Home समाचार जिस बात का देश को पिछले कई दशकों से इंतजार था, वो...

जिस बात का देश को पिछले कई दशकों से इंतजार था, वो सपना अब सच हुआ है- प्रधानमंत्री मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि जिस बात का देश को पिछले कई दशकों से इंतजार था, वो सपना अब सच हुआ है। उन्होंने कहा कि कभी-कभी किसी निर्णय में देश के भाग्य को बदलने की क्षमता होती है। आज हम सभी ऐसे ही एक निर्णय के साक्षी बने हैं। शुक्रवार, 22 सितंबर को बीजेपी मुख्‍यालय में आयोजित कार्यक्रम में देश की महिला शक्ति को लोकसभा और राज्यसभा में नारी शक्ति वंदन विधेयक पारित होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि मैं आज देश की हर माता को, बहन को, बेटी को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। कल और परसो हम सबने एक नया इतिहास बनते देखा है और हम सबका सौभाग्य है कि ये इतिहास बनाने का अवसर कोटि-कोटि जनों ने हमें दिया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आने वाली अनेकों पीढ़ियों तक इस निर्णय और इस दिवस की चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि संसद के दोनों सदनों द्वारा ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ रिकॉर्ड मतों से पारित किया जा चुका है। जिस बात का देश को पिछले कई दशकों से इंतजार था, वो सपना अब सच हुआ है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हर नारी का आत्मविश्वास आसमान छू रहा है। पूरे देश की माताएं, बहनें और बेटियां आज खुशी मना रही हैं, हम सबको आशीर्वाद दे रही हैं। कोटि-कोटि माताओं, बहनों के सपने को पूरा करने का सौभाग्य हमारी भाजपा सरकार को मिला है। इसलिए राष्ट्र को सर्वप्रथम मानने वाली पार्टी के रूप में, भाजपा कार्यकर्ता के रूप में, एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में ये हमारे लिए गर्व का विषय है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम कोई सामान्य कानून नहीं है। ये नए भारत की नई लोकतांत्रिक प्रतिबद्धता का उद्घोष है। ये अमृतकाल में सबका प्रयास से विकसित भारत के निर्माण की तरफ बढ़ा कदम है। लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी के लिए, इस कानून के लिए बीजेपी तीन दशक से प्रयास कर रही थी। ये हमारा कमिटमेंट था। इसे हमने पूरा करके दिखाया है। राह में तरह-तरह की बाधाएं थी लेकिन जब नीयत पवित्र होती है, प्रयासों में पारदर्शिता होती है तो परेशानियों को भी पार करके भी परिणाम लाती है।

उन्होंने कहा कि भारत को विकसित बनाने के लिए, आज भारत नारी शक्ति को खुला आसमान दे रहा है। आज देश, माताओं-बहनों-बेटियों के सामने आने वाली हर अड़चन को दूर कर रहा है। बीते 9 वर्षों में हमने माताओं-बहनों से जुड़ी हर बंदिश को तोड़ने का प्रयास किया है। हमारी सरकार ने एक के बाद एक ऐसी योजनाएं बनाई, ऐसे कार्यक्रम शुरू किए हैं, जिससे हमारी बहनों को सम्मान, सुविधा, सुरक्षा और समृद्धि का जीवन मिले।

देश भर से बीजेपी मुख्यालय पहुंची महिला प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का दोनों सदनों से पास होना, इस बात का भी साक्षी है कि जब पूर्ण बहुमत वाली स्थिर सरकार होती है, तो देश कैसे बड़े फैसले लेता है, बड़े पड़ावों को पार करता है। पूर्ण बहुमत वाली स्थिर सरकार है तो ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ एक सच्चाई बन गया है।

उन्होंने कहा कि इसके पहले जब भी ये बिल संसद में आया तो लीपा-पोती हुई। सिर्फ नाम दर्ज कराए गए लेकिन निष्ठापूर्वक कभी प्रयास नहीं हुआ। कल सब लोगों ने वोट तो दिया लेकिन उन्हें इस बात से तकलीफ थी कि ‘नारी शक्ति वंदन’ शब्द क्यों लाया गया है, क्या देश की महिलाओं को वंदन नहीं किया जाना चाहिए? इस कानून ने साबित किया है कि देश को आगे ले जाने के लिए पूर्ण बहुमत वाली सरकार बहुत आवश्यक है।

Leave a Reply Cancel reply