Home समाचार भारत और यूएई की साझेदारी विश्व के लिए आदर्श- प्रधानमंत्री मोदी

भारत और यूएई की साझेदारी विश्व के लिए आदर्श- प्रधानमंत्री मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 13 फरवरी को यूएई दौरे के पहले दिन अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में अहलन मोदी कार्यक्रम में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच के रिश्ते दुनिया के लिए आदर्श हैं और वे 21वीं सदी के तीसरे दशक में नया इतिहास रच रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘आज 21वीं सदी के इस तीसरे दशक में भारत और यूएई का रिश्ता एक अभूतपूर्व ऊंचाई पर पहुंच रहा है। हम एक दूसरे की उन्नति में सहयोगी हैं। हमारा रिश्ता टैलेंट का है, इनोवेशन का है, कल्चर का है। बीते समय में हमने हर दिशा में अपने संबंधों को नई ऊर्जा दी है। हम दोनों देश साथ मिलकर चले हैं, साथ मिलकर आगे बढ़े हैं। आज यूएई भारत का तीसरा बड़ा ट्रेड पार्टनर है। आज यूएई, सातवां बड़ा निवेशक है।टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के क्षेत्र में भी भारत और यूएई की पार्टनरशिप लगातार मजबूत हो रही है।’

अहलन मोदी कार्यक्रम कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कम्यूनिटी और कल्चर के संबंधों के मामले में तो भारत-यूएई ने जो हासिल किया है, वो दुनिया के लिए एक मॉडल है। हम दोनों देशों का नाता, सैकड़ों-हजारों वर्षों का है। और भारत की कामना है कि ये ऐसे ही दिनों-दिन और मजबूत होता रहे।

अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में उन्होंने भारतीय समुदाय से कहा कि आज अबू धाबी में आप लोगों ने नया इतिहास रच दिया है। आप लोग यूएई के कोने-कोने से आए हैं और भारत के भी अलग-अलग राज्यों से आए हैं, लेकिन सब के दिल जुड़े हुए हैं। इस ऐतिहासिक स्टेडियम मे हर धड़कन कह रही है- भारत-यूएई दोस्ती ज़िंदाबाद!

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस जायद स्टेडियम से भी भारतीयों के पसीने की खुशबू आती है। मुझे खुशी है कि हमारे अमीरात के साथियों ने भारतीयों को अपने दिल में जगह दी है, अपने सुख-दुख का साझेदार बनाया है। समय के साथ ये रिश्ता दिनों-दिन और अधिक मजबूत होता जा रहा है। और इसमें भी ब्रदर शेख मोहम्मद बिन ज़ायद की बड़ी भूमिका है। इतना ही नहीं, जब साल 2015 में उनके सामने, आप सबकी ओर से यहां अबू धाबी में एक मंदिर का प्रस्ताव रखा, तो वो तुरंत एक पल भी गवाएं बिना उन्होंने हां कह दिया और उन्होंने यहां तक कह दिया- जिस जमीन पर तुम लकीर खींच लोगे, वो मैं दे दूंगा। और अब अबू धाबी में ये भव्य दिव्य मंदिर के लोकार्पण का ऐतिहासिक समय आ गया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘आज एक-एक भारतीय का लक्ष्य, 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का है। दुनिया का वो देश जिसकी अर्थव्यवस्था बहुत तेजी से आगे बढ़ रही है, वो देश कौन सा है? हमारा भारत! दुनिया का वो देश कौन सा है जो स्मार्टफोन डेटा कन्‍ज्‍यूम करने में नंबर वन है? हमारा भारत! दुनिया का वो देश कौन सा है जो ग्लोबल फिनटेक अडॉप्शन रेट में नंबर वन है? हमारा भारत! दुनिया का वो देश कौन सा है जहां सबसे ज्यादा मिल्क प्रोडक्शन होता है? हमारा भारत! दुनिया का वो देश कौन सा है जो इंटरनेट यूजर्स के मामले में नंबर दो पर है? हमारा भारत! दुनिया का वो देश कौन सा है जो दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल मैन्यूफैक्चरर है? हमारा भारत! दुनिया का वो देश कौन सा है जहां दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम है? हमारा भारत! दुनिया का वो देश कौन सा है जो अपने पहले ही प्रयास में मंगल तक पहुंच गया? हमारा भारत! दुनिया का वो देश कौन सा है जिसने चंद्रमा के साउथ पोल पर अपना झंडा गाड़ दिया है? हमारा भारत! दुनिया का वो कौन सा देश है जो एक बार में सौ-सौ सैटेलाइट भेजने का रिकॉर्ड बना रहा है? हमारा भारत! दुनिया का वो कौन सा देश है जिसने अपने दम पर 5G टेक्नोलॉजी विकसित करके सबसे तेज रोलआउट किया है? हमारा भारत!’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘भारत की उपलब्धि, हर भारतीय की उपलब्धि है। सिर्फ 10 साल में भारत, दुनिया की ग्यारहवें नंबर की इकोनॉमी से पांचवें नंबर की इकोनॉमी बन गया है। और आप जानते हैं, मुझे हर भारतीय के सामर्थ्य पर कितना ज्यादा भरोसा है। इसी भरोसे के दम पर मोदी ने एक गारंटी भी दी है। मोदी की गारंटी आप जानते हैं? मोदी ने अपने तीसरे टर्म में, मोदी ने अपने तीसरे टर्म में भारत को तीसरे नंबर की इकोनॉमी बनाने की गारंटी दी है। और मोदी की गारंटी यानि गारंटी पूरा होने की गारंटी। हमारी सरकार, लोगों के जीवन स्तर को सुधारने के लिए, उनकी परेशानियां कम करने के लिए लगातार काम कर रही है। हमने 4 करोड़ से ज्यादा परिवारों को पक्का घर बनाकर दिया है। हमने 10 करोड़ से ज्यादा परिवारों को नल से जल का कनेक्शन दिया है। हमने 50 करोड़ से ज्यादा लोगों को बैंकिंग सिस्टम से जोड़ा है। हमने 50 करोड़ से ज्यादा लोगों को 5 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी है। गांव-देहात के लोगों को इलाज में दिक्कत ना हो, इसके लिए हमने डेढ़ लाख से ज्यादा आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनवाए हैं।’

उन्होंने कहा कि भारत के बढ़ते हुए सामर्थ्य ने दुनिया को भी स्थायित्व और समृद्धि की उम्मीद दी है। दुनिया को लगा है कि भारत एक भरोसेमंद ग्लोबल ऑर्डर स्थापित करने में सक्रिय भूमिका निभा सकता है। मुझे खुशी है कि आज भारत और यूएई मिलकर दुनिया के इस भरोसे को मजबूत कर रहे हैं। आज भारत को दुनिया एक विश्व-बंधु के रूप में देख रही है। आज दुनिया के हर बड़े मंच पर भारत की आवाज सुनी जाती है। कहीं भी संकट आता है, तो सबसे पहले पहुंचने वाले देशों में भारत का भी नाम होता है। आज का मजबूत भारत कदम-कदम पर अपने लोगों के साथ खड़ा है। बीते 10 वर्षों में आपने देखा है कि जहां भी विदेशों में बसे भारतीयों को समस्या आई, भारत सरकार ने तेज़ी से एक्शन लिया है। यूक्रेन, सूडान, यमन और दूसरे संकटों के दौरान फंसे हजारों भारतीयों को हम सुरक्षित निकाल कर भारत लाए। दुनिया में बसे या दुनिया के अलग हिस्सों में काम कर रहे भारतीयों की मदद के लिए सरकार दिन-रात काम कर रही है।

Leave a Reply