Home समाचार प्रधानमंत्री मोदी ने दी गांधी शांति पुरस्कार जीतने वाले संगठनों और लोगों...

प्रधानमंत्री मोदी ने दी गांधी शांति पुरस्कार जीतने वाले संगठनों और लोगों को बधाई

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गांधी शांति पुरस्कार जीतने वाले संगठनों और लोगों को बधाई दी है। बुधवार को 2015 से 2018 तक के गांधी शांति पुरस्कार विजेताओं के नामों की घोषणा की गई। वर्ष 2015 के लिए कन्याकुमारी के विवेकानंद केन्द्र, 2016 के लिए अक्षय पात्र फाउंडेशन और सुलभ इंटरनेशनल को संयुक्त रूप से, 2017 के लिए एकई अभियान ट्रस्ट और 2018 के लिए कुष्ठरोग उन्मूलन के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन के सदभावना दूत योहेई ससाकावा को इस पुरस्कार से नवाजा गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने बधाई संदेश में ट्वीट कर कहा, ‘विवेकानंद केंद्र हमारे गांवों के विकास के लिए सराहनीय कार्य कर रहा है। शिक्षा और सामुदायिक सेवा को बेहतर बनाने की उनकी पहल ने कई लोगों, खासकर युवाओं को छुआ है। मैं विवेकानंद केंद्र को वर्ष 2015 का गांधी शांति पुरस्कार जीतने के लिए बधाई देता हूं।

अक्षय पात्र फाउंडेशन को पुरस्कार के लिए बधाई संदेश में उन्होंने कहा, ‘अक्षय पात्र फाउंडेशन के प्रयासों ने कई लोगों के लिए पौष्टिक भोजन सुनिश्चित कराया है। उनके उत्कृष्ट कार्य ने बहुत सारे बच्चों का विद्यालय जाना सुनिश्चित किया है। मैं 2016 के गांधी शांति पुरस्कार के लिए अक्षय पात्र फाउंडेशन को बधाई देता हूं।’

सुलभ इंटरनेशनल परिवार के कार्य की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘सुलभ इंटरनेशनल परिवार ने स्वच्छ भारत अभियान को काफी मजबूत बनाया है। सुलभ इंटरनेशनल की टीम बापू के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने के लिए जमीनी स्तर पर लगातार काम कर रही है। मैं सुलभ इंटरनेशनल को वर्ष 2016 का गांधी शांति पुरस्कार जीतने पर बधाई देता हूं।’

शिक्षा के क्षेत्र में काम करने वाले एकल अभियान ट्रस्ट को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘शिक्षा सशक्तिकरण का एक मजबूत साधन है और एकल अभियान ट्रस्ट सुदूर क्षेत्रों में आदिवासी परिवारों के बच्चों को शिक्षा मुहैया कराने के लिए काम कर रहा है। साथ ही महिला सशक्तीकरण को आगे बढ़ाने में इस ट्रस्ट की भूमिका प्रशंसनीय है। मैं एकल अभियान ट्रस्ट को वर्ष 2017 के गांधी शांति पुरस्कार के लिए बधाई देता हूं।’

प्रधानमंत्री मोदी ने कुष्ठरोग उन्मूलन के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन के सदभावना दूत योहेई सासाकावा को बधाई देते हुए ट्वीट किया, ‘योहेई सासाकावा जैसे व्यक्ति लाखों लोगों को प्रेरित करते हैं। वह कई परोपकारी पहलों में सबसे आगे हैं। उनकी दयालु प्रवृति को कुष्ठ रोग को खत्म करने के लिए किए गए काम के तौर पर देखा जा सकता है। मैं योहेई सासाकावा को वर्ष 2018 का गांधी शांति पुरस्कार जीतने के लिए बधाई देता हूं।’

Leave a Reply