Home समाचार लखनऊ में विवादित पोस्टर लगाकर भाग रहे कांग्रेस के पूर्व पार्षद ने...

लखनऊ में विवादित पोस्टर लगाकर भाग रहे कांग्रेस के पूर्व पार्षद ने पुलिसकर्मी पर चढ़ाई गाड़ी, साथी सहित गिरफ्तार

SHARE

हाथरस कांड में कांग्रेस अपनी संजीवनी तलाश रही है। उसे लगता है कि इस कांड से उसे सियासी फायदा मिल सकता है। लेकिन जिस तरह वह इस घटना को लेकर उतावली है, उससे वह खुद फंसती नजर आ रही है। लखनऊ में कांग्रेस के पूर्व पार्षद शैलेन्द्र तिवारी विधानसभा भवन के आसपास हाथरस कांड और महिलाओं को लेकर विवादित पोस्टर चिपकाते नजर आए। जब पुलिस ने पीछा किया तो उन्होंने सिपाही की बाइक पर गाड़ी चढ़ा दी। कांग्रेस नेता की गाड़ी की टक्कर से सिपाही घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने नेता को उसके साथी के साथ गिरफ्तार कर लिया।

इंस्पेक्टर अंजनी पांडेय के मुताबिक हजरतगंज इलाके में पोस्टर चस्पा करने की सूचना पर चौकी इंचार्ज नरही भूपेंद्र सिंह और पुलिस कर्मी जांच पड़ताल करने पहुंचे थे। पोस्टर चिपका रहे दो लोग पुलिस को देखकर भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने उनका पीछा किया। कसमंडा चौराहे के पास कार सवार को घेरने के लिए सिपाही राहुल ने अपनी बाइक आगे लगाई तो उन्होंने उसकी बाइक पर कार चढ़ा दी, जिससे सिपाही राहुल घायल हो गया।

पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद जब कांग्रेस नेता के कार की जांच की गई, तो कार में वे पोस्टर भी मिले, जिन्हें हजरतगंज इलाके में चस्पा किया गया था। कार में बैठे कांग्रेस नेता शैलेन्द्र तिवारी और उनके साथी सलमान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। चौकी इंचार्ज नरही की शिकायत पर हजरतगंज पुलिस ने सरकारी काम में बांधा पहुंचाने और सिपाही पर जानलेवा हमला करने के आरोप में केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।

कार से जो पोस्टर बरामद हुआ, उसमें एक लड़की को पिस्टल, कटार, तलवार से लैस दिखाया गया है। पोस्टर में यह भी नारा है- ‘बेटियों की कमर पर अब करधन नहीं पिस्टल, कटार और तलवार की जरूरत।’ इस तरह कांग्रेस बेटियों को कलम की जगह हथियार थमाने की बात कर रही है। कांग्रेस की इस ड्रामेबाजी का मकसद बेटियों की सुरक्षा कम, बेटियों को मोहरा बनाकर अपनी सियासत चमकाने की कोशिश ज्यादा है। 

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य और पूर्व पार्षद शैलेंद्र तिवारी बबलू ने यूपी में प्रियंका गांधी के सक्रिया होने के बाद ‘प्रियंका सेना’ बनाई है। हाथरस कांड के बाद ‘प्रिंयका सेना’ फिर सक्रिय हो गई है।