Home समाचार 42वां स्थापना दिवस मना रही बीजेपी, पीएम मोदी के नेतृत्व में मजबूती...

42वां स्थापना दिवस मना रही बीजेपी, पीएम मोदी के नेतृत्व में मजबूती के साथ देशभर में बीजेपी का विस्तार

SHARE

भारतीय जनता पार्टी आज (6 अप्रैल, 2022) अपना 42वां स्थापना दिवस मना रही है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भाजपा के कार्यकर्ताओं, मंत्रियों, सांसदों और विधायकों को संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैं देश और दुनिया भर में फैले भाजपा के प्रत्येक सदस्य को बहुत बहुत शुभकामनाएं देता हूं। कश्मीर से कन्याकुमारी, कच्छ से कोहिमा तक भाजपा एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संकल्प को निरंतर सशक्त कर रही है। बीते वर्षों में देश ने ये देखा कि अपने नागरिकों का जीवन आसान बनाना भाजपा सरकारों की, डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता रही है। सबका साथ, सबका विकास के मंत्र के साथ हम सबका विश्वास प्राप्त कर रहे हैं। देश के विकास के लिए दिन रात मेहनत कर रहे हैं। आज भाजपा ही इकलौती पार्टी है जो परिवारवाद की चुनौती से देश को सजग कर रही है, सतर्क कर रही है।

अटल-आडवाणी की जोड़ी ने मजबूत की बुनियाद

भाजपा ने 6 अप्रैल,1980 को शुरू हुई अपनी राजनीतिक यात्रा में कई उतार चढ़ाव देखे हैं। अटल-आडवाणी की जोड़ी ने पार्टी को खड़ा किया। भाजपा के पहले अध्यक्ष और भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने पहली बार 1999-2004 तक सहयोगी दलों के समर्थन से सरकार बनाई। अटल बिहारी वाजपेयी अक्सर अपने भाषणों और इंटरव्यू में कहा करते थे कि एक दिन उनकी पार्टी अपने दम पर देश की सत्ता में आएगी और कांग्रेस का नाम लेने वाला भी कोई नहीं रहेगा। अटल-आडवाणी के दौर से तप-तपकर भाजपा जब मोदी-शाह युग में पहुंची, तो इस जोड़ी ने वो कर दिखाया जिसकी भविष्यवाणी अटली जी ने की थी।  

सच साबित हुई अटल जी की भविष्यवाणी

2014 में नरेन्द्र मोदी को भाजपा की तरफ से प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया गया। यहां से भाजपा के एक नए युग की शुरुआत हुई। कभी दो सीटों वाली पार्टी रही भाजपा नरेन्द्र मोदी के करिश्माई नेतृत्व में पहली बार केंद्र में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने में सफल रही। यह सिलसिला 2019 में भी चला। तमाम चुनौतियों और विपक्ष की घेराबंदी के बावजूद भाजपा पहली बार 300 सीटों का आंकड़ा पार कर राजनीतिक पंडितों को हैरान कर दिया।

पीएम मोदी के नेतृत्व में उपलब्धियां बेमिसाल

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीजेपी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है। 2014 में नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने क साथ ही भाजपा की किस्‍मत बदलनी शुरू हो गई थी। 2018 आते-आते भाजपा देश के 21 राज्‍यों पर राज कर रही थी, या तो अपने दम पर या गठबंधन के जरिए। आज 17 राज्यों में भाजपा की अपनी अथवा अपने सहयोगियों के साथ सरकारें हैं। देश की 45 प्रतिशत आबादी पर सीधे बीजेपी का शासन है। तीन दशकों के बाद राज्यसभा में किसी पार्टी(भाजपा) के सदस्यों की संख्या 101 तक पहुंची है। राम मंदिर निर्माण और अनुच्छेद-370 की समाप्ति जैसे बड़े वादे पूरे किए। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का कद बढ़ा है। प्रधानमंत्री मोदी सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले गैर कांग्रेसी प्रधानमंत्री भी बनने जा रहे हैं। 31 मई, 2022 को भाजपा का वर्तमान कार्यकाल स्वतंत्रता के बाद गैर कांग्रेस सरकार के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल बन जायेगा जोकि भाजपा की विकास यात्रा में एक सुनहरा पल होगा। 

सामाजिक न्याय पखवाड़ा मना रही भाजपा

भाजपा अपने स्थापना दिवस से लेकर 14 दिनों तक सामाजिक न्याय पखवाड़ा मना रही है। पार्टी ने इस दौरान कई कार्यक्रमों के आयोजन का फैसला किया है। पार्टी महासचिव अरुण सिंह ने जानकारी दी है कि भाजपा 7 अप्रैल से 20 अप्रैल तक देश भर में सामाजिक न्याय के मुद्दे पर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित करेगी। केंद्र की जन कल्याण योजनाओं को समाज के हर तबके तक पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा 12 अप्रैल को पूरे देश में बीजेपी टीकाकरण दिवस मनाएगी, फिर 13 तारीख को गरीब कल्याण अन्न योजना को लेकर कार्यक्रम चलेंगे। 14 अप्रैल को बाबा साहेब अंबेडकर की जयंती मनाई जाएगी और उसी से जुड़े कार्यक्रम भी रखे जाएंगे।

 

Leave a Reply