डिप्लोमेसी सिर्फ बंद कमरों की फाइलों और लंबी बैठकों तक सीमित नहीं होती। कभी-कभी यह कार की पिछली सीट पर भी रची जाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते कुछ वर्षों में अपनी इसी ‘कार डिप्लोमेसी’ के जरिए दुनिया को भारत के मजबूत रिश्तों की एक नई तस्वीर दिखाई है। खास बात यह है कि ये तस्वीरें न तो किसी भव्य मीटिंग हॉल की हैं और न ही औपचारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। ये तस्वीरें हैं — कार के भीतर, अनौपचारिक माहौल में, भरोसे की बातचीत की।
कार डिप्लोमेसी 14
मोदी-पुतिन ने एक ही कार में किया सफर
प्रधानमंत्री मोदी ने बिश्केक में आयोजित SCO शिखर सम्मेलन के दौरान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान जिस चीज ने एक बार फिर पूरी दुनिया का ध्यान खींचा, वह थी मोदी-पुतिन की खास केमिस्ट्री। 31 अगस्त 2026 को दोनों नेताओं ने अपनी ‘कार डिप्लोमेसी’ के जरिए भारत-रूस संबंधों में दिखने वाली गर्मजोशी का एक और संदेश दिया। द्विपक्षीय बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन एक ही कार में सवार होकर बिश्केक एरिना में आयोजित छठे वर्ल्ड नोमैड गेम्स के उद्घाटन समारोह के लिए रवाना हुए। दोनों नेताओं की यह अनौपचारिक यात्रा एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई। यह पहली बार नहीं है जब मोदी और पुतिन ने औपचारिक प्रोटोकॉल से अलग हटकर एक साथ कार में सफर किया हो। पिछले वर्ष चीन के तियानजिन में आयोजित SCO शिखर सम्मेलन के दौरान भी दोनों नेता पुतिन की आधिकारिक कार में एक साथ रवाना हुए थे। दिसंबर 2025 में पुतिन की भारत यात्रा के दौरान भी दोनों नेताओं की ऐसी ही खास बॉन्डिंग देखने को मिली थी। दोनों नेता एयरपोर्ट पर एक ही कार में सवार होकर प्रधानमंत्री आवास के लिए रवाना हुए थे।
कार डिप्लोमेसी 13
मोदी-मिर्जियोयेव ने एक ही कार में किया सफर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 29 अगस्त 2026 को उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के साथ उनकी कार में यात्रा की। उज्बेकिस्तान की राजकीय यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के साथ द्विपक्षीय संबंधों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर औपचारिक वार्ता की। कुकसारॉय राष्ट्रपति भवन पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इसके बाद उनके सम्मान में औपचारिक स्वागत समारोह आयोजित किया गया, जहां प्रधानमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

कार डिप्लोमेसी 12
मोदी-हर्मिनी ने एक ही कार में किया सफर
प्रधानमंत्री मोदी ने 27 जून,2026 को सेशेल्स में राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री सेशेल्स के नेशनल डे के गोल्डन जुबली समारोह और भारत-सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यहां पहुंचे हैं। इस दौरान राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी और प्रधानमंत्री मोदी ने एक ही कार में यात्रा की। इस दौरे की सबसे चर्चित तस्वीर दोनों नेताओं का एक ही कार में साथ सफर करना रही। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के साथ सेशेल्स के नेशनल बॉटनिकल गार्डन जाते हुए।”
On the way to the Seychelles’ National Botanical Garden with President Dr. Patrick Herminie.@StateHouseSey pic.twitter.com/ZgjgXrYHNw
— Narendra Modi (@narendramodi) June 27, 2026
कार डिप्लोमेसी 11
मोदी-मेलोनी की खास कार राइड ने फिर बटोरी सुर्खियां
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की हालिया मुलाकात एक बार फिर चर्चा में है। 20 मई 2026 को दोनों नेताओं की साथ की गई खास कार राइड ने सोशल मीडिया से लेकर अंतरराष्ट्रीय मीडिया तक खूब सुर्खियां बटोरीं। इस मुलाकात को भारत–इटली रिश्तों की बढ़ती नजदीकी, मजबूत व्यक्तिगत केमिस्ट्री और रणनीतिक साझेदारी का प्रतीक माना जा रहा है।

Upon landing in Rome, had the opportunity to meet Prime Minister Meloni over dinner followed by a visit to the iconic Colosseum. We exchanged perspectives on a wide range of subjects. Looking forward to our talks today, where we will continue the conversation on how to boost the… pic.twitter.com/df0bDYKCdU
— Narendra Modi (@narendramodi) May 20, 2026
कार डिप्लोमेसी 10
मोदी–नेतन्याहू की कार यात्रा ने बढ़ाया कूटनीतिक संदेश
25 फरवरी, 2026 को इजराइली संसद नेसेट (Knesset) को संबोधित करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू एक ही कार में साथ बैठे और एक्जिबिशन सेंटर की ओर रवाना हुए। यह संक्षिप्त यात्रा भारत–इजराइल के बीच गहराते रणनीतिक संबंधों और दोनों नेताओं के बीच मजबूत व्यक्तिगत तालमेल का प्रतीक मानी गई।

कार डिप्लोमेसी 9
मुंबई में साथ दिखे मोदी–मैक्रों
17 फरवरी 2026 को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की भारत यात्रा के दौरान मुंबई में प्रधानमंत्री मोदी और मैक्रों एक ही कार में साथ नजर आए। मुंबई के लोक भवन में बातचीत के बाद राष्ट्रपति मैक्रों और प्रधानमंत्री मोदी भारत-फ्रांस इनोवेशन फोरम के साथ अन्य कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए एक ही कार से रवाना हुए। दोनों नेताओं की यह खास तस्वीरें दुनियाभर में चर्चा का विषय बनीं। इस मुलाकात को भारत-फ्रांस की मजबूत रणनीतिक साझेदारी, आपसी भरोसे और बढ़ती वैश्विक दोस्ती के प्रतीक के तौर पर देखा गया।

