Home नरेंद्र मोदी विशेष वैश्विक स्तर पर भारत की गौरवशाली उपलब्धियों के लिए PM Modi के...

वैश्विक स्तर पर भारत की गौरवशाली उपलब्धियों के लिए PM Modi के साथ ऑस्ट्रेलिया में गूंजा- India, India, ऑस्ट्रेलिया के पीएम भी मुरीद होकर बोले- मोदी बॉस हैं

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को ऑस्ट्रेलिया के सिडनी के कुडोस बैंक एरिना में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने ब्रिस्बेन में वाणिज्य दूतावास के शुभारंभ का ऐलान किया। वैश्विक स्तर पर भारत की गौरवशाली उपलब्धियों के जिक्र पर भारतवंशियों ने इंडिया-इंडिया के समवेत स्वरों से एरिना को गुंजायमान कर दिया। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में ऐसी कितनी ही चीजें हैं, जो भारतवंशियों को अपनी जड़ों से जोड़कर रखती हैं। यह और खुशी की बात है कि ऑस्ट्रेलिया के लोगों को भी भारत की विविधता खूब भाती है। पीएम मोदी ने कहा कि एक समय था जब कहा जाता था कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के संबंध 3C (कॉमनवेल्थ, क्रिकेट, करी) पर आधारित है। उसके बाद कहा गया कि भारत और ऑस्ट्रेलिया का संबंध 3D (डेमोक्रेसी, डायसपोरा, दोस्ती) पर आधारित है। इसके बाद में कुछ लोगों ने यह भी कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया का संबंध 3E (एनर्जी, इकोनॉमी, एजुकेशन) पर आधारित है। लेकिन आज भारत-ऑस्ट्रेलिया के ऐतिहासिक संबंधों का आधार है- Mutual Trust और Mutual Respect, जो करोड़ों लोगों को परस्पर जोड़ता है।ऑस्ट्रेलिया के लोगों को भी भारत की विविधता के रंग खूब भाते हैं
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बनीज ने अपने संबोधन में पीएम मोदी की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि मोदी बॉस हैं। पीएम मोदी ने भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों से लेकर क्रिकेट तक पर बात की। जहां उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान भारत द्वारा चलाए गए सबसे बड़े वैक्सिनेशन अभियान का जिक्र करके भारत के बढ़ते कद को दुनिया को दिखाया वहीं, 2014 में के वादे का हवाला देकर बिना नाम लिए कांग्रेस पर तंज भी कसा। उन्होंने कहा कि ये जानकर भी बहुत अच्छा लगा कि यहां आपने आजादी का अमृत महोत्सव भी बहुत धूम-धाम से मनाया है। अब तो ग्रेटर सिडनी में इंडिया परेड भी शुरू होने जा रही है। पीएम ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के विशाल हृदय के लोग इतने अच्छे और सच्चे हैं कि भारत की इस विविधता को खुले दिल से स्वीकारते हैं। यही वजह है कि ‘पैरामाटा स्कवायर’, किसी के लिए परमात्मा चौक बन जाता है। ‘विग्रम स्ट्रीट’ भी ‘विक्रम’ स्ट्रीट के रूप में मशहूर हो जाती है। और ‘हैरिस पार्क’ कई लोगों के लिए ‘हरीश’ पार्क हो जाता है। मैंने सुना है कि इस पार्क में, चटकाज की चाट, जयपुर स्वीट्स की जलेबी का कोई जवाब नहीं। वाकई, दिल्ली स्ट्रीट, बॉम्बे स्ट्रीट, कश्मीर एवेंन्यू, मालाबार एवेन्यू जैसी कितनी ही सड़कें यहां ऑस्ट्रेलिया में आपको भारत से जोड़े रखती हैं।

भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच क्रिकेट के रिश्तों को भी 75 वर्ष पूरे हो गए
प्रधानमंत्री मोदी ने क्रिकेट का जिक्र करते हुए कहा कि क्रिकेट के हमारे रिश्तों को भी 75 वर्ष पूरे हो गए हैं। क्रिकेट की फील्ड पर मुकाबला जितना रोचक होता है, उतनी ही गहरी ऑफ द फील्ड हमारी दोस्ती है। इस बार तो ऑस्ट्रेलिया की अनेक वीमेन क्रिकेट प्लेयर्स भी पहली बार भारत में आईपीएल खेलने आई थीं। और ऐसा नहीं है कि हम सिर्फ सुख के ही साथी हैं। अच्छा दोस्त तो दुख का भी साथी होता है। पिछले साल जब महान शेन वॉर्न का निधन हुआ, तो आस्ट्रेलिया के साथ कोटि-कोटि भारतीयों ने भी शोक मनाया। यह ऐसा था जैसे हमने अपना कोई खो दिया हो।दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे युवा टैलेंट फैक्ट्री जिस देश में है- वो भारत है
पीएम मोदी ने भारतवंशियों से कहा कि मैं जानता हूं कि आप सभी का एक सपना रहा है कि हमारा भारत भी विकसित राष्ट्र बने। ये मेरा भी और हर भारतीय का सपना है। भारत के पास सामर्थ्य की कमी नहीं है, भारत के पास संसाधनों की कमी नहीं है। ये भारतीय टेलेंट है जो आज अनेक फॉर्च्यून Five Hundred कंपनियों में CEO बना हुआ है। आज दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे युवा टैलेंट फैक्ट्री जिस देश में है- वो है- India. कोरोना की इस ग्लोबल पेंडेमिक में जिस देश ने दुनिया का सबसे तेज वैक्सीनेशन प्रोग्राम चलाया, वो देश है…India. आज जो देश दुनिया की fastest growing large economy है,वो है….India. आज जो देश दुनिया में No.1 smartphone data consumer है,वो है….India. आज जो देश fintech adoption rate में नंबर वन है,वो है…India. आज जो देश, milk production के मामले में दुनिया में नंबर वन है, वो देश है…India और अब जो देश, अगले 25 साल में विकसित होने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है, वो देश भी India ही है।

