Home समाचार शशि थरूर को तलंगाना के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया ‘गधा’, कहा-...

शशि थरूर को तलंगाना के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया ‘गधा’, कहा- उसे सिर्फ अंग्रेजी के कुछ शब्द आते हैं, पार्टी से बाहर कर देना चाहिए

SHARE

कांग्रेस में इस समय टोपी उछालों प्रतियोगिता चल रही है। पार्टी के अंदर इस तरह घमासान मचा हुआ है कि एक नेता दूसरे नेता को नीचा दिखाने में लगा है। पंजाब में अमरिंदर और सिद्धू की लड़ाई अभी जारी है, इसी बीच तेलंगाना के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रेवंथ रेड्डी ने अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता व सांसद शशि थरूर के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करते हुए उन्हें गधा बता दिया। हालांकि विवाद बढ़ते देख रेवंथ रेड्डी ने माफी मांग ली है लेकिन उनके बयान ने थरूर और कांग्रेस की किरकिरी करा दी है।

रेवंत की विवादित टिप्पणी का ऑडियो क्लिप अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। टीआरएस के नेता कृष्णक माने ने ट्विटर पर इस ऑडियो क्लिप को साझा किया है। इसमें रेवंत को शशि थरूर को गधा कहते सुना जा सकता है। रेवंत ने कहा, “शशि थरूर! गधे (गधा) को पता होना चाहिए कि यहां क्या हो रहा है। अंग्रेजी में कुछ शब्द जानता है। उसे भाषा का ज्ञान नहीं है, अंग्रेजी केवल संचार कौशल है। अंग्रेजी में कुछ शब्द बोलने से कुछ नहीं बदलेगा… मैं उसे गधा समझता हूं। दोनों का नजरिया एक जैसा है। वो बेकार है, पार्टी से बाहर कर देना चाहिए।” 

इस बयान के बाद रेवंथ रेड्डी पर पार्टी के अंदर से ही माफी मांगने का दबाव पड़ने लगा। मामला बिगड़ता देख रेवंथ रेड्डी ने शशि थरूर के बारे में अपनी आपत्तिजनक टिप्पणियों पर खेद व्यक्त किया। उन्होंने इसको लेकर ट्वीट किया, “मैंने शशि थरूर से यह बताने के लिए बात की कि मैं अपनी टिप्पणी वापस लेता हूं और दोहराता हूं कि मैं अपने वरिष्ठ सहयोगी को सर्वोच्च सम्मान देता हूं। मेरे शब्दों से उन्हें हुई किसी भी चोट के लिए मुझे खेद है। हम कांग्रेस पार्टी के मूल्यों और नीतियों में अपना विश्वास साझा करते हैं।”

बाद में रेवंथ रेड्डी के ट्वीट का जवाब देते हुए तिरुवनंतपुरम से सांसद थरूर ने ट्विटर पर कहा, ‘मुझे रेवंथ रेड्डी ने फोन कर, जो कहा गया था, उसके लिए माफी मांगी। मैं उनके खेद की अभिव्यक्ति को स्वीकार करता हूं और इस दुर्भाग्यपूर्ण प्रकरण को पीछे छोड़कर खुश हूं।’

गौरतलब है कि पिछले दिनों शशि थरूर ने एक ट्वीट में तेलांगना के आईटी मंत्री के टी रामाराव की तारीफ़ की थी। जिसके बाद रेवंथ रेड्डी शशि थरूर से नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि जिन्होंने भी आईटी मंत्री की प्रशंसा की है उन्हें राज्य की स्थिति के बारे में पता होना चाहिए। मंत्री के उस ट्वीट में उस गधे को भी टैग किया जाना चाहिए था। साथ ही उन्होंने कहा था कि वे उम्मीद करते हैं कि शशि थरूर को पार्टी से निकाल दिया जाए क्योंकि वह पार्टी के लिए बोझ हैं। 

Leave a Reply