Home विशेष मेरा संकल्प है जिन्होंने देश को लूटा है, उन्हें देश को लौटाना...

मेरा संकल्प है जिन्होंने देश को लूटा है, उन्हें देश को लौटाना ही पड़ेगा- प्रधानमंत्री

SHARE

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा के फतेहपुर और सिरमौर के धौला कुआं में दो जनसभाओं को संबोधित किया। उन्हें सुनने के लिए दोनों ही सभाओं में जबरदस्त भीड़ उमड़ी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के कारण विकास कार्य अवरुद्ध हो गए हैं, अगर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनती है तो वे विकास कार्यों में गति लाएंगे। उन्होंने कहा कि देश के कोने- कोने में जनता कांग्रेस को उनके कुकर्मों के लिए चुन-चुनकर सजा दे रही है, इनकी चारों तरफ सफाई हो रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं और वह जमानत के तौर पर बाहर हैं, लेकिन कांग्रेस अपने घोषणापत्र में भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की बात कहती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार पांच राक्षसों के इशारों पर नाच रही है। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि हिमाचल को ऐसी सरकार देंगे, जिसमें कोई भी हिमाचल की तिजोरी पर पंजा नहीं मार सके।

प्रदेश में विकास को कृत संकल्प है केंद्र सरकार
प्रधानमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में विकास की पूरी संभावनाएं हैं और प्रदेश के विकास के लिए केंद्र की सरकार कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा, ”हिमाचल में फलों और फूलों की दुनिया बसती है। हमने कोका कोला, फेंटा जैसे पेय उत्पाद बनाने वाली कंपनियों को निर्देश दिया है कि पांच प्रतिशत फलों का पक्का-कच्चा जूस भी मिलाए। इस एक प्रयास से फलों का बड़ा बाजार खड़ा होगा।” प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए दुनिया के देशों को आमंत्रित किया है और केंद्र सरकार उन्हें देश में कारखाना लगाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। इससे किसानों को सही समय पर उनके फसलों की उचित कीमत मिलेगी और उनकी आय बढ़ेगी।

भव्य-दिव्य हिमाचल बनाना केंद्र सरकार का लक्ष्य
प्रधानमंत्री ने कहा, ”हमें हिमाचल के हर नागरिक को साथ लेकर के भव्य-दिव्य हिमाचल बनाना है। लोगों के सपनों का हिमाचल बनाना है। प्रदेश के नागरिकों की आशा-आकांक्षाओं का हिमाचल बनाना है। विकास की नई ऊंचाईयों पर जाने वाले वाला हिमाचल बनाना है। हिंदुस्तान में टूरिज्म के लिए आन-बान-शान के साथ लोगों का आने का मन करे, ऐसा हिमाचल बनाना है। हिमाचल के नौजवानों को यहां रोजगार के अवसर मिले हमें ऐसा हिमाचल बनाना है।”

पांच राक्षसों के इशारों पर नाच रही कांग्रेस सरकार
प्रधानमंत्री ने कहा, ”हमने कभी पुराणों में नहीं पढ़ा कि देवताओं के सामने राक्षसों को पैदा करने का काम शासन में बैठे लोगों ने किया हो। आज बड़े दुख के कहना पड़ता है कि देव भूमि में पांच राक्षकों को पनपने का मौका हिमाचल की वर्तमान सरकार ने दिया है। ये पांच इतने ताकतवर हो गए हैं कि शिमला में बैठी हुई सराकर को उनके इशारों पर नाचने को मजबूर करके रखा है।” प्रधानमंत्री ने कहा, ”पांच राक्षसों को हिमाचल की सरकार संरक्षण और आशीर्वाद देने का काम कर रही है। ये पांच राक्षस हैं खनन माफिया, वन माफिया, ड्रग्स माफिया, टेंडर माफिया और ट्रांसफर माफिया।” प्रधानमंत्री ने जनता से कहा कि आप खुद तय करिए क्या आप अपना भाग्य इन पांच राक्षसों को सौंपना चाहते हैं या एक बार फिर देवभूमि को एक बार फिर देवभूमि बनाना चाहते हैं।

लाफिंग क्लब बन गई है कांग्रेस पार्टी
प्रधानमंत्री ने हिमाचल कांग्रेस के घोषणापत्र पर तंज कसते हुए कहा, “कांग्रेस पार्टी लाफिंग क्लब बन गई है। अभी कांग्रेस पार्टी का घोषणा पत्र आया था। जिस पार्टी के मुख्यमंत्री खुद जमानत पर बाहर हैं वो कहती है कि भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति लाएंगे।” प्रधानमंत्री ने कहा, ”हिमाचल को लूटने वालों को घर भेजना की तारीख नौ नवंबर है। मैं आप सभी से एक अर्ज करने आया हूं जब आप नौ तारीख को बटन दबाएंगे तब एक पल के लिए वजीर रामसी जी पठानिया के बलिदान को याद करना, किसी से गलती नहीं होगी। बटन सही जगह दबेगा, हिमाचल प्रदेश का भाग्य भी बदलेगा।”

