Home समाचार देश के नाम संबोधन में पीएम मोदी ने कहा- सर्वोच्च अदालत का...

देश के नाम संबोधन में पीएम मोदी ने कहा- सर्वोच्च अदालत का फैसला हमारे लिए नया सवेरा

SHARE

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद शनिवार शाम को देशवासियों को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने देश की जनता से शांति, सौहार्द और सद्भाव का महौल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने आज जो फैसला सुनाया दशकों पुरानी समस्या सुलझ गई। इस फैसले के बाद जिस प्रकार हर वर्ग, समुदाय के लोगों ने जिस तरीके से इसे स्वीकार किया है,वह भारत की विविधता में एकता को दर्शाता है। गर्व होता है कि हजारों साल बाद भी किसी को विविधता में एकता को समझाना होगा तो वह इस घटना का जरूर उल्लेख करेगा।

आज के दिन का संदेश जोड़ने का है-जुड़ने का है

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज अयोध्या पर फैसले के साथ ही, 9 नवंबर की ये तारीख हमें साथ रहकर आगे बढ़ने की सीख भी दे ही है। आज के दिन का संदेश जोड़ने का है-जुड़ने का है और मिलकर जीने का है। उन्होंने कहा कि नए भारत में भय, कटुता, नकारात्मकता का कोई स्थान नहीं है।  सर्वोच्च अदालत का ये फैसला हमारे लिए एक नया सवेरा लेकर आया है।

पीएम मोदी ने कहा कि इस विवाद का भले ही कई पीढ़ियों पर असर पड़ा हो, लेकिन इस फैसले के बाद हमें ये संकल्प करना होगा कि अब नई पीढ़ी, नए सिरे से न्यू इंडिया के निर्माण में जुटेगी। अब समाज के नाते, हर भारतीय को अपने कर्तव्य, अपने दायित्व को प्राथमिकता देते हुए काम करना है। हमारे बीच का सौहार्द,हमारी एकता,हमारी शांति, देश के विकास के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।

सर्वसम्मति से आया फैसला

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अयोध्या मामले पर सुनवाई के दौरान सर्वोच्च न्यायलय ने सबको सुना। देश के लिए खुशी की बात है कि फैसला सर्वसम्मति से आया। उन्होंने कहा कि आज 9 नवंबर है। ये वही तारीख है जब बर्लिन की दीवार गिरी थी और दो विपरीत धाराओं ने एकजुट होकर नया संकल्प लिया था। आज 9 नवंबर को करतारपुर कॉरिडोर की शुरुआत हुई है। इसमें भारत और पाकिस्तान दोनों का योगदान रहा है। ये तारीख हमें साथ रहकर आगे बढ़ने का संदेश दे रही है।

कोर्ट का फैसला नया सवेरा

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज की तारीख ये भी संदेश देती है कि कटुता का कोई स्थान नहीं है। हर स्थिति में धैर्य बनाए रखना जरूरी है। कोर्ट का ये फैसला हमारे लिए नया सवेरा लेकर आया है। इस विवाद पर कई पीढ़ियों पर असर पड़ा है। लेकिन हमें ये संकल्प लेना होगा कि हम नए भारत का निर्माण करें। हमें सबको साथ लेकर, सबका विश्वास हासिल करते हुए आगे बढ़ना है।

 

Leave a Reply