Home समाचार कोरोना के खिलाफ जंग में नया कीर्तिमान: 1 करोड़ से अधिक लोगों...

कोरोना के खिलाफ जंग में नया कीर्तिमान: 1 करोड़ से अधिक लोगों का हुआ टीकाकरण

SHARE

भारत ने कोरोना महामारी के खिलाफ चल रही लड़ाई में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर पार कर लिया है। 19 फरवरी को सुबह 8:00 बजे तक देश में एक करोड़ से अधिक लोगों का टीकाकरण हो चुका है। 1 करोड़ टीकाकरण की ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने में भारत को 34 दिन लगे जो दुनिया में दूसरा सबसे तेज गति से हासिल किया गया आंकड़ा है।

शुक्रवार सुबह 8 बजे तक 2,11,462 सत्रों के दौरान 1,01,88,007 टीकाकरण खुराक दी गई हैं। इनमें 62,60,242 स्वास्थ्य कर्मी (पहली खुराक), 6,10,899 स्वास्थ्य कर्मी (दूसरी खुराक) और 33,16,866 अग्रिम पंक्ति के कर्मचारी (पहली खुराक) शामिल हैं। कुल टीकाकरण अभियान में 8 राज्यों का हिस्सा 57.47 प्रतिशत है। अकेले उत्तर प्रदेश का योगदान इसमें 10.5 प्रतिशत है।

पिछले 24 घंटों में 16 राज्यों में कोरोना से कोई भी मौत नहीं हुई है। ये गुजरात, हिमाचल प्रदेश, गोवा, झारखंड, मेघालय, पुदुचेरी, चंडीगढ़, मणिपुर, मिजोरम, लक्षद्वीप, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, लद्दाख (केंद्र शासित प्रदेश), त्रिपुरा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और दमन और दीव तथा दादर और नगर हवेली हैं।

कुल सक्रिय मामलों की संख्या 1,39,542 है। भारत में कुल सक्रिया मामलों की तुलना में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1.27 प्रतिशत है। भारत में ठीक होने वाले रोगियों की संख्या 1.06 करोड़ है। इसके साथ ही रिकवरी दर 97.30 प्रतिशत हो गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान 10,896 रोगी ठीक हुए हैं।

पिछले 24 घंटों के दौरान 13,193 नए दैनिक मामले दर्ज किए गए हैं। दैनिक नए मामलों में 86.6 प्रतिशत योगदान 6 राज्यों से हैं। महाराष्ट्र में 5,427 पर सबसे अधिक दैनिक नए मामलों दर्ज किए गए हैं। इसके बाद केरल में 4,584 नए मामले जबकि तमिलनाडु में 457 नए मामले दर्ज किए हैं।

पिछले 24 घंटे के दौरान 97 मौतें दर्ज की गई हैं। पांच राज्यों का दैनिक मृत्यु में 76.29 प्रतिशत योगदान है। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 38 मौतें हुई हैं। केरल में 14 दैनिक मौतें हुई हैं और पंजाब में 10 लोगों की मौत हुई है।

Leave a Reply