Home समाचार जल्द 5 लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था के साथ पूरी दुनिया के...

जल्द 5 लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था के साथ पूरी दुनिया के विकास का इंजन बनेगा भारत- प्रधानमंत्री मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत जल्द ही पांच लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था के साथ आने वाले वर्षों में पूरी दुनिया के विकास का इंजन बनेगा। 22 अगस्त, 2023 को दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, वैश्विक अर्थव्यवस्था में उथल-पुथल के बावजूद, भारत आज विश्व की सबसे तेजी से बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्था है। जल्दी ही भारत पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा। इस बात में कोई संदेह नहीं है, कि आने वाले वर्षों में भारत विश्व का ग्रोथ इंजन रहेगा।

ब्रिक्स बिजनेस फोरम लीडर्स डायलॉग में प्रधानमंत्री ने कहा कि यह इसलिए है क्योंकि भारत ने आपदा और मुश्किलों के समय को आर्थिक सुधार के अवसर में परिवर्तित किया। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में हमने मिशन मोड में जो रिफॉर्म्स किए हैं, उनसे भारत में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में लगातार वृद्धि हुई है। हम रेड टेप को हटाकर हम रेड कारपेट बिछा रहे हैं। रक्षा और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्र, जिनको प्रतिबंधित माना जाता था, आज प्राइवेट सेक्टर के लिए खोल दिए गए हैं। हमने पब्लिक सर्विस डिलिवरी और गुड गवर्नेंस पर विशेष रूप से ध्यान केन्द्रित किया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रिक्स बिजनेस फोरम लीडर्स डायलॉग में कहा कि टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल से भारत ने एक बड़ी छलांग लगाई है। इसका सबसे अधिक लाभ हमारी ग्रामीण महिलाओं को मिला है। आज एक क्लिक से भारत में करोड़ों लोगों को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर्स किए जाते हैं। अब तक 360 बिलियन डॉलर से भी अधिक के ऐसे ट्रांसफर्स किए जा चुके हैं। इससे पारदर्शिता बढ़ी है, भ्रष्टाचार और बिचौलिए कम हुए हैं।

उन्होंने कहा कि आज भारत में स्ट्रीट वेंडर्स से लेकर बड़े बड़े शॉपिंग मॉल्स तक UPI का इस्तेमाल किया जाता है। आज विश्व के सबसे अधिक डिजिटल लेनदेन वाला देश भारत है। यूएई, सिंगापुर, फ्रांस जैसे देश इस प्लेटफार्म से जुड़ रहे हैं। ब्रिक्स देशों के साथ भी इस पर काम करने की अनेक संभावनाएं हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने फोरम लीडर्स को संबोधित करते हुए कहा कि भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर हो रहे निवेश से देश का परिदृश्य बदल रहा है। इस वर्ष के बजट में हमने इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए लगभग 120 बिलियन डॉलर का प्रावधान रखा है। इस निवेश के माध्यम से हम भविष्य के एक नए भारत की मज़बूत नींव रख रहे हैं। रेल, रोड, वाटरवेज, एयरवेज हर क्षेत्र में तेज गति से बदलाव आ रहा है। आज भारत में दस हजार किलोमीटर प्रति वर्ष की रफ्तार से नए हाईवे बन रहे हैं। पिछले 9 वर्षों में एयरपोर्ट्स की संख्या दोगुनी हो गयी है। निवेश और उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए हमने पीएलआई- Production Linked Incentives scheme लागू की है।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘आज भारत में विश्व का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम है। भारत में इस समय सौ से भी अधिक यूनिकॉर्न हैं। आईटी, टेलीकॉम फिनटेक, एआई और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में हम “मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड” के विजन को आगे बढ़ा रहे हैं। इन सभी प्रयासों का सामान्य जन के जीवन पर प्रत्यक्ष रूप से सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। पिछले नौ वर्षों में लोगों की आय में लगभग तीन गुना वृद्धि हुई है। मैं आप सभी को भारत की विकास यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित करता हूं।’

Leave a Reply