Home समाचार निर्यात के मोर्चे पर मोदी सरकार की बड़ी उपलब्धि, वित्त वर्ष 2021-22...

निर्यात के मोर्चे पर मोदी सरकार की बड़ी उपलब्धि, वित्त वर्ष 2021-22 के दौरान निर्यात 418 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा

SHARE

मोदी सरकार ने कोरोना महामारी से उत्पन्न तमाम चुनौतियों के बावजूद जनता और अर्थव्यवस्था का पूरा ख्याल रखा। अर्थव्यवस्था के सभी सेक्टर्स को प्रोत्साहित करने के साथ ही निर्यात पर भी फोकस किया। इसका नतीजा है कि निर्यात के मोर्चे पर वित्त वर्ष 2021-22 में भारत ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए भारत ने इस दौरान करीब 418 अरब डॉलर का निर्यात करने में सफलता पाई है। वित्त वर्ष खत्म होने से 10 दिन पहले ही भारत ने निर्यात लक्ष्य को हासिल कर लिया।

12 महीनों में निर्यात 30 अरब डॉलर से अधिक

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार (3 अप्रैल, 2022) को वित्त वर्ष 2021-22 के व्यापार आंकड़े जारी करते हुए बताया कि पेट्रोलियम प्रोडक्ट, इंजीनियरिंग के सामान, जेम्स एवं ज्वेलरी और केमिकल के बेहतर प्रदर्शन से निर्यात का यह आंकड़ा रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। इस वित्त वर्ष के सभी 12 महीनों में निर्यात 30 अरब डॉलर से अधिक ही रहा है।गोयल ने कहा कि निर्यातकों एवं उद्योग संगठनों की कोशिशों, विभिन्न विभागों के बीच तालमेल और राज्य सरकारों के प्रयासों ने इस उपलब्धि तक पहुंचाने में योगदान दिया है।

मार्च महीने में निर्यात का सर्वोच्च स्तर

निर्यात की दृष्टि से मार्च 2022 काफी महत्वपूर्ण रहा। इस महीने देश ने 40 अरब डॉलर का निर्यात किया जो एक महीने में निर्यात का सर्वोच्च स्तर है। इसके पहले मार्च 2021 में निर्यात का आंकड़ा 34 अरब डॉलर रहा था। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, भारत ने वित्त वर्ष 2020-21 में 292 अरब डॉलर का निर्यात किया था। आलोच्य अवधि में कृषि उत्पादों का निर्यात 48 अरब डॉलर रहा।

आत्मनिर्भर भारत बनने की दिशा में मील का पत्थर

गौरतलब है कि भारत ने वित्त वर्ष 2021-22 के लिए 400 अरब डॉलर का निर्यात लक्ष्य रखा था। वित्त वर्ष खत्म होने से पहले ही गत 23 मार्च को देश ने 400 अरब डॉलर के निर्यात आंकड़े को पार कर लिया था। तब प्रधानमंत्री  मोदी ने निर्यात आंकड़ा 400 अरब डॉलर के पार पहुंचने को एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा था कि यह आत्मनिर्भर भारत बनने की दिशा में मील का पत्थर है।

विकसित देशों को होने वाले निर्यात में बढ़ोतरी

वित्त वर्ष 2021-22 में विकसित देशों को होने वाले निर्यात में अच्छी खासी बढ़ोतरी हुई है। भारत ने सबसे ज्यादा अमेरिका को निर्यात किया और उसके बाद संयुक्त अरब अमीरात, चीन, बांग्लादेश एवं नीदरलैंड का स्थान रहा। प्रधानमंत्री मोदी ने देश के कारोबारियों और भारतीय मिशनों से कोरोना आपदा में अवसर तलाश करने की अपील की थी। दोनों ने प्रधानमंत्री मोदी की बात पर अमल किया। करीब 200 देशों या जगहों में हो रहे कारोबार पर उनकी सीधी नजर थी। महामारी के दौरान लंबे समय से खरीदारी रुकी हुई थी। जैसे ही मांग बढ़ी पहले से तैयार भारत ने उसका बखूबी फायदा उठाया।

भारत ने ऐसे रचा इतिहास

  • पीएम मोदी ने लक्ष्य के मुताबिक कारोबारियों का मार्गदर्शन किया।
  • पीएम मोदी ने समय-समय पर खुद लक्ष्य प्रगति की निगरानी की।
  • निर्यातकों से जुड़ी समस्याओं के जल्द समाधान पर ध्यान दिया गया।
  • देशों की व्यापार क्षमता और निर्यात अवसर का आकलन किया गया।
  • उभरते बाजारों और हिस्सेदारी खो चुके बाजारों पर विशेष ध्यान दिया।
  • छोटे और बड़े 200 देशों के लिए अलग-अलग लक्ष्य तय किया गया।
  • विदेशी मिशनों, कमोडिटी बोर्डों और उद्योग संगठनों से चर्चा की गई।
  • सरकारी विभागों ने लक्ष्य प्राप्ति के लिए समन्वय बनाकर काम किया।
  • ज्यादा से ज्यादा राज्यों और जिलों से उत्पादों का चुनाव किया गया।

 

Leave a Reply