Home समाचार प्रधानमंत्री मोदी ने 5 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को दिखाई हरी झंडी,...

प्रधानमंत्री मोदी ने 5 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, बिहार-झारखंड को भी मिली सौगात

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज, 27 जून को मध्यप्रदेश के भोपाल से पांच नई वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। प्रधानमंत्री मोदी ने भोपाल से रानी कमलापति-जबलपुर वंदे भारत एक्सप्रेस, भोपाल-इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस, गोवा मडगांव-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस, धारवाड़-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस और पटना- रांची वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही तीन राज्यों गोवा, बिहार और झारखंड को पहली वंदे भारत ट्रेन मिली।

मध्य प्रदेश को एक साथ दो वंदे भारत ट्रेन मिली। रानी कमलापति भोपाल-जबलपुर वंदे भारत एक्सप्रेस मध्य प्रदेश के महाकौशल इलाके को राजधानी भोपाल से कनेक्ट करेगी। इसके अतिरिक्त, बेहतर कनेक्टिविटी से क्षेत्र के पर्यटन स्थलों को भी लाभ होगा। इनमें भेड़ाघाट, पंचमढ़ी और सतपुड़ा शामिल है।

इसी तरह रानी कमलापति भोपाल- इंदौर, वंदे भारत एक्सप्रेस मध्य प्रदेश के दो महत्वपूर्ण शहरों के बीच सरल और त्वरित यात्रा की सुविधा प्रदान करेंगी तथा क्षेत्र में सांस्कृतिक, पर्यटन एवं धार्मिक स्थानों की कनेक्टिविटी में सुधार लाएंगी। यह वंदे भारत एक्सप्रेस राज्य के मालवा और बु्ंदेलखंड को भोपाल से जोड़ेगी। इससे महाकालेश्वर, मांडू, महेश्वर, खजुराहो और पन्ना जाने वाले यात्रियों को फायदा होगा।

धारवाड़-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस कर्नाटक-धारवाड़ और हुबली में महत्वपूर्ण शहरों को राज्य की राजधानी बेंगलुरु से जोड़ेगी। नई वंदे भारत एक्सप्रेस धारवाड़, हुबली और दावणगेरे को बेंगलुरु से जोड़ेगी। इससे क्षेत्र के पर्यटकों, छात्रों, उद्योगपतियों के साथ अन्य लोगों को लाभ होगा।

रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस झारखंड और बिहार के लिए पहली वंदे भारत रेलगाड़ी है। पटना और रांची के बीच कनेक्टिविटी को बढ़ाने वाली यह रेलगाड़ी पर्यटकों, छात्रों और व्यवसायियों के लिए वरदान साबित होगी। इस वंदे भारत ट्रेन का स्‍टापेज गया, कोडरमा, हजारीबाग रोड, पारसनाथ और बोकारो स्टील सिटी में रहेगा। यह ट्रेन पटना और रांची से मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी।

इसके साथ ही गोवा को भी पहली वंदे भारत ट्रेन मिली है। मडगांव-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और गोवा के मडगांव स्टेशन के बीच दौड़ेगी। यह इस रूट पर अभी चलने वाली ट्रेनों की तुलना में एक घंटा कम समय लेगी। इससे गोवा और महाराष्ट्र दोनों के ही पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply Cancel reply