Home समाचार 200 करोड़ टीकाकरण की उपलब्धि पर पीएम मोदी का स्वास्थ्यकर्मियों और वैक्सीन...

200 करोड़ टीकाकरण की उपलब्धि पर पीएम मोदी का स्वास्थ्यकर्मियों और वैक्सीन निर्माताओं के नाम प्रशंसा-पत्र, बिल गेट्स ने दी बधाई

SHARE

भारत में कोरोना महामारी के खिलाफ शुरू किए गए महाटीकाकरण अभियान में नए-नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं। मात्र 18 महीनों में 200 करोड़ से अधिक कोरोना वैक्सीन का डोज लगाकर भारत ने एक नया रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया है। इस बड़ी उपलब्धि से खुश होकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के सभी कोरोना वैक्सीन निर्माताओं और टीकाकरण अभियान में शामिल लोगों, स्वास्थ्यकर्मियों समेत फ्रंटलाइन वर्कर्स के कार्य की सराहना करते हुए उनके नाम एक व्यक्तिगत प्रशंसा पत्र लिखा है। 

वैक्सीन निर्माताओं और स्वास्थ्यकर्मियोंं के नाम प्रशंसा पत्र 

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पत्र में लिखा, “कोविड-19 टीकाकरण की हमारी यात्रा 16 जनवरी 2021 को शुरू हुई और 17 जुलाई 2022 को हम इस कीर्तिमान को स्थापित करने में कामयाब रहे हैं। ये देश के लिए एक यादगार दिन है। क्योंकि इस दिन 200 करोड़ वैक्सीन डोज लगाने के लक्ष्य को हासिल किया गया।” इस पत्र को CoWIN लॉगिन आईडी से डाउनलोड किया जा सकता है। 

टीकाकरण की उपलब्धि सामूहिक प्रयासों का परिणाम

माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स ने भारत में कोरोना वैक्सीन का 200 करोड़ डोज का टारगेट पूरा करने पर प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ की है। प्रधानमंत्री मोदी ने बिल गेट्स का ट्वीट शेयर करते हुए लिखा, “भारत का टीकाकरण अभियान गति और पैमाने पर बड़ा है। यह वैज्ञानिकों, डॉक्टरों और नर्सों सहित कई लोगों के सामूहिक प्रयासों से संचालित किया जा रहा है। साथ ही, भारत के लोगों ने अपने देश के वैज्ञानिकों पर भरोसा जताते हुए समय पर कोरोना वैक्सीन की डोज ली है।”

बिल गेट्स ने दी पीएम मोदी को बधाई

कोरोना के खिलाफ जंग में भारत की इस उपलब्धि की पूरे विश्व में चर्चा की जा रही है। बिल गेट्स ने टीकाकरण के लक्ष्य को पूरा करने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ट्विटर के जरिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि हम भारतीय वैक्सीन निर्माताओं और भारत सरकार के साथ कोरोना के असर को कम करने के लिए हमारी निरंतर साझेदारी के लिए आभारी हैं।


200 करोड़ डोज लगाने वाला दुनिया का दूसरा देश बना भारत

गौरतलब है कि 16 जनवरी 2021 को देश में कोरोना के खिलाफ जंग में सबसे बड़े हथियार का इस्तेमाल शुरू हुआ। इसके बाद हफ्ते दर हफ्ते कोरोना टीकाकरण की रफ्तार बढ़ती रही और कीर्तिमान बनते चले गए। कोरोना वैक्सीनेशन के मामले में भारत ने रविवार (17 जुलाई, 2022) को एक नया इतिहास बनाया। इस दिन टीकाकरण अभियान 200 करोड़ को पार कर गया। ऐसा करने वाला भारत दुनिया का दूसरा देश बन गया, जहां टीकाकरण की संख्या दो अरब डोज को पार कर गई है।

18 महीने में 200 करोड़ का आंकड़ा पार

जनवरी 2021 को शुरू होने वाला टीकाकरण अभियान ने 10 महीने बाद ही इतिहास रच दिया था। 21 अक्टूबर, 2021 को भारत ने 100 करोड़ कोविड वैक्सीन लगाने का रिकार्ड बना लिया था। इसके बाद अगला 100 करोड़ डोज भी नौ महीने में लगाकर भारत ने नया रिकार्ड बनाया है।

टीकाकरण अभियान में मील के पत्थर

  • 01 अप्रैल, 2021 –  10 करोड़ डोज
  • 25 जून, 2021 –    25 करोड़ डोज
  • 06 अगस्त, 2021–  50 करोड़ डोज
  • 13 सितंबर, 2021–  75 करोड़ डोज
  • 21 अक्टूबर, 2021– 100 करोड़ डोज
  • 07 जनवरी, 2022 – 150 करोड़ डोज
  • 17 जुलाई, 2022   – 200 करोड़ डोज

टीकाकरण अभियान का सफर

16 जनवरी, 2021– स्वास्थ्यकर्मियों के टीकाकरण से अभियान की शुरुआत हुई।

02 फरवरी, 2021– फ्रंटलाइन वर्कर को टीका लगाना शुरू किया गया।

01 मार्च, 2021– 60+ और रोगों से पीड़ित 45-60 वर्ष का टीकाकरण शुरू हुआ।

01 अप्रैल, 2021– 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का टीकाकरण शुरू हुआ।

01 मई, 2021– 18 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों का टीकाकरण शुरू हुआ।

02 नवंबर, 2021– कोरोना टीकाकरण कवरेज बढ़ाने के लिए ‘हर घर दस्तक’ अभियान शुरू हुआ।

03 जनवरी, 2022- 15 से 18 वर्ष आयुवर्ग के किशोरों का टीकाकरण शुरू हुआ।

10 जनवरी, 2022 – स्वास्थ्यकर्मियों, फ्रंटलाइन वर्कर, बुजुर्गों को सतर्कता डोज देने की शुरुआत।

16 मार्च, 2022  – 12-14 आयु वर्ग के लिए टीकाकरण की शुरुआत।

10 अप्रैल, 2022 – 18-59 आयु वर्ग के लिए प्रीकॉशन खुराक देने की शुरुआत।

 

Leave a Reply