कार डिप्लोमेसी 8
यूएई राष्ट्रपति के साथ प्रोटोकॉल ब्रेक
19 जनवरी 2026 को जब यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान (MBZ) भारत पहुंचे, तो प्रधानमंत्री मोदी ने प्रोटोकॉल तोड़ते हुए खुद एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेता एक ही कार में बैठकर एयरपोर्ट से रवाना हुए। इन पलों की तस्वीरें खुद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर साझा कीं। तस्वीरें वायरल हुईं क्योंकि यह सिर्फ एक औपचारिक मुलाकात नहीं, बल्कि भारत-यूएई के बीच रणनीतिक और व्यक्तिगत भरोसे का प्रतीक बन गईं।

कार डिप्लोमेसी 7
व्लादिमीर पुतिन: Aurus से Fortuner तक
प्रधानमंत्री मोदी की कार डिप्लोमेसी सबसे पहले वैश्विक चर्चा में तब आई, जब सितंबर 2025 में चीन में हुए SCO समिट के दौरान वह रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ एक ही कार में नजर आए। दोनों नेता रूस की लग्जरी कार Aurus में साथ बैठे बातचीत करते दिखे। ये तस्वीरें इतनी वायरल हुईं कि अमेरिका तक में इसका जिक्र हुआ।

कार डिप्लोमेसी 6
इसके बाद दिसंबर 2025 में पुतिन के भारत दौरे के दौरान भी दोनों नेता Toyota Fortuner में साथ बैठकर प्रधानमंत्री आवास तक गए। यह दृश्य भी कूटनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना।

कार डिप्लोमेसी 5
जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज: नई केमिस्ट्री
12 जनवरी 2026 को जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के साथ भी पीएम मोदी की कार सवारी की तस्वीर सामने आई। दोनों नेता एक ही गाड़ी में बैठे दिखाई दिए। बताया गया कि इस दौरान पीएम मोदी ने कार में ही भारतीय संस्कृति और भारत-जर्मनी सहयोग पर विस्तार से चर्चा की। इसे डिप्लोमेसी में ‘पर्सनल टच’ का नया उदाहरण माना गया।

कार डिप्लोमेसी 4
जॉर्डन और इथियोपिया: जब नेताओं ने खुद संभाली स्टीयरिंग
प्रधानमंत्री मोदी की कार डिप्लोमेसी यूरोप या रूस तक सीमित नहीं रही। 16 दिसंबर 2025 को जॉर्डन में क्राउन प्रिंस अल-हुसैन बिन अब्दुल्ला द्वितीय ने खुद कार चलाकर पीएम मोदी को जॉर्डन म्यूजियम तक पहुंचाया। दोनों नेताओं की यह तस्वीर व्यक्तिगत मैत्री और आपसी भरोसे का प्रतीक बनी।


On the way to The Jordan Museum with His Royal Highness Crown Prince Al-Hussein bin Abdullah II. pic.twitter.com/CtwcQHkHBZ
— Narendra Modi (@narendramodi) December 16, 2025
कार डिप्लोमेसी 3
16 दिसंबर 2025 को ही इथियोपिया में भी ऐसा ही दृश्य देखने को मिला, जब नोबेल पुरस्कार विजेता प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने प्रोटोकॉल से हटकर खुद कार ड्राइव की और पीएम मोदी को होटल तक ले गए। यह पल भी सोशल मीडिया पर खूब साझा किया गया।


After welcoming me at Addis Ababa airport, Prime Minister Dr. Abiy Ahmed Ali drove me to the Science Museum in the city. This Museum showcases different aspects of science and innovation and how they can be harnessed for Ethiopia’s progress.@AbiyAhmedAli pic.twitter.com/BKxxCBfKdk
— Narendra Modi (@narendramodi) December 16, 2025
कार डिप्लोमेसी 2
ब्रिटेन के पीएम कीर स्टार्मर: अनौपचारिक बातचीत
इसके बाद ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के साथ भी पीएम मोदी की कार में बैठी तस्वीरें सामने आईं। अनौपचारिक माहौल में हुई यह बातचीत ब्रेक्ज़िट के बाद भारत-यूके संबंधों के बदलते समीकरणों की झलक देती है।

कार डिप्लोमेसी 1
ओबामा खुद पीएम मोदी को लेकर निकले The Beast में
30 सितंबर 2014 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली अमेरिका यात्रा के दौरान एक ऐसा पल आया जिसने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने प्रोटोकॉल तोड़कर पीएम मोदी को अपनी लिमोजीन “The Beast” में बैठाया और मार्टिन लूथर किंग जूनियर मेमोरियल तक साथ लेकर गए। करीब 10–12 मिनट की यह खास ड्राइव भारत-अमेरिका रिश्तों में नई शुरुआत का प्रतीक मानी गई।

कार डिप्लोमेसी सिर्फ साथ बैठने की तस्वीर नहीं है। यह संदेश है कि दो देशों के नेताओं के बीच इतना भरोसा है कि वे बिना किसी औपचारिक तामझाम के एक-दूसरे के साथ सहज हैं। प्रधानमंत्री मोदी की ये तस्वीरें बताती हैं कि आज भारत सिर्फ एक रणनीतिक साझेदार नहीं, बल्कि दुनिया के कई देशों के लिए भरोसेमंद दोस्त बन चुका है।









