Home समाचार महाराष्ट्र, केरल, पंजाब में कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी का ट्रेंड जारी,...

महाराष्ट्र, केरल, पंजाब में कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी का ट्रेंड जारी, पिछले 24 घंटों में 17,407 नए मामले दर्ज

SHARE

देशभर में धीरे-धीरे कोरोना नियंत्रण में आ रहा है लेकिन महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, तमिलनाडु, गुजरात और कर्नाटक में लगातार कोरोना के नए मामलों में बढ़ोतरी जारी है। पिछले 24 घंटों में दर्ज किए गए कुल नए मामलों में इन राज्यों का योगदान 85.51 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों में 17,407 नए मामले दर्ज किए गए।

महाराष्ट्र में सबसे अधिक 9,855 नए मामलों का पता चला है। 18 अक्टूबर के बाद महाराष्ट्र में एक दिन में दर्ज की गई कोरोना रोगियों की यह सबसे बड़ी संख्या है। 18 अक्टूबर को राज्य में 10,259 नए मामले सामने आए थे। केरल में 2,765 जबकि पंजाब में 772 नए मामले सामने आए हैं।

देश में कुल सक्रिय मामलों की संख्या 1,73,413 हो गई है। मौजूदा सक्रिय मामलों की कुल संख्या अब देश के कुल संक्रमित मामलों की केवल 1.55 प्रतिशत है। महाराष्ट्र, गुजरात, पंजाब और मध्य प्रदेश में सक्रिय मामलों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है।

देश में ठीक हुए मामलों की कुल संख्या में भी लगातार बढ़ोतरी का रूझान जारी है। 4 मार्च को सुबह 7 बजे तक 1.66 करोड़ से अधिक वैक्सीन की खुराक दी जा चुकी हैं।

पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना से 89 लोगों की मृत्यु हुई। मौत के नए मामलों में 6 राज्यों का 88.76 प्रतिशत योगदान है। महाराष्ट्र में सबसे अधिक 42 कोविड मरीजों की मौत हुई जबकि केरल में 15 और पंजाब में 12 मौत हुई।

कोरोना से 23 राज्यों में पिछले 24 घंटों में किसी भी व्यक्ति की मौत होने की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। ये राज्य हैं- मध्य प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, गोवा, उत्तराखंड, झारखंड, पुदुचेरी, असम, लक्षद्वीप, नागालैंड, सिक्किम, लद्दाख, त्रिपुरा, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, मणिपुर, मिजोरम, मेघालय, दमन और दीव, दादरा-नगर हवेली और अरुणाचल प्रदेश।

Leave a Reply