Home समाचार मन की बात ने भारत की विरासत, इतिहास एवं संस्कृति को और...

मन की बात ने भारत की विरासत, इतिहास एवं संस्कृति को और अधिक उभारा है

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” की 100वीं कड़ी का उत्सव मनाने वाली “जन शक्ति” नाम की एक प्रदर्शनी का 30 अप्रैल को नई दिल्ली स्थित एनजीएमए में उद्घाटन किया गया। अंजलि इला मेनन ने इस “जन शक्ति: एक सामूहिक शक्ति” शीर्षक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। यह प्रदर्शनी भारत की कलात्मक विविधता का उत्सव मनाती है।

केन्द्रीय संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 100वीं कड़ी में देश को संबोधित किया है। यह प्रदर्शनी ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री द्वारा पेश किए गए विभिन्न विषयों, दृष्टिकोणों और विचारों पर प्रकाश डालती है। कलाकारों ने जनभागीदारी पर आधारित सरकार के विभिन्न विकासात्मक पहलों को दृष्टिगत रूप से अभिव्यक्त किया है। उन्होंने ‘मन की बात’ कार्यक्रम पर आईआईटी रोहतक की रिपोर्ट का विवरण भी साझा किया। उन्होंने यह भी कहा कि ‘मन की बात’ के मूल में जन संवाद, जन जागरूकता; जन कल्याण, जन सम्मान और जनभागीदारी का समावेश है। उन्होंने यह भी कहा कि ‘मन की बात’ ने भारत की विरासत, इतिहास एवं संस्कृति को और अधिक उभारा है।

विदेश तथा संस्कृति राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि रेडियो व्यापक पहुंच का एकमात्र माध्यम है और लोगों तक पहुंचने पर कोई भी संचार प्रासंगिक हो जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि नेतृत्व ने अपने मौखिक संचार के माध्यम से देश को बदल दिया है व प्रेरित किया है और ‘मन की बात’ से संबंधित मौखिक संचार को दृष्टिगत रूप से कलाकृतियों के जरिए प्रभावी ढंग से दर्शाया गया है।

प्रसिद्ध क्यूरेटर डॉ. अलका पांडे द्वारा क्यूरेट की गई इस प्रदर्शनी में बारह आधुनिक और समकालीन भारतीय कलाकारों को दिखाया गया है। प्रत्येक कलाकार ने जल संरक्षण एवं नारी शक्ति से लेकर कोविड एवं भारत; दुनिया के बारे में जागरूकता तक कुल 12 विषयों में से किसी एक विशिष्ट विषय पर अपनी कलाकृति का प्रदर्शन करके इस प्रदर्शनी में अपना योगदान दिया। इस प्रदर्शनी के अन्य विषयों में स्वच्छ भारत, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन, भारतीय कृषि, योग एवं आयुर्वेद, भारतीय विज्ञान एवं अंतरिक्ष, खेल एवं सेहत, भारत @ 75 एवं अमृत काल और उत्तर-पूर्वी भारत का उत्सव मनाना शामिल हैं।

इस प्रदर्शनी में प्रदर्शित की जाने वाली कलाकृतियां चित्रों, मूर्तियां, तस्वीरें, स्थापनाएं और नए मीडिया सहित विभिन्न प्रकार के माध्यमों को दर्शाती हैं। प्रदर्शनी में आने वाले दर्शकों को विविध रचनात्मक अभिव्यक्तियों की एक श्रृंखला का अवलोकन करने का अवसर मिलेगा जो प्रत्येक विषय पर कलाकारों के अद्वितीय दृष्टिकोण को संप्रेषित करता है। जन शक्ति प्रदर्शनी में 3डी प्रोजेक्शन तकनीक के समावेश ने आगंतुकों को प्रदर्शित कलाकृति एवं विषयों के साथ जुड़ने का एक उत्तेजक और नवीन दृष्टिकोण प्रदान किया है। विभिन्न सतहों पर छवियों और वीडियो का प्रक्षेपण एक व्यापक एवं संवादात्मक अनुभव प्रदान करता है, जिसके परिणामस्वरूप एक यादगार एवं सार्थक समागम होता है। इस तकनीक का कार्यान्वयन इस प्रदर्शनी में एक रचनात्मक एवं गतिशील तत्व का समावेश करता है और इसे दूसरों से अलग करते हुए आगंतुकों पर एक अमिट छाप छोड़ता है। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य “मन की बात” से प्रेरित विभिन्न विषयों पर एक अनूठा दृष्टिकोण पेश करते हुए लोगों को एक व्यापक और आकर्षक अनुभव प्रदान करना है।

इस अवसर पर संस्कृति मंत्रालय द्वारा अमर चित्र कथा के सहयोग से तैयार की गई 12 पुस्तकों की एक श्रृंखला की पहली कॉमिक बुक का विमोचन किया गया। पहली पुस्तक में देश के विभिन्न हिस्सों से जुड़ी जीवन के विभिन्न क्षेत्रों को कवर करने वाली नौ कहानियां हैं। इन पुस्तकों को अंग्रेजी में प्रकाशित किया जाएगा और फिर उनका 12 भारतीय भाषाओं – तेलुगू, तमिल, मराठी, बंगाली, ओड़िया, गुजराती, कन्नड़, हिंदी, असमिया, मलयालम, पंजाबी और उर्दू में अनुवाद किया जाएगा। इस पुस्तक में मनमोहक काल्पनिक पात्रों का एक सेट रचा गया है जो 12 पुस्तकों की पूरी श्रृंखलाओं में बने रहेंगे और कहानियों को एक – दूसरे के साथ जोड़ेंगे। उनकी बातचीत के माध्यम से, हम ‘मन की बात’ के सभी विषयों और कहानियों को जान पायेंगे।

Leave a Reply