Home समाचार गुवाहाटी नगर निगम चुनाव में भाजपा का परचम, जीत लीं 60 में...

गुवाहाटी नगर निगम चुनाव में भाजपा का परचम, जीत लीं 60 में से 58 सीटें, पीएम मोदी ने दी बधाई, कांग्रेस का नहीं खुला खाता

SHARE

जहां पूरे भारत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता कायम है, वहीं असम में बीजेपी की डबल इंजन की सरकार ने लोगों के भरोसे को मजबूत किया है। मुख्ममंत्री हिमंता विस्व सरमा लोगों के उम्मीदों पर खरे उतर रहे हैं। इसी का परिणाम है कि राजधानी गुवाहाटी में हुए नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार ने प्रचंड जीत हासिल की है। 9 साल बाद हुए नगर निगम चुनाव में जहां एनडीए ने नगर निगम की कुल 60 में से 58 सीटें जीत कर सबको हैरान कर दिया है, वहीं कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला।

भाजपा की इस प्रचंड जीत पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। जम्मू-कश्मीर के सांबा स्थित पल्ली गांव में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर आयोजित कार्यक्रम मे शामिल होने पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने असमिया और अंग्रेजी में ट्वीट कर कहा, ‘धन्यवाद गुवाहाटी! इस प्यारे शहर के लोगों ने विकास के पथ पर आगे बढ़ने के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान किया है। उन्होंने असम के लिए दिनरात काम करने वाले मुख्यमंत्री हिमंता विस्व सरमा की मेहनत को अपना आशीर्वाद दिया है। भाजपा कार्यकर्ताओं को कठिन परिश्रम के लिए मैं बधाई देता हूं।’

प्रधानमंत्री मोदी के ट्वीट को री-ट्वीट करते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंता विस्व सरमा ने लिखा, “आदरणीय प्रधानमंत्री जी आपकी बधाई और शुभकामनाओं के लिए हम आपके कृतज्ञ हैं। यह आपके दृष्टिकोण और पूर्वोत्तर में विकास कार्यों का परिणाम है।” सरमा ने नगर निगम चुनावों में भाजपा को मिली जीत को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि मैं भाजपा की सहयोगी पार्टियों, कार्यकर्ताओं और गुवाहाटी के लोगों को भाजपा को ऐतिहासिक बहुमत देने के लिए धन्यवाद देता हूं। पूर्व मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने भी जीएमसी चुनाव में जीत के लिए भाजपा और अगप को बधाई दी।

गुवाहाटी नगर निगम (जीएमसी) के चुनाव की रविवार (24 अप्रैल, 2022) को मतगणना हुई। इसमें भाजपा ने 52, असम गण परिषद 6, आम आदमी पार्टी (आप) एक और असम जातीय परिषद (एजेपी) ने एक सीट पर जीत हासिल की है। गुवाहाटी नगर निगम के 57 वार्ड के लिए शुक्रवार (22 अप्रैल, 2022) को मतदान हुआ था। तीन वार्ड में भाजपा उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया था। 60 सीटों पर कुल 197 उम्मीदवार मैदान में थे।

गौरतलब है कि वर्ष 2013 में गुवाहाटी नगर निगम का चुनाव हुआ था। तब कांग्रेस को चुनाव में जीत मिली थी। वर्ष 2016 में असम में भाजपा की सरकार बनी, तो नगर निगम में कांग्रेस अल्पमत में आ गयी। वर्ष 2022 के निगम चुनाव में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के जरिये वोटिंग हुई। 52.80 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।

 

Leave a Reply