Home समाचार नीयत सही तो नतीजे भी सही, हमारे तीसरे टर्म में भ्रष्टाचार पर...

नीयत सही तो नतीजे भी सही, हमारे तीसरे टर्म में भ्रष्टाचार पर होगा और तेज प्रहार- उत्तराखंड के रुद्रपुर में प्रधानमंत्री मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार, 2 अप्रैल को उत्तराखंड के रुद्रपुर में चुनावी सभा को संबोधित किया। विजय शंखनाद रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में ये मेरी पहली चुनावी सभा है। अब मैं तय नहीं कर पा रहा हूं कि यह प्रचार सभा है या विजय सभा। रैली में उन्होंने कहा कि बीते 10 वर्ष में जितना विकास उत्तराखंड का हुआ है, उतना आजादी के बाद के साठ-पैंसठ साल में नहीं हुआ। जब नीयत सही होती है, तो ऐसे ही काम होता है। इसलिए मैं कहता हूं- नीयत सही, तो नतीजे सही।

प्रधानमंत्री ने कहा कि चौबीस के इस चुनाव में दो खेमें बन गए हैं। एक तरफ ईमानदारी और पारदर्शिता है, दूसरी तरफ भ्रष्टाचारियों का जमावड़ा है। ये भ्रष्टाचारी, मोदी को धमकी भी दे रहे हैं, गाली भी दे रहे हैं। मैं कहता हूं- भ्रष्टाचार हटाओ। वो कहते हैं- भ्रष्टाचारी बचाओ। लेकिन मोदी इनकी गालियों और धमकियों से डरने वाला नहीं है। हर भ्रष्ट पर कार्रवाई जारी रहेगी। और तीसरे टर्म में भ्रष्टाचार पर और तेज प्रहार होगा। भ्रष्टाचार, हर गरीब का हक छीनता है, मध्यम वर्ग का हक छीनता है। और मैं गरीब का हक, मध्यम वर्ग का हक, किसी को छीनने नहीं दूंगा।

रुद्रपुर में रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 10 साल में जो विकास हुआ, वो तो सिर्फ ट्रेलर है। अभी तो बहुत कुछ करना है। अभी तो हमें उत्तराखंड को बहुत आगे लेकर जाना है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं उत्तराखंड के नौजवानों से कहूंगा कि- आपका सपना ही मेरा संकल्प है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और इंडी-गठबंधन ने अपने इरादे दिखा दिए हैं। कांग्रेस के शाही परिवार के शहज़ादे ने ऐलान किया है कि अगर देश ने तीसरी बार बीजेपी सरकार चुनी तो, आग लग जाएगी। 60 साल तक देश पर राज करने वाले, 10 साल सत्ता से बाहर क्या रह गए, अब देश में आग लगाने की बात कर रहे हैं। इमरजेंसी की मानसिकता वाली कांग्रेस का भरोसा अब लोकतंत्र पर नहीं बचा है। इसलिए वो अब जनादेश के विरुद्ध लोगों को भड़काने में जुट गई है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस, भारत को अस्थिरता की तरफ ले जाना चाहती है, अराजकता में झोंकना चाहती हैं। कर्नाटक में कांग्रेस के एक बड़े नेता ने दक्षिण भारत को देश से अलग करने की बात कही। लेकिन कांग्रेस ने क्या किया? कांग्रेस ने देश को बांटने की घोषणा करने वाले को चुनाव का टिकट दे दिया।

रुद्रपुर की विशाल रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस तुष्टिकरण के दल-दल में इतना धंस चुकी है कि आज मां भारती में आस्था रखने वाले भी उसे रास नहीं आ रहे। यही कांग्रेस है जो घुसपैठियों को बढ़ावा देती है। लेकिन जब भाजपा सीएए के माध्यम से मां भारती में आस्था रखने वालों को भारत की नागरिकता देती है, तो कांग्रेस को सबसे ज्यादा तकलीफ होती है।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने कैसे अपने हाथों से मां भारती के टुकड़े किए, इसका एक और ताजा उदाहरण देश के सामने आया है। ये बात तमिलनाडु की है लेकिन उत्तराखंड के लोगों को भी कांग्रेस का ये गुनाह जानना जरूरी है। तमिलनाडु के पास एक कच्चाथीवू द्वीप है। वो द्वीप भारत का हिस्सा था लेकिन कांग्रेस ने उसको श्रीलंका को दे दिया। अब इस द्वीप के आसपास भी कोई भारतीय मछुवारा गलती से चला जाता है, तो उसे गिरफ्तार कर लिया जाता है। आप मुझे बताइए, ऐसी कांग्रेस क्या देश की रक्षा कर सकती है?

Leave a Reply