प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत जल्द ही पांच लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था के साथ आने वाले वर्षों में पूरी दुनिया के विकास का इंजन बनेगा। 22 अगस्त, 2023 को दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, वैश्विक अर्थव्यवस्था में उथल-पुथल के बावजूद, भारत आज विश्व की सबसे तेजी से बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्था है। जल्दी ही भारत पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा। इस बात में कोई संदेह नहीं है, कि आने वाले वर्षों में भारत विश्व का ग्रोथ इंजन रहेगा।
ब्रिक्स बिजनेस फोरम लीडर्स डायलॉग में प्रधानमंत्री ने कहा कि यह इसलिए है क्योंकि भारत ने आपदा और मुश्किलों के समय को आर्थिक सुधार के अवसर में परिवर्तित किया। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में हमने मिशन मोड में जो रिफॉर्म्स किए हैं, उनसे भारत में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में लगातार वृद्धि हुई है। हम रेड टेप को हटाकर हम रेड कारपेट बिछा रहे हैं। रक्षा और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्र, जिनको प्रतिबंधित माना जाता था, आज प्राइवेट सेक्टर के लिए खोल दिए गए हैं। हमने पब्लिक सर्विस डिलिवरी और गुड गवर्नेंस पर विशेष रूप से ध्यान केन्द्रित किया है।
उन्होंने कहा कि आज भारत में स्ट्रीट वेंडर्स से लेकर बड़े बड़े शॉपिंग मॉल्स तक UPI का इस्तेमाल किया जाता है। आज विश्व के सबसे अधिक डिजिटल लेनदेन वाला देश भारत है। यूएई, सिंगापुर, फ्रांस जैसे देश इस प्लेटफार्म से जुड़ रहे हैं। ब्रिक्स देशों के साथ भी इस पर काम करने की अनेक संभावनाएं हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘आज भारत में विश्व का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम है। भारत में इस समय सौ से भी अधिक यूनिकॉर्न हैं। आईटी, टेलीकॉम फिनटेक, एआई और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में हम “मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड” के विजन को आगे बढ़ा रहे हैं। इन सभी प्रयासों का सामान्य जन के जीवन पर प्रत्यक्ष रूप से सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। पिछले नौ वर्षों में लोगों की आय में लगभग तीन गुना वृद्धि हुई है। मैं आप सभी को भारत की विकास यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित करता हूं।’