Home समाचार बिहार के स्मार्ट युवा कभी जंगलराज के साथ नहीं जाएंगे- प्रधानमंत्री मोदी

बिहार के स्मार्ट युवा कभी जंगलराज के साथ नहीं जाएंगे- प्रधानमंत्री मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज 16 अप्रैल को बिहार के गया में एक विशाल रैली को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार में जंगलराज का सबसे बड़ा चेहरा आरजेडी है। बिहार में भ्रष्टाचार का दूसरा नाम आरजेडी है। बिहार की बर्बादी की सबसे बड़ी गुनाहगार आरजेडी है। आरजेडी ने बिहार को केवल दो ही चीजें दी हैं- जंगलराज और भ्रष्टाचार! इन्हीं का दौर था, जब बिहार में अपहरण और फिरौती एक उद्योग बन गया था। हमारी बहन-बेटियां घर से बाहर नहीं निकल पाती थी, हमारे गया जैसे इलाके नक्सली हिंसा की आग में जलते रहते थे। राजद ने बिहार के कितने ही परिवारों को बिहार छोड़कर जाने पर मजबूर कर दिया था। बिहार के स्मार्ट युवा कभी जंगलराज के साथ नहीं जाएंगे। ये लालटेन के जमाने वाले लोग आपको आधुनिक युग में नहीं जाने देंगे।

गया में प्रधानमंत्री मोदी ने जैसे ही भाषण की शुरुआत की, लोग ‘मोदी-मोदी’ और ‘एक बार फिर मोदी सरकार’ के नारे लगाने लगे। प्रधानमंत्री ने कुछ देर के लिए अपना भाषण रोककर कहा कि ये ऊर्जा 5 जून के लिए भी बचाकर रखे रहिएगा। उन्होंने कहा कि ‘अभी 2 दिन पहले भाजपा ने अपना संकल्प पत्र जारी किया है। ऐसा पहली बार है जब किसी पार्टी के संकल्प पत्र को गारंटी कार्ड बोला जा रहा है। क्योंकि 10 सालों में सभी ने देखा है मोदी की गारंटी यानी गारंटी पूरी होने की गारंटी। मोदी गरीब घर से निकल कर आप सबके आशीर्वाद से यहां तक पहुंचा है।’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ‘अब अगले 5 वर्षों के लिए मोदी का गारंटी कार्ड अपडेट हो गया है। गरीबों के लिए 3 करोड़ पक्के घर बनाए जाएंगे, ये मोदी की गारंटी है। गरीबों को अगले 5 साल तक मुफ्त राशन मिलेगा, ये मोदी की गारंटी है। 70 वर्ष की आयु से ऊपर के हर बुजुर्ग को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा, ये मोदी की गारंटी है। किसान सम्मान निधि आगे भी जारी रहेगी, ये मोदी की गारंटी है।’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दशकों तक गरीबों को रोटी,मकान के सपने दिखाए उसके साथियों ने मगर 4 करोड़ गरीबों को पक्के मकान एनडीए सरकार ने दिए हैं। बीते 10 साल में देश में एक ऐसी क्रांति आई है, जिसकी उतनी चर्चा नहीं होती। ये क्रांति देश के महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा की गई है। पिछले 10 साल में 10 करोड़ महिलाएं सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़ी हैं, बिहार में ही सवा करोड़ बहनें इन समूहों से जुड़ी हैं। 25 करोड़ देशवासियों को आपके इस सेवक ने गरीबी से बाहर निकाला है।

गया की जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सदियों बाद आज एकबार फिर भारत और बिहार अपने उस प्राचीन गौरव को लौटाने के लिए आगे बढ़ रहा है। यह चुनाव विकसित भारत विकसित बिहार के संकल्प का चुनाव है। गया की धरती पर उमड़ा ये जनसैलाब, ये अपार जनसमर्थन साफ बता रहा है – फिर एक बार मोदी सरकार।

उन्होंने कहा कि बिहार के लोग जानते हैं कि ये चुनाव दल का नहीं, देश का चुनाव है। आज एक ओर देश की संस्कृति और गर्व करने वाले हम लोग हैं और दूसरी ओर हमारी आस्था को नीचा दिखाने वाले लोग हैं। एक समुदाय के तुष्टिकरण के लिए इन लोगों ने प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का निमंत्रण ठुकरा दिया। ये हमारे देश के संस्कार नहीं हैं। कांग्रेस के युवराज तो खुलेआम कहते हैं कि, वो हिन्दू धर्म की शक्ति का विनाश कर देंगे। इनके दूसरे साथी हमारे सनातन धर्म को डेंगू, मलेरिया कहते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जो लोग सनातन को गाली देते हैं, वो कान खोलकर सुन लें कि भारत के संविधान को बनाने वाली संविधान सभा में भी 80-90 प्रतिशत लोग सनातनी थे और उन सनातनियों ने इतना उत्तम संविधान बनाने में बाबा साहेब अंबेडकर का साथ दिया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमने संविधान के प्रति आस्था पैदा करने के लिए लगातार कोशिश की है। जब पार्लियामेंट में मैं ये प्रस्ताव लेकर आया कि हमने देश में संविधान दिवस मनाना चाहिए, तब कांग्रेस पार्टी के नेता श्रीमान खड़गे जी ने पार्लियामेंट में उसका विरोध किया था। उन्होंने कहा था अरे 26 जनवरी तो है, संविधान दिवस की क्या जरूरत है। आपके लिए राजनीतिक का हथकंडा होगा, हमारे संविधान श्रद्धा का केंद्र है, हमारे लिए संविधान आस्था का केंद्र है, हमारे लिए संविधान आने वाले 2047 के सपनों को पूरा करने का हमारा मार्गदर्शक है। हम आजाद भारत को विकसित भारत की ऊंचाई तक ले जाने का संकल्प लेकर चल रहे हैं।

Leave a Reply