प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज 04 नवंबर को बिहार की नारी शक्ति से सीधा संवाद करने जा रहे हैं। यह कार्यक्रम ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत–महिला संवाद’ अभियान के तहत होगा। प्रधानमंत्री आज दोपहर 3:30 बजे नमो ऐप के माध्यम से राज्य की माताओं, बहनों और महिला कार्यकर्ताओं से जुड़ेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा की है और इसे बहुत महत्वपूर्ण संवाद बताया है।
बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा-एनडीए की जीत सुनिश्चित करने के लिए हमारी मातृशक्ति भी असाधारण ऊर्जा और पूरे समर्पण भाव से जुटी हुई है। चुनाव अभियान में उनकी सक्रिय भागीदारी बिहार में लोकतंत्र की यात्रा को और सशक्त बना रही है। कल 04 नवंबर को दोपहर 3:30 बजे ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत -… pic.twitter.com/ZkU4YahMeC
— Narendra Modi (@narendramodi) November 3, 2025
यह संवाद भाजपा के राष्ट्रव्यापी बूथ सशक्तिकरण अभियान का अहम हिस्सा है। पार्टी का मानना है कि यदि बूथ स्तर पर संगठन मजबूत है, तो जनता से सीधे संवाद स्थापित करना और सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना आसान हो जाता है। इसी कड़ी में महिलाओं से बात करते हुए प्रधानमंत्री मोदी न सिर्फ संगठनात्मक मजबूती पर फोकस करेंगे, बल्कि केंद्र की महिला सशक्तिकरण योजनाओं की उपलब्धियों को भी विस्तार से साझा करेंगे।

पिछले कुछ वर्षों में केंद्र सरकार की कई योजनाओं ने सीधे तौर पर महिलाओं की दैनिक जिंदगी में बड़ा बदलाव लाया है। उज्ज्वला योजना ने रसोई में धुएं से राहत दी, जनधन योजना ने महिलाओं को वित्तीय रूप से सक्षम बनाया, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना ने मातृत्व के दौरान सहारा दिया, आयुष्मान भारत ने स्वास्थ्य सुरक्षा दी और प्रधानमंत्री आवास योजना ने लाखों परिवारों को अपना घर दिया। प्रधानमंत्री अपने संवाद में इन योजनाओं के जरिए आए सामाजिक और आर्थिक बदलावों पर भी प्रकाश डालेंगे।









