Home समाचार साल के पहले ‘मन की बात’ में पीएम मोदी की अपील, हिंसा...

साल के पहले ‘मन की बात’ में पीएम मोदी की अपील, हिंसा छोड़ें-शांति से ही निकल सकता है किसी मुद्दे का हल

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इस साल की पहली ‘मन की बात’ का प्रसारण गणतंत्र दिवस पर हुआ। सुबह के समय गणतंत्र दिवस समारोह और प्रधानमंत्री की अन्य व्यस्तताओं के कारण कार्यक्रम के समय में बदलाव किया गया। इस बार इस कार्यक्रम का प्रसारण पूर्वाह्न 11 बजे की जगह शाम छह बजे हुआ। यह ‘मन की बात’ का 61वां एपिसोड था।

इस बार ‘मन की बात’ में पीएम मोदी ने कहा, ‘हम 21वीं सदी में हैं, जो ज्ञान विज्ञान और लोकतंत्र का युग है। क्या आपने किसी ऐसी जगह के बारे में सुना है जहां हिंसा से जीवन बेहतर हुआ हो? क्या आपने ऐसी किसी जगह के बारे में सुना है, जहां शांति और सद्भाव जीवन के लिए मुसीबत बने हों? हिंसा किसी समस्या का समाधान नहीं करती।’

प्रधानमंत्री मोदी ने असम और त्रिपुरा में पिछले दिनों मिलिटेंड ग्रुप से जुड़े लोगों के सरेंडर में आई तेजी का जिक्र करते हुए कहा, ‘कुछ दिनों पहले असम में 8 अलग-अलग मिलिटेंड ग्रुप के 644 लोगों ने अपने हथियारों के साथ आत्म-समर्पण किया, जो पहले हिंसा के रास्ते पर चले गए थे। उन्होंने अपना विश्वास शांति में जताया और देश के विकास में भागीदार बनने का निर्णय लिया है और मुख्यधारा में वापस आए हैं। त्रिपुरा में भी 80 से अधिक लोग हिंसा का रास्ता छोड़ मुख्यधारा में लौट आए हैं, जिन्होंने यह सोचकर हथियार उठा लिए थे कि हिंसा से समस्याओं का समाधान निकाला जा सकता है। उनका यह विश्वास दृढ़ हुआ है कि शांति और एकजुटता ही किसी विवाद को सुलझाने का एकमात्र रास्ता है। नॉर्थ ईस्ट में इंसरजेंसी कम हुई है और सबसे बड़ी वजह यह है कि इस क्षेत्र से जुड़े हर एक मुद्दे को शांति के साथ, ईमानदारी से, चर्चा करके सुलझाया जा रहा है।’

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले कई सालों में हमने सिंगल यूज प्लास्टिक, बेटी बजाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे कई संकल्प लिए है। हमें बिहार से शैलेष जी का खत मिला। उन्होंने कहा कि आप मन की बात में कई अपील करते हैं। मैंने लोगों के घरों से सर्दी के कपड़े एकत्रित करके बांटने का संकल्प लिया। मैंने एक मन की बात चार्टर बनाने का संकल्प लिया है। क्या आप इस पर हस्ताक्षर करेंगे। मैं जब इसे पढ़ रहा था तो मुझे आश्चर्य हुआ। इसमें अनगिनत मुद्दों की चर्चा और हैशटैग है।

पीएम मोदी ने कहा कि जल संरक्षण के लिए कई व्यापक प्रयास देश के कई कोने में चल रहे हैं। पिछले मानसून में शुरू किया गया जल संरक्षण अभियान सफलतापूर्वक चल रहा है। इसमें समाज के हर वर्ग ने अपना योगदान दिया। राजस्थान में लोगों ने बावलियों को साफ किया। किसी ने श्रमदान किया तो किसी ने धन का दान। कुछ ऐसी ही कहानी यूपी के बाराबंकी की है। यहां लोगों ने झील को नया जीवन दिया। एक के बाद एक कई गांव जुड़ते चले गए। अब झील पानी से लबालब है। उत्तराखंड के अल्मोड़ा से भी ऐसी ही कहानी है। एक किलोमीटर दूर तक पाइप बिछाकर दो दशक पुरानी समस्या को दूर किया गया। देशभर में जलसंरक्षण से जुड़ी ऐसी अनगिनत कहानियां हैं। जल संरक्षण पर किए जा रहे कार्यों को जरूर शेयर करें।

