Home समाचार पीएम मोदी ने की राष्ट्रपति ट्रंप से बात: भारत-अमेरिका रिश्तों में नई...

पीएम मोदी ने की राष्ट्रपति ट्रंप से बात: भारत-अमेरिका रिश्तों में नई सुबह: टैरिफ कटौती से दोस्ती को मिली रफ्तार

SHARE

सोमवार शाम भारत और अमेरिका के रिश्तों में एक नई और सुनहरी इबारत लिखी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2 फरवरी को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर बातचीत की। इस बातचीत ने आम लोगों के साथ भारतीय व्यापारियों के लिए खुशियों का रास्ता खोल दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि अब अमेरिका में भारतीय उत्पादों पर लगने वाले टैरिफ को घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है। पीएम मोदी ने इसे एक शानदार घोषणा बताते हुए भारत की 1.4 अरब जनता की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप का दिल से शुक्रिया अदा किया।

फाइल फोटो

प्रधानमंत्री ने इसे भारत-अमेरिका आर्थिक रिश्तों के लिए बड़ा कदम बताया। उन्होंने साफ कहा कि जब दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और सबसे बड़े लोकतंत्र साथ मिलकर काम करते हैं, तो इसका सीधा फायदा लोगों को मिलता है। साथ ही, सहयोग के नए और बड़े मौके भी खुलते हैं। वैश्विक मुद्दों पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया में शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का नेतृत्व बेहद अहम है।

प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति ट्रंप को अपना ‘प्रिय मित्र’ बताते हुए कहा कि वह भारत-अमेरिका की साझेदारी को ऐसे स्तर तक ले जाने के लिए तैयार हैं, जिसे पहले कभी नहीं देखा गया। उनका कहना था कि आने वाले समय में यह दोस्ती तकनीक, व्यापार और सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में नए रिकॉर्ड बनाएगी।

राष्ट्रपति ट्रंप ने भी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘Truth Social’ पर इस डील को लेकर अपनी खुशी जाहिर की है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को एक ‘महान नेता’ और ‘सच्चा दोस्त’ बताया। ट्रंप ने लिखा कि भारत के साथ व्यापारिक रिश्तों को सुधारना उनकी प्राथमिकता रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस समझौते के तहत अमेरिकी पारस्परिक टैरिफ 25 प्रतिशत से घटकर 18 प्रतिशत हो जाएगा।

राष्ट्रपति ने इस समझौते को ऊर्जा सहयोग और भू-राजनीतिक लक्ष्यों से जुड़ा एक बड़ा बदलाव बताया। उन्होंने साफ संकेत दिए कि यह समझौता सिर्फ शुरुआत है। उन्होंने लिखा कि दोनों देश अब निष्पक्ष और संतुलित व्यापार की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और मिलकर वे काम करेंगे, जो पहले कभी नहीं हुए।

प्रेसिडेंट ट्रंप ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच व्यापार, रूस-यूक्रेन युद्ध और ऊर्जा आपूर्ति सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। जानकारों का मानना है कि ट्रंप के इस रुख से अब भारतीय कपड़ा, आईटी और ऑटोमोबाइल सेक्टर को अमेरिकी बाजारों में और भी मजबूत पकड़ बनाने में मदद मिलेगी। कुल मिलाकर पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की यह बातचीत भारत-अमेरिका संबंधों को नई ऊंचाई पर ले जाती दिख रही है और वैश्विक बाजार को भी एक मजबूत और सकारात्मक संदेश दे रही है।

Leave a Reply