Home समाचार प्रधानमंत्री मोदी 22 दिसंबर को करेंगे भारतीय अंतरराष्‍ट्रीय विज्ञान महोत्सव को संबोधित

प्रधानमंत्री मोदी 22 दिसंबर को करेंगे भारतीय अंतरराष्‍ट्रीय विज्ञान महोत्सव को संबोधित

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल, 22 दिसंबर को शाम 4.30 बजे वीडियो कॉन्‍फ्रेंसिंग के जरिए भारतीय अंतरराष्‍ट्रीय विज्ञान महोत्सव 2020 (IISF) को संबोधित करेंगे। इस साल के भारतीय अंतरराष्‍ट्रीय विज्ञान महोत्सव की थीम स्वावलंबी भारत और वैश्विक कल्याण के लिए विज्ञान है।

समाज में वैज्ञानिक मनोवृत्ति को प्रोत्साहन देने के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय और पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय ने विजनाना भारती के साथ मिलकर भारतीय अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव की शुरुआत की थी। 2015 में शुरू किए गए इस महोत्सव का मकसद समाज में विज्ञान व तकनीक को बढ़ावा देना है।

इस महोत्सव का उद्देश्य जनता को विज्ञान से जोड़ना, विज्ञान की खुशी को मनाना और यह दिखाना कि कैसे विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (एसटीईएम) जीवन में सुधार के लिए समाधान उपलब्ध करा सकते हैं।

आईआईएसएफ 2020 का लक्ष्य वैज्ञानिक ज्ञान, रचनात्मकता, गहन सोच, समस्या समाधान और टीमवर्क पर जोर के साथ युवाओं में 21वीं सदी के कौशल का विकास है। इसका दीर्घकालिक लक्ष्य वैज्ञानिक क्षेत्र में अध्ययन और कार्य के लिए विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना है।

22 दिसंबर से शुरू होने वाले इस महोत्‍सव का आयोजन विश्व विख्यात भारतीय गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजम की जयंती के मौके पर किया जाता है जो 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती तक चलता है। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री डॉ. हर्ष वर्धन भी उपस्थित रहेंगे।

Leave a Reply