पीएम मोदी ने मन की बात के माध्यम से असम की सरकार और लोगों को खेलो इंडिया के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया में 6 हजार खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसमें 80 रेकॉर्ड टूटे जिसमें से अधिकतर बेटियों के नाम रहे। खेलो इंडिया से जुड़े सभी लोगों का अभिवादन करता हूं। यह खेल साल दर साल विकसित हो रहा है। तीन साल में इसमें खिलाड़ियों की संख्या दोगुनी हो चुकी है।

खेलो इंडिया के माध्यम से 32 सौ बच्चे आगे बढ़े हैं। इन खिलाड़ियों की कहानियां पूरे देश को प्रेरित करती हैं। तमिलनाडु के योगानाथन बीड़ी बनाने का काम करते हैं लेकिन उनकी बेटी ने गोल्ड जीता। डेविड बैकहम हैं, उन्होंने गोवाहाटी में साइकलिंग में गोल्ड जीता है। डेविड के माता-पिता का साया बचपन में ही छिन गया था, चाचा ने इनका नाम फुटबॉलर के नाम पर रखा, लेकिन इन्होंने साइकलिंग को चुना। मुंबई की करीनी सांगता ने किसी भी परिस्थिति में हार नहीं मानने का जज्बा सबको प्रेरित करता है। हमने खेलो इंडिया के तर्ज पर खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी के आयोजन का फैसला किया है।

पीएम मोदी ने कहा कि दोस्तों परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं। देश का युवा आत्मविश्वास से भरा हुआ है। एक तरफ परीक्षाएं और दूसरी तरफ सर्दी। थोड़ा बहुत एक्साइरसाइज जरूर करें। आजकल फिट इंडिया को लेकर काफी प्रयास दिख रहे हैं। फिट इंडिया स्कूल की मुहिम भी रंग ला रही है। 65 हजार स्कूल आवेदन करके सर्टिफिकेट हासिल कर चुके हैं। मैं सभी देशवासियों से अपील करता हूं कि वे दैनिक जीवन में व्यायाम को जरूर शामिल करें।

हाल ही में देश में अलग-अलग त्योहार मनाए जा रहे थे। ऐसे समय में दिल्ली एक ऐतिहासिक समझौते का गवाह बनी। ये समझौता ब्रूरियांग का था। यह समझौता मिजोरम और त्रिपुरा राज्यों की जनता और सरकारों के प्रयासों से ही संभव हो सका है। 1997 में जातीय संघर्ष के कारण ब्रू जनजातियों को मिजोरम से निकलना पड़ा था। उन्हें त्रिपुरा में कैंपों में रखा गया। उन्हें बुनियादी सुविधाओं से वंचित होना पड़ा। 23 साल तक कैंपों में कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन करना कष्टकारी रहा होगा। लेकिन इतने कष्ट के बावजूद उनका विश्वास भारतीय संविधान में बना रहा। अब समझौते से उनकी दिक्कत दूर हो जाएगी। अब उन्हें त्रिपुरा में बसाया जाएगा। इसके लिए 600 करोड़ रुपये की मदद दी जाएगी। जमीन और घर दिया जाएगा। सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे। मैं मिजोरम और त्रिपुरा के सरकार का आभार व्यक्त करता हूं।

मुझे गगनयान के बारे में बताते हुए हर्ष हो रहा है कि 2022 में आजादी के 75 साल पूरे होने जा रहे हैं और उसी साल अंतरिक्ष में मानव भेजने का सपना साकार होंगे। इसके लिए चार लोगों का चयन हुआ है जो कि भारतीय वायुसेना के सदस्य हैं। ये एक साल से अधिक समय के लिए रूस में रहकर ट्रेनिंग लेंगे।

पीएम मोदी ने कहा कि कल शाम को पद्म सम्मानों की घोषणा की गई। मेरा आग्रह है कि आप इनके बारे में जरूर पढ़ें। इस बार 46 हजार नामांकन आए। यह लोगों के विश्वास को बताता है। आज पद्म सम्मान पीपुल अवॉर्ड बन चुका है। पद्म पुरस्कार को लेकर नया विश्वास बना है। इसमें कई ऐसे लोग होते हैं जो जमीन से उठे हैं।

Leave a Reply