बीते 9 वर्षों में 28 लाख करोड़ सीधे जरूरतमंदों के बैंक खातों में भेजे गए
पीएम मोदी ने कहा कि आज IMF भारत को Global Economy का bright spot मानता है। वर्ल्ड बैंक का विश्वास है कि global headwinds (हैड-विन्डस) को अगर कोई चुनौती दे रहा है तो वो भारत है। दुनिया में 100 साल में आए सबसे बड़े संकट के बीच भारत ने बीते वर्ष रिकॉर्ड एक्सपोर्ट किया है। उन्होंने कहा कि भारत ग्लोबल गुड के लिए कैसे काम कर रहा है, इसका उदाहरण हमारा डिजिटल स्टैक है। आप सभी भारत के फिनटैक रिवोल्यूशन से भली-भांति परिचित हैं। मेरा सपना था कि भारत में गरीब से गरीब का अपना बैंक खाता हो। आपको यह जानकर गर्व होगा कि पिछले 9 वर्ष में हमने करीब 50 करोड़ भारतीयों के यानि करीब Five Hundred मिलियन बैंक अकाउंट खोले हैं। इसने भारत में पब्लिक सर्विस डिलिवरी के पूरे इकोसिस्टम को ट्रांसफॉर्म कर दिया है। हमने जनधन बैंक अकाउंट, मोबाइल फोन और आधार आईडी की एक JAM ट्रिनिटी बनाई है। बीते 9 वर्षों में 28 लाख करोड़ रुपए यानि Five Hundred बिलियन ऑस्ट्रेलियन डॉलर से भी ज्यादा सीधे जरूरतमंदों के बैंक अकाउंट्स में भेजे गए हैं। आज दुनिया के 40 प्रतिशत Real Time Digital Payments अकेले भारत में होते हैं। भारत का ये डिजिटल रेवोल्यूशन सिर्फ फिनटैक तक सीमित नहीं है। भारत आधुनिक व्यवस्थाएं बना रहा है, लोगों की Ease of Living बढ़ा रहा है।भारत हज़ारों वर्षों की जीवंत सभ्यता और मदर ऑफ डेमोक्रेसी है
पीएम मोदी ने कहा कि भारत हज़ारों वर्षों की जीवंत सभ्यता है। भारत, मदर ऑफ डेमोक्रेसी है। आज भारत के हर कदम, हर उपलब्धि के बारे में दुनिया जानना चाहती है। हम राष्ट्र को भी एक परिवार के रूप में देखते हैं और विश्व को भी एक परिवार मानते हैं। इसलिए, जब भारत अपनी G-20 presidency की थीम तय करता है, तो कहता है- One Earth, One Family, One Future. जब भारत, पर्यावरण की रक्षा के लिए, सोलर एनर्जी के बड़े लक्ष्य तय करता है, तो कहता है- One Sun, One World, One Grid. जब भारत वैश्विक समुदाय के स्वस्थ रहने की कामना करता है तो कहता है- One Earth, One Health. भारत वो देश है जिसने कोरोना के संकट में दुनिया के 150 से ज्यादा देशों को दवाइयां भेजीं। भारत वो देश है जिसने सौ से अधिक देशों को मुफ्त वैक्सीन भेजकर करोड़ों लोगों का जीवन बचाया। मानवता के हित में ऐसे ही कार्यों के कारण आज भारत को Force of Global Good कहा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास- ये हमारी डोमेस्टिक गवर्नेंस का भी आधार है और ग्लोबल गवर्नेंस के लिए भी यही विजन है।ब्रिस्बेन में भारतीय समुदाय के लिए एक नया काउंसिलेट खोला जाएगा
उन्होंने कहा कि आज भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच कई डायरेक्ट फ्लाइट्स हैं। बीते वर्षों में फ्लाइट्स की संख्या बढ़ी है। आने वाले दिनों में इनकी संख्या और बढ़ेगी। एक दूसरे देशों की डिग्रियों को मान्यता देने को लेकर भी दोनों देश आगे बढ़े हैं। इससे हमारे स्टूडेंट्स को लाभ होगा। Migration and Mobility Partnership Agreement पर भी सहमति बनी है। इससे हमारे स्किल्ड प्रोफेशनल्स के लिए ऑस्ट्रेलिया आना और यहां काम करना आसान होगा। पीएम मोदी ने कहा कि आज मैं आपके बीच आया हूं तो एक घोषणा भी करने जा रहा हूं। ब्रिसबेन में भारतीय समुदाय की बहुत समय से जो मांग थी, अब उसे पूरा किया जाएगा। जल्दी ही, ब्रिस्बेन मे, भारत का एक नया काउंसिलेट खोला जाएगा। भारत और ऑस्ट्रेलिया की गहरी होती पार्टनरशिप, मां भारती में आस्था रखने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सशक्त करेगी।

भारत आएं तो अपने ऑस्ट्रेलियाई मित्र और परिवार को भी साथ लाएं
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि आपके पास टेलेंट है, अपनी स्किल की ताकत है, और साथ ही अपने कल्चरल वैल्यूज भी हैं। ये वैल्यूज आपको ऑस्ट्रेलिया के लोगों के साथ घुल-मिलकर रहने में बड़ी भूमिका निभाते हैं। मैं अभी पापुआ न्यू गिनी से आया हूं। वहां मैंने स्थानीय भाषा में तमिल साहित्य ‘तिरुक्कुरल’ के अनुवाद का लोकार्पण किया। ये अनुवाद वहां भारतीय मूल के एक स्थानीय गवर्नर ने किया है। ये एक जीता-जागता उदाहरण है कि कैसे हम विदेश में रहते हुए भी अपनी जड़ों पर गर्व करते हैं। आप भी यहां ऑस्ट्रेलिया में भारतीय संस्कृति की खुशबू फैला रहे हैं। आप ऑस्ट्रेलिया में भारत के Cultural Ambassadors हैं, भारत के ब्रैंड Ambassadors हैं। इसलिए मैं आपसे यही आग्रह करूंगा कि जब भारत आएं, अपने किसी ऑस्ट्रेलियाई मित्र और उनके परिवार को भी अवश्य भारत लेकर आएं। इससे उन्हें भारत को समझने का, जानने का और ज्यादा बेहतर मौका मिलेगा।

Leave a Reply