Home समाचार दिल्ली में टिकट बेचने के आरोप में AAP के विधायक की पिटाई,...

दिल्ली में टिकट बेचने के आरोप में AAP के विधायक की पिटाई, नाराज कार्यकर्ताओं ने कॉलर पकड़कर मारे मुक्के, जान बचाकर भागे

SHARE

दिल्ली के मुख्यमंंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ ही आम जनता से झूठ वादे करके और मूर्ख बनाकर सत्ता हासिल कर लिया, लेकिन अब कार्यकर्ताओं और जनता के सब्र का बांध टूटने लगा है। जिन कार्यकर्ताओं ने पूरी ईमानदारी के साथ केजरीवाल का साथ दिया,आज वहीं कार्यकर्ता अपने साथ हो रहे विश्वासघात से आहत है। आज आम आदमी पार्टी एक ऐसी भ्रष्टचार की मंडी बनकर रह गई है, जिसमें दिल्ली नगर निगम चुनाव को लेकर खुलेआम टिकटों की खरीद-बिक्री हो रही है। इससे आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने अपना गुस्सा AAP के मटियाला से विधायक औऱ गुजरात के प्रभारी रहे गुलाब सिंह यादव पर निकाला और उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।

टिकट बेचने के आरोप में  पीट गए ‘आप’ के विधायक

दरअसल AAP के विधायक गुलाब सिंह यादव सोमवार रात करीब 8 बजे दिल्ली के श्याम विहार में अपने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे थे। इस दौरान कार्यकर्ता टिकट बेचने को लेकर अचानक आक्रोशित हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। कार्यकर्ता विधायक पर टूट पड़े और उनका कॉलर पकड़कर धक्का-मुक्की करने लगे। कार्यकर्ताओं से बचने के लिए विधायक बाहर निकलकर भागने की कोशिश करने लगे तो कार्यकर्ता उनका पीछा करते हुए उन्हें मुक्के मारते रहे। पहले कार्यकर्ताओं ने गुलाब सिंह को कार्यालय में मारा इसके बाद पीटते हुए कार्यालय से बाहर लेकर आए। आखिरकार विधायक को अपनी जान बचाकर वहां से भागना पड़ा। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

‘मारो-मारो, चोर-चोर’ की आवाज के बीच जान बचाकर भागे विधायक

इस वीडियो में साफ तौर पर सुना और देखा जा सकता है कि कार्यकर्ता मारो-मारो, चोर-चोर की आवाज लगा रहे हैं और विधायक जान बचाकर भाग रहे हैं। लेकिन अभी तक आम आदमी पार्टी की ओर से इस घटना पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अभी तक इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी नहीं की है। पुलिस उपायुक्त (द्वारका) एम हर्षवर्धन ने बताया कि टिकट वितरण के मुद्दे पर कहासुनी हुई जिसके बाद कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं ने गुलाब सिंह के साथ धक्कामुक्की की। उन्होंने कहा, ”उनका मेडिकल टेस्ट किया गया है लेकिन कोई अंदरूनी चोट नहीं मिली। बयान के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।’’

‘केजरीवाल जी, आप के सभी भ्रष्ट विधायकों की बारी ऐसे आएगी’

गुलाब सिंह के पिटाई के बाद बीजेपी भी आम आदमी पार्टी और केजरीवाल पर हमलावर हो गई है। दिल्ली बीजेपी ने ट्वीट किया, “आप विधायक की पिटाई! आम आदमी पार्टी के विधायक गुलाब सिंह यादव को टिकट बेचने के आरोप में आप कार्यकर्ताओं ने पीटा। केजरीवाल जी, आप के सभी भ्रष्ट विधायकों की बारी ऐसे आएगी।” बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने भी कटाक्ष किया और कहा कि आप का भ्रष्टाचार ऐसा है कि उसके सदस्य भी अपने विधायकों को नहीं छोड़ रहे हैं। उन्होंने ट्वीट किया, “जो आए थे भ्रष्टाचार के खिलाफ “लड़ाई” लड़ने, आज उनकी भ्रष्टाचार के लिए “पिटाई” हो रही है। ये वही लोग है जो कभी देश के भ्रष्टतम लोगों का नाम जारी करते थे बाद में उन्हीं लोगों के साथ जाकर गलबहियां करने लग गए। आज अरविंद केजरीवाल और उनकी पूरी पार्टी भ्रष्टाचार की पर्याय बन चुकी है।”

एमसीडी चुनाव में ‘आप’ के हथियार से ‘आप’ पर हमला

दिल्ली नगर निगम का चुनाव काफी दिलचस्प हो गया है। आम आदमी पार्टी जिस भ्रष्टाचार के हथियार से विरोधियों पर हमले कर रही थी, अब वो हथियार उसके खिलाफ ही इस्तेमाल होने लगा है। सबसे हैरानी की बात यह है कि उस हथियार का इस्तेमाल कोई विरोधी नहीं कर रहे हैं, बल्कि उसके कार्यकर्ता ही कर रहे हैं। पार्टी के विधायकों पर एमसीडी चुनाव में टिकट के बदले रिश्वत लेने का खुलासा खुद पार्टी के कार्यकर्ता कर रहे हैं। नया-नया स्टिंग वीडियो जारी कर केजरीवाल के कट्टर ईमानदारी के दावे की धज्जियां उड़ा रहे हैं। आप के कार्यकर्ता बिंदु श्रीराम से टिकट के बदले 80 लाख रुपये मांगे गए। वार्ड नंबर-54 सीट के बदले ये पैसे मांगे गए। एक स्टिंग ऑपरेशन में 110 सीटों की बुकिंग होने की बात सामने आई है।

जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार हुए थे गुलाब सिंह यादव 

इससे पहले 2016 में गुलाब सिंह पर जबरन वसूली के आरोप लगे थे। तब वह आम आदमी पार्टी के गुजरात के प्रभारी थे। दिल्ली में दर्ज हुए मामले में गुलाब सिंह यादव को गुजरात से गिरफ्तार कर यहां लाया गया था। गुलाब सिंह और उनके सहयोगियों के खिलाफ धमकी और वसूली मामले में गैर-जमानती वॉरंट जारी किया गया था। बिल्डरों ने आरोप लगाया था कि आप विधायक के कार्यालय में काम करने वाले सतीश और देविंदर और एक सहयोगी जगदीश ने उनसे धन की मांग की थी और धमकी दी थी कि अगर पैसे का भुगतान नहीं किया गया तो वे उस भवन को ध्वस्त करा देंगे।

 

Leave a Reply