Home समाचार टोक्यो ओलंपिक में नीरज चोपड़ा ने रचा इतिहास, जैवलिन थ्रो में जीता...

टोक्यो ओलंपिक में नीरज चोपड़ा ने रचा इतिहास, जैवलिन थ्रो में जीता स्वर्ण पदक, पीएम मोदी ने खास अंदाज में दी बधाई, जश्न में डूबा देश

SHARE

टोक्यो ओलंपिक में आज (7 अगस्त, 2021) भारत के लिए स्वर्णिम दिन रहा। जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने गोल्ड मेडल जीत कर इतिहास रच दिया। उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो 87.58 मीटर का रहा। यह ओलंपिक में ट्रैक ऐंड फील्ड से भारत के लिए पहला मेडल है। इसके साथ ही वह ओलंपिक में इंडिविजुअल स्पोर्ट में गोल्ड जीतने वाले शूटर अभिनव बिंद्रा के बाद दूसरे भारतीय ऐथलीट भी बन गए हैं। यह भारत का टोक्यो में 7वां मेडल भी है। इसके साथ ही भारत ने अपने लंदन ओलंपिक-2012 के बेस्ट प्रदर्शन 6 मेडल को पीछे छोड़ दिया।

नीरज ने पहले प्रयास में 87.03 मीटर भाला फेंका, जबकि दूसरे प्रयास में 87.58 मीटर रहा। इसके साथ ही उनका गोल्ड मेडल लगभग पक्का हो गया था, क्योंकि वह दोनों ही राउंड में टॉप पर रहे थे। नीरज ने फाइनल में अपने दूसरे प्रयास से ही भारतीय फैंस को झूमने का मौका दे दिया था। नीरज चोपड़ा की कामयाबी पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने खास अंदाज में बधाई दी। उन्होंने ट्वीट किया,  “टोक्यो में इतिहास रचा गया है! नीरज चोपड़ा ने आज जो हासिल किया है उसे हमेशा याद किया जाएगा। युवा नीरज ने असाधारण रूप से अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने उल्लेखनीय जुनून के साथ खेला और अद्वितीय धैर्य दिखाया। गोल्ड जीतने के लिए उन्हें बधाई।” #टोक्यो2020

नीरज चोपड़ा का मुकाबला देखने के लिए उनके पानीपत के गांव खांडरा स्थित घर में बड़ी स्क्रीन लगाई गई। घर में पूरा परिवार, रिश्तेदार, गांववाले और एथलेक्टिक्स फेडरेशन के अधिकारी जुटे। उन्होंने एक साथ लाइव मुकाबला देखा। पंडाल लगाकर कुर्सियां लगाई गईं। गांव के बड़े बुजुर्ग, बच्चे और महिलाएं सुबह से ही नीरज के घर पर जुटने लगे थे। ओलंपिक इतिहास में भारत कभी ट्रैक एंड फील्ड इवेंट में मेडल नहीं जीता था। लेकिन अपना पहला ओलंपिक खेल रहे नीरज ने सोना जीतकर अपने गांव वालों के साथ ही 130 करोड़ भारतीयों को खुशी से झूमने का मौका दे दिया। हरियाणा के 23 वर्षीय नीरज चोपड़ा 13 साल बाद भारत के ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने का सपना पूरा कर दिए हैं। इससे पहले 2008 बीजिंग ओलंपिक में अभिनव बिंद्रा ने शूटिंग में भारत को स्वर्ण पदक दिलाया था।

 

 

 

Leave a Reply