Home समाचार भारतीय लोकतंत्र के मुरीद पाक आर्मी चीफ

भारतीय लोकतंत्र के मुरीद पाक आर्मी चीफ

SHARE

पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा ने भारतीय लोकतंत्र की तारीफ की है। उन्होंने सेना के अफसरों को भारतीय लोकतंत्र से सीख लेने की बात कही है। आपको यकीन नहीं हो रहा है ना? पाकिस्तानी सेना प्रमुख से भारत की तारीफ की बात सुन आप हैरान हो रहे होंगे। लेकिन ये सौ फीसदी सच है।

पाक आर्मी चीफ जनरल कमर जावेद बाजवा ने अपने अफसरों से कहा है कि सेना का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं होगा चाहिए। भारतीय लोकतंत्र की मिसाल देते हुए उन्होंने अफसरों से कहा कि वे एक किताब जरूर पढ़ें जिनमें बताया गया है कि भारत कैसे सेना को सियासत से अलग रखने में कामयाब रहा है। उन्होंने साफ कहा कि सरकार चलाना सेना का काम नहीं है।

जनरल बाजवा ने अपने अफसरों से कहा कि फौज को संविधान से परिभाषित अपनी भूमिका तक सीमित रहना चाहिए। बाजवा ने अफसरों को येल यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर स्टीवन आई विल्किंसन की किताब ‘आर्मी ऐंड नेशन’ पढ़ने को कहा। इसमें आजादी के बाद सरकार के साथ भारतीय सेना के रिश्तों के बारे में लिखा गया है। इसमें बताया गया है कि भारतीय लोकतंत्र दुनिया के किसी लोकतंत्र से बेहतर किस तरह से है।

बाजवा ने साफ कहा कि सेना और सरकार के बीच स्पर्धा नहीं सहयोग होनी चाहिए। पाकिस्तान में आजादी के बाद से आधा समय सैनिक तानाशाहों का राज रहा है। यहां कई तख्तापलट हो चुके हैं। पाकिस्तान में सेना हमेशा से सरकार पर हावी रहती आई है। असली सत्ता सेना के हाथ में रहती है।

Leave a Reply