Home समाचार प्रधानमंत्री राजस्थान को देंगे 79,450 करोड़ की सौगात, करेंगे देश के पहले...

प्रधानमंत्री राजस्थान को देंगे 79,450 करोड़ की सौगात, करेंगे देश के पहले ग्रीनफील्ड रिफाइनरी-पेट्रोरसायन परिसर का उद्घाटन

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 अप्रैल 2026 को राजस्थान को विकास की एक बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी सुबह 11.30 बजे के करीब बालोतरा के पचपदरा में देश के पहले ‘ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड रिफाइनरी सह पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स’ का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

यह ऐतिहासिक कदम देश की ऊर्जा सुरक्षा के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इस रिफाइनरी को 79,450 करोड़ रुपये से ज्यादा के भारी-भरकम निवेश के साथ तैयार किया गया है। यह हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) और राजस्थान सरकार का एक साझा प्रोजेक्ट है। इसकी क्षमता सालाना 9 मिलियन मीट्रिक टन है, जो इसे देश की सबसे आधुनिक रिफाइनरियों में शामिल करती है।

पचपदरा का यह परिसर आधुनिक तकनीक से लैस है। यह रिफाइनरी न केवल पेट्रोलियम उत्पादों का उत्पादन करेगी बल्कि पेट्रोरसायन क्षेत्र में भी बड़ा योगदान देगी। इसकी पेट्रोरसायन उत्पादन क्षमता 2.4 मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष है। खास बात यह है कि इसका नेल्सन कॉम्प्लेक्सिटी इंडेक्स 17.0 है, जो इसे दुनिया के सबसे बेहतरीन और टिकाऊ रिफाइनरी मानकों के बराबर खड़ा करता है। इसका पेट्रोरसायन उत्पादन 26 प्रतिशत से अधिक है, जो दक्षता और स्थिरता के वैश्विक मानकों के अनुरूप है।

इस रिफाइनरी के शुरू होने से न केवल देश की पेट्रोकेमिकल सेक्टर में आत्मनिर्भरता बढ़ेगी, बल्कि राजस्थान में औद्योगिक विकास को भी नई रफ्तार मिलेगी। इस परियोजना के आसपास पेट्रोरसायन और प्लास्टिक पार्क विकसित होने की भी संभावना है, जिससे कई सहायक उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। इससे क्षेत्र में हजारों नए रोजगार पैदा होंगे और प्लास्टिक व सहायक उद्योगों के लिए नए दरवाजे खुलेंगे।

Leave a Reply