हिमाचल की तिजोरी पर कोई पंजा नहीं पड़ने देंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिरमौर जिले के धौलाकुआं में कहा कि हिमाचल में विकास का संकल्प ले करके भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने वाली है। उन्होंने कहा, ”हिमाचल का चुनाव ऐसा है, जिसमें कांग्रेस को भी पता है कि उसका सूपड़ा साफ होने वाला है। प्रधानमंत्री ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का उत्सव है। हमारा संकल्प है कि हिमाचल को ऐसी सरकार देंगे, जिसमें कोई भी हिमाचल की तिजोरी पर पंजा नहीं मार सके। हम हिमाचल के खजाने पर कोई पंजा नहीं पड़ने देंगे। हिमाचल से भ्रष्टाचार रूपी दीमक को खत्म करने का हमने बीड़ा उठाया है। हम जनता के साथ मिलकर एक ‘भव्य एवं दिव्य हिमाचल’ का निर्माण करेंगे।

कांग्रेस नेताओं की पहचान है भ्रष्टाचार
सभी समस्याओं का समाधान विकास में ही है और भाजपा हिमाचल को विकास के मार्ग पर आगे ले जाने के लिए काम करेगी। जिन लोगों को पहले मुफ्त में मलाई खाने मिलती थी, अब सब बंद हो गई है तो कुछ लोग मोदी का विरोध करते रहते है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं की केवल एक ही पहचान भ्रष्टाचार है।

सड़ी हुई सोच का नमूना है कांग्रेस पार्टी
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारा कांग्रेस मुक्त भारत कहना उनको चुभता है। कांग्रेस जातिवाद फैलाने वाली पार्टी बन गई है, सड़ी हुई सोच का नमूना है कांग्रेस। पंडित नेहरू कहा करते थे हम जनसंघ को जड़ मूल से उखाड़ कर फेंक देंगे। हम कीचड़ में भी कमल खिलाकर लौटे। हम सड़ी हुई सोच का नमूना कांग्रेस को मिटाने के लिए जनजागरण अभियान चला रहे हैं।

कांग्रेस को देश पर नहीं चीन पर भरोसा
प्रधानमंत्री ने कहा, ”आपने ऐसे लोग देखे हैं जो देश पर राज करना चाहते हों, सरकार बनाना चाहते हों, लेकिन उन्हें इस देश पर ही भरोसा ना हो।” उन्होंने कहा कि पूरा देश जानता है कि डोकलाम मुद्दे से कैसे निपटा गया, लेकिन कांग्रेस ने उस पर भी सवाल उठाए। इस देश पर दशकों तक राज करने वाले परिवार में जन्मे एक शख्स को अपनी सेना और एजेंसियों पर भरोसा नहीं है और इसलिए वो चीनी राजदूत से डोकलाम की जानकारी लेने गए। अपने देश के राजदूतों और विदेश मंत्री को छोड़कर आप चीनी राजदूत के पास गए, माफ करें लेकिन आप में प्राइमरी समझ की कमी है।

बलिदान की भूमि है हिमाचल प्रदेश
कांगड़ा के फतेहपुर में श्री मोदी ने हिमाचल प्रदेश को वीर भूमि कहकर संबोधित किया और भाषण की शुरुआत शहीद वीर वजीर राम सिंह पठानिया को याद करते हुए की। उन्होंने कहा, ”ये धरती आजादी के उस सिपहसालार, उस महापुरुष की है, जिन्होंने 24 वर्ष की उम्र में अंग्रेजों के दांत खट्टे कर दिए थे, ऐसे वीर वजीर राम सिंह जी पठानिया की धरती को प्रणाम करता हूं।” श्री मोदी ने कहा कि देश की कोई ऐसी लड़ाई नहीं है जिसमें हिमाचल के वीर सपूतों ने मां भारती के लिए बलिदान न दिया हो।

भ्रष्टाचार पर कसता जा रहा है शिकंजा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार भ्रष्टाचार और कालेधन पर लगातार शिकंजा कसती चली जा रही है। योजनाओं को आधार से लिंक कर अब तक 57 हजार करोड़ रुपयों की बचत की गई है। श्री मोदी ने कहा कि तीन लाख से अधिक फर्जी कंपनियों पर कार्रवाई की गई है और उनपर ताले लगा दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मेरा संकल्प है जिन्होंने देश को लूटा है, उन्हें देश को लौटाना ही पड़ेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि वन रैंक, वन पेंशन के नाम पर कांग्रेस ने जवानों के साथ सिर्फ और सिर्फ धोखा करने का काम किया था, ओआरओपी का काम भी हमारी सरकार ने पूरा किया है।

Leave a Reply