प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उनकी सरकार ने रोजगार के मोर्चे पर भी बड़ी सफलता अर्जीत की है। मोदी सरकार ने केंद्रीय सेवाओं में नौकरी देने और प्रमोशन के मामले में यूपीए सरकार को पीछे छोड़ दिया है। केंद्रीय कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने रोजगार को लेकर हाय-तौबा मचाने वाली कांग्रेस और तमाम विपक्षी दलों को आईना दिखाया है। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद पिछले नौ सालों में केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में नौ लाख से अधिक लोगों की भर्ती गई गई है, जबकि यूपीए शासन के पहले नौ वर्षों के दौरान केवल छह लाख लोगों की भर्ती की गई थी। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने यूपीए सरकार की तुलना में ज्यादा लोगों को पदोन्नति दी है।
मंगलवार (26 सितंबर, 2023) को नेशनल मीडिया सेंटर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित ‘रोजगार मेले’ को संबोधित करते हुए जितेंद्र सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “यूपीए शासन (कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन) के पहले नौ वर्षों के दौरान, मुश्किल से छह लाख सरकारी नौकरियां दी गईं थी। आपके (पीएम मोदी के) कार्यकाल में, नौ लाख से अधिक पदों पर भर्ती की गई है।”
जितेंद्र सिंह ने कहा कि ना सिर्फ रोजगार देने के मामले में, बल्कि प्रमोशन के मामले में भी जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। बीजेपी सरकार ने बड़े पैमाने पर पदोन्नति दी और बैकलॉग को भरने का काम किया है। उन्होंने कहा कि अगर हम अकेले केंद्रीय सचिवालय सेवा (सीएसएस) को देखें, तो यूपीए के शासन की तुलना में आपके (पीएम मोदी) नेतृत्व में पदोन्नति में 160 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। आगे उन्होंने कहा कि यूपीए शासन में कुछ लोग जिस पद पर भर्ती हुए थे, उसी पद से सेवानिवृत्त हो जाते थे, जिससे वे हतोत्साहित थे।
जितेंद्र सिंह ने कहा कि रोगार का मतलब सिर्फ सरकारी नौकरी नहीं है। बीजेपी सरकार में न केवल नौकरियां पैदा हुई हैं, बल्कि प्रधानमंत्री ने युवाओं में जागरूकता भी पैदा की है। प्रधानमंत्री के “जॉब सीकर नहीं, जॉब क्रियेटर बनें” के मंत्र का असर अब दिखाई दे रहा है। स्टार्ट-अप की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने बताया कि देश में स्टार्ट-अप की संख्या लगभग 350-400 से बढ़कर 1.25 लाख हो गई है। अंतरिक्ष क्षेत्र में निजी क्षेत्र के प्रवेश से स्टार्ट अप की संख्या चार से बढ़कर 150 हो गई है। चंद्रयान -3 की सफलता से अंतरक्षि के क्षेत्र में युवाओं की रूचि बढ़ी है। नए स्टार्ट-अप भी आकर्षित हो रहे हैं।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार (26 सितंबर, 2023) को 9वें रोजगार मेले के तहत 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिया। इन युवाओं को पिछले कुछ दिनों में केंद्र सरकार के अलग-अलग विभागों में भर्ती किया गया था। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले नौ साल में इनोवेटिव तरीके से बड़े बदलाव हुए हैं। तकनीक का इस्तेमाल बढ़ने से भ्रष्टाचार घटा है और सुविधाएं बढ़ी हैं। इससे पहले 8वां रोजगार मेला 28 अगस्त को आयोजित किया गया था, जिसमें 51 हजार 106 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए थे।
आइए देखते हैं किस तरह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नेतृत्व में केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देश में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़े हैं…
कर्मचारी राज्य बीमा निगम की सामाजिक सुरक्षा योजना में जून, 2023 में करीब 20.27 लाख नए सदस्य शामिल हुए है। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO) की ओर से जारी एक रिपोर्ट के अनुसार, कर्मचारी राज्य बीमा निगम की योजनाओं से सकल रूप से वित्त वर्ष 2022-23 में 1.67 करोड़ नए सदस्य जुड़े हैं। 2021-22 में 1.49 करोड़ लोग जुड़े जबकि 2020-21 में 1.15 करोड़ नए सदस्य जुड़े थे। आंकड़ों के अनुसार, इसके पहले वित्त वर्ष 2019-20 में 1.51 करोड़, 2018-19 में 1.49 करोड़, जबकि सितंबर, 2017 से लेकर मार्च, 2018 के बीच करीब 83.35 लाख सदस्य जुड़े थे।
जून में 20.27 लाख नए सदस्य जुड़े
कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) की ओर से जारी पेरोल डाटा के अनुसार जून, 2023 में 20.27 लाख नए कर्मचारी जोड़े गए हैं। जून, 2023 के महीने में लगभग 24,298 नए संस्थानों को रजिस्टर्ड किया गया।
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) से जुड़ने वाले नए सदस्यों की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई है। ईपीएफओ की ओर से जारी पेरोल डेटा के अनुसार ईपीएफओ ने मई, 2023 के दौरान कुल 16.30 लाख नए ग्राहक बनाए हैं। मई, 2023 के महीने में लगभग 3,673 नए संस्थानों को रजिस्टर्ड किया गया और ईपीएफओ के सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाया गया है, जिससे अधिक कवरेज सुनिश्चित होती है।
मई में जुड़े 16.30 लाख सदस्यों में से 8.83 लाख नए सदस्य हैं, जोकि पिछले छह महीनों के दौरान सबसे अधिक हैं। इसमें 18 से 25 वर्ष के आयु वर्ग के लोगों की संख्या लगभग 56.42 प्रतिशत है। यह दिखाता है कि संगठित क्षेत्र के कार्यबल में रोजगार के इच्छुक बहुत से लोग पहली बार बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं। मई माह के दौरान 3.15 लाख नए महिला पेरोल जोड़े गए। इसमें से 2.21 लाख नई महिला सदस्य हैं।