Home समाचार थोड़ी भी हमदर्दी है तो कांग्रेस का अध्यक्ष किसी मुसलमान को बनाओ,...

थोड़ी भी हमदर्दी है तो कांग्रेस का अध्यक्ष किसी मुसलमान को बनाओ, संसद में 50 प्रतिशत टिकट दो- प्रधानमंत्री मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेद्न मोदी ने तुष्टिकरण को लेकर कांग्रेस पर जोरदार निशाना साधा है। पार्टी की नीति पर तंज कसते हुए उन्होंने सवाल किया कि अगर मुसलमानों के लिए प्यार है तो कांग्रेस किसी मुसलमान को अध्यक्ष क्यों नहीं बनाती, संसद में 50 प्रतिशत टिकट क्यों नहीं देती?

आज 14 अप्रैल को हरियाणा के हिसार में महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन की आधारशिला रखते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने वक्फ को लेकर कहा कि ‘वोटबैंक को खुश करने के लिए कानून को ऐसा बना दिया। बाबा साहब के संविधान की ऐसी की तैसी कर दी। संविधान के अनेक प्रावधानों से भी ऊपर कर दिया। ये कहते हैं कि इन्होंने ये मुसलमानों के हित में किया। अगर सच्चे अर्थ में आपके दिल में मुसलमानों के लिए थोड़ी भी हमदर्दी है, तो कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष किसी मुसलमान को बनाए। 50 परसेंट टिकट मुसलमानों को दो। लेकिन ये नहीं करना है। इनकी नीयत किसी की भला करने की कभी नहीं रही, मुसलमानों का भी भला करने की नहीं रही। यही कांग्रेस की असली सच्चाई है।’

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने हमारे पवित्र संविधान को, सत्ता हासिल करने का एक हथियार बना दिया। जब-जब कांग्रेस को सत्ता का संकट दिखा, उन्होंने संविधान को कुचल दिया। कांग्रेस ने आपातकाल में संविधान की स्पिरिट को कुचला, ताकि जैसे-तैसे सत्ता बनी रहे। संविधान की भावना है कि सबके लिए एक जैसी नागरिक संहिता हो, लेकिन कांग्रेस ने इसे कभी लागू नहीं किया। इसे भी तुष्टिकरण का माध्यम बना दिया। कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार ने सरकारी टेंडर में भी धर्म के आधार पर आरक्षण दे दिया। जबकि संविधान में धर्म के आधार पर आरक्षण की व्यवस्था ही नहीं है।’

उन्होंने कहा कि ‘कांग्रेस की तुष्टिकरण की नीति का बहुत बड़ा नुकसान, मुस्लिम समाज को भी हुआ है। कांग्रेस ने सिर्फ कुछ कट्टरपंथियों को ही खुश किया। बाकी समाज, बेहाल रहा, अशिक्षित रहा, गरीब रहा। कांग्रेस की इस कुनीति का सबसे बड़ा प्रमाण वक्फ कानून है। देश आजाद होने के बाद साल 2013 तक वक्फ का कानून चलता था, लेकिन चुनाव जीतने के लिए, तुष्टीकरण की राजनीति के लिए, वोट बैंक की राजनीति के लिए 2013 के आखिर में, आखिरी सत्र में कांग्रेस ने इतने सालों तक चल रहे वक्फ कानून में आनन-फानन संशोधन कर दिया, ताकि चुनाव में वोट पा सके।’

सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ‘वक्फ के नाम पर लाखों हेक्टेयर जमीन पूरे देश में है। इस जमीन, इस प्रॉपर्टी से गरीब का, बेसहारा महिलाओं-बच्चों का भला होना था। लेकिन इससे मुट्ठीभर भू-माफिया का ही भला हुआ। पसमांदा मुस्लिम समाज को इसका कोई फायदा नहीं हुआ। और ये भूमाफिया, किसकी ज़मीन लूट रहे थे? ये दलित की, पिछड़े की, आदिवासी की जमीन लूट रहे थे। विधवा महिलाओं की संपत्ति लूट रहे थे। सैकड़ो विधवा महिलाओं ने केंद्र सरकार को चिट्ठी लिखकर मांग की थी तब जाकर इस कानून पर चर्चा करने की बात आई है। नए प्रावधानों से वक्फ की पवित्र भावना का सम्मान होगा। मुस्लिम समाज के गरीब और पसमांदा परिवारों, महिलाओं खासकर मुस्लिम विधवाओं और उनके बच्चों को उनका हक भी मिलेगा और भविष्य में उनका हक सुरक्षित भी रहेगा। यही असली सामाजिक न्याय है।’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारी सरकार एक तरफ कनेक्टिविटी पर बल दे रही है। दूसरी तरफ गरीब कल्याण और सामाजिक न्याय भी सुनिश्चित कर रही है। यही तो बाबा साहेब अंबेडकर का सपना था, हमारे संविधान निर्माताओं की आकांक्षा थी। लेकिन हमें ये कभी भूलना नहीं है कि कांग्रेस ने बाबा साहेब अंबेडकर के साथ क्या किया। जब तक बाबासाहेब जीवित थे, कांग्रेस ने उन्हें अपमानित किया। दो-दो बार उन्हें चुनाव हरवाया। कांग्रेस की पूरी सरकार उन्हें उखाड़ फेंकने में लगी थी। कांग्रेस ने बाबा साहेब के विचारों को भी हमेशा के लिए खत्म कर देना चाहा। डॉक्टर अंबेडकर समानता लाना चाहते थे, लेकिन संविधान की भक्षक बन गई।

उन्होंने कहा कि बाबा साहेब, चाहते थे कि हर गरीब, हर वंचित, गरिमा से जी सके। लेकिन कांग्रेस ने एस, एसटी, ओबीसी को सेकंड क्लास सिटिज़न बना दिया। हमारी सरकार ने 2014 के बाद, बाबा साहेब की प्रेरणा को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए अनेक कदम उठाए। बाबा साहेब देश और दुनिया में जहां-जहां रहे, वे सभी स्थान उपेक्षित थे। जो संविधान के नाम पर अपनी राजनीतिक रोटी सेंकने के लिए निकले हैं। उन्होंने बाबा साहेब के नाम से जुड़े इस स्थान का अपमान किया इसे इतिहास से मिटाने का प्रयास किया। कांग्रेस के लोग सामाजिक न्याय की बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन हमें ये भी याद रखना है कि कांग्रेस ने बाबा साहेब और चौधरी चरण सिंह इन दोनों महान सपूतों को भारत रत्न नहीं दिया था। बाबा साहेब को भारत रत्न तब मिला, जब केंद्र में भाजपा के समर्थन वाली सरकार बनी। वहीं हमें गर्व है कि भाजपा की ही सरकार ने चौधरी चरण सिंह जी को भी भारत रत्न दिया।

Leave a Reply