्रेशन किया। पीएम किसान सम्मान निधि योजना के लिए भी लगभग साढ़े 6 लाख किसान साथियों ने आवेदन किया है। अब इनके बैंक खातों में भी हज़ारों रुपए आने वाले हैं। इस यात्रा के दौरान, करीब 8 लाख बहनों ने उज्ज्वला गैस कनेक्शन के लिए पंजीकरण भी किया है। इनमें से सवा 2 लाख कनेक्शन जारी भी हो चुके हैं। अब इन बहनों को भी 450 रुपए का सिलेंडर मिलना शुरु हो चुका है। इतना ही नहीं, 2-2 लाख रुपए की जो बीमा योजनाएं हैं, उनसे भी राजस्थान के लगभग 16 लाख साथी जुड़े हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत बनाने के लिए हम देश के चार वर्गों को मजबूत बनाने में जुटे हैं। ये वर्ग हैं- युवा, महिला, किसान और गरीब। हमारे लिए यही चार सबसे बड़ी जातियां हैं। मुझे खुशी है कि इन वर्गों के सशक्तिकरण के लिए मोदी ने जो गारंटी दी थीं, उन्हें डबल इंजन सरकार पूरा कर रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ एक बहुत बड़ी समस्या ये है कि वो दूरगामी सोच के साथ सकारात्मक नीतियां नहीं बना सकती। कांग्रेस, ना भविष्य को भांप सकती है और ना ही भविष्य के लिए उसके पास कोई रोडमैप है। कांग्रेस की इसी सोच की वजह से भारत अपनी बिजली व्यवस्था को लेकर बदनाम रहता था। कांग्रेस के दौर में बिजली की कमी के कारण पूरे देश में कई-कई घंटों तक अंधेरा हो जाता था। जब बिजली आती भी थी, तो बहुत कम समय के लिए आती थी। करोड़ों गरीब परिवारों के घर में तो बिजली कनेक्शन ही नहीं था।

प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि विकसित भारत के लिए विकसित राजस्थान का निर्माण बहुत जरूरी है। और विकसित राजस्थान के लिए रेल, रोड, बिजली, पानी, जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं का तेज विकास होना जरूरी है। जब ये सुविधाएं बनेंगी, तब किसान-पशुपालक को लाभ होगा। राजस्थान में उद्योग आएंगे, फैक्ट्रियां लगेंगी, पर्यटन बढ़ेगा। अधिक निवेश आएगा, तो स्वाभाविक है, ज्यादा से ज्यादा नौकरियां भी आएंगी। जब सड़कें बनती हैं, रेल लाइन बिछती है, रेलवे स्टेशन बनते हैं, जब गरीबों के घर बनते हैं, जब पानी और गैस की पाइपलाइन बिछती है, तब निर्माण से जुड़े हर बिजनेस में रोजगार बढ़ता है।

Leave